Vitiligo Problem: जहां जीवन है, वहां बीमारियों का होना स्वाभाविक है. क्योंकि, मानव शरीर की प्रकृति में उतार-चढ़ाव और बाहरी प्रभाव होते हैं. खराब जीवनशैली, जैसे असंतुलित खान-पान और शारीरिक निष्क्रियता, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा और हृदय रोग जैसी कई बीमारियों का कारण बनती हैं. आजकल एक परेशानी खूब देखने को मिलती है और वो है स्किन पर सफेद दाग होना. यह ऐसी बीमारी है, जो आपकी खूबसूरती को बिगाड़ सकती है. इससे निजात पाने के लिए लोग तमाम महंगी दवाओं का सेवन करते हैं, लेकिन इनके कुछ साइड इफेक्ट भी हो सकते हैं. ऐसे में परेशानी से बचाव के लिए कुछ घरेलू उपाय अधिक कारगर हो सकते हैं. अब सवाल है कि आखिर स्किन पर सफेद दाग क्यों हो जाते हैं? क्या है सफेद दाग की बीमारी? इससे बचाव के लिए क्या करें? आइए जानते हैं इस बारे में-
क्या है सफेद दाग की बीमारी
क्लीवलैंड क्लीनिक की रिपोर्ट के मुताबिक, सफेद दाग यानी विटिलिगो एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें शरीर की त्वचा के कुछ हिस्सों में मेलानिन नामक रंग बनाने वाली कोशिकाएं नष्ट हो जाती हैं, जिससे त्वचा पर सफेद दाग पड़ जाते हैं. त्वचा के जिन हिस्सों में रंगद्रव्य कम होता है, उन्हें मैक्यूल्स कहा जाता है. कुछ प्रकार के फंगल संक्रमण जैसे टीनिया वर्सीकलर (Tinea Versicolor) भी त्वचा पर सफेद या हल्के रंग के दाग पैदा कर सकते हैं. शरीर के जिस हिस्से में विटिलिगो होता है वहां के बाल सफेद या चांदी जैसे हो सकते हैं. वैसे तो यह बीमारी किसी भी उम्र में हो सकती है, लेकिन मुख्य रूप से बच्चों और किशोरों में देखी जाती है.
विटिलिगो होने पर क्या करें
विटिलिगो आमतौर पर कुछ छोटे सफेद धब्बे या धब्बों से शुरू होता है जो धीरे-धीरे आपके पूरे शरीर में फैल सकते हैं. अगर आपको शरीर पर सफेद दाग हो रहे हैं और ये बढ़ रहे हैं या खुजली, जलन जैसी समस्या हो रही है, तो स्किन के डॉक्टर से जांच कराना सही रहेगा. वे सही कारण बताकर उचित इलाज कर सकते हैं. बता दें कि, विटिलिगो विश्व भर में 1% से अधिक जनसंख्या में पाया जाता है.
शरीर पर सफेद दाग से बचाव के घरेलू नुस्खे
दही खाएं: दही और प्रोबायोटिक्स में अच्छे बैक्टीरिया की मौजूदगी होती है, जो कई फंगल संक्रमणों को दूर रखने में मदद कर सकते हैं. ये उन रोगाणुओं से लड़ते हैं, जो इन संक्रमणों का कारण बन सकते हैं. यदि किसी को इस तरह की दिक्कत है तो दही का सेवन कर सकते हैं.
टी ट्री ऑयल: फंगस संक्रमण होने पर टी ट्री ऑयल का यूज किया जा सकता है. बता दें कि, इसमें एंटीफंगल और जीवाणुरोधी गुण होते हैं, जो परेशानी से राहत दिलाते हैं. इसके लिए बराबर मात्रा में टी ट्री ऑयल और नारियल का तेल या फिर जैतून तेल लें. फिर प्रभावित हिस्से पर लगाएं.
नारियल तेल: नारियल तेल में मौजूद एंटी-फंगल गुण शरीर से सफेद दाग की परेशानी को कुछ ही दिनों में दूर करने में असरदार माने जाते हैं. इसके साथ ही यह स्कैल्प दाद के लिए भी उपयोगी माना जाता है. इसका प्रयोग फंगल संक्रमण वाले स्थान पर आप दिन में 4-5 बार करें.
एप्पल साइडर विनेगर: इसमें एंटी-फंगल गुण होते हैं, जो इन दागों से छुटकारा दिला सकते हैं. इसके लिए आप 1 गिलास गर्म पानी लें. अब इसमें 2 बड़े चम्मच एप्पल साइडर विनेगर मिक्स करें. इसके बाद इसमें रुई डुबोकर संक्रमण प्रभावित जगह पर लगाएं.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य जानकारी पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)