25 सितंबर का राशिफल: कर्क राशि वालों के प्रमोशन के योग बनेंगे और तुला राशि के लोगों को चिंता से राहत मिलेगी

  • Hindi News
  • Jeevan mantra
  • Jyotish
  • Aaj Ka Rashifal (Horoscope Today)| Daily Rashifal Thursday (25 September 2025), Daily Zodiac Forecast: Singh Rashi, Kanya, Aries, Taurus, Gemini Cancer Libra, And Other Signs

8 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

25 सितंबर, गुरुवार के ग्रह-नक्षत्र स्थिर योग बना रहे हैं। जिससे मेष और कुंभ राशि वालों को आर्थिक फायदा होने के योग हैं। कर्क राशि वालों की पदोन्नति के योग बनेंगे। तुला राशि वालों को चिंता से राहत मिलेगी।

वृश्चिक राशि के लोगों को राजनीतिक संबंधों से फायदा होगा। धनु राशि वालों की प्रॉपर्टी से संबंधित डील हो सकती है। कुंभ राशि के लोगों को बड़ा ऑर्डर मिलने की संभावना है। इनके अलावा बाकी राशियों के लिए सामान्य दिन रहेगा।

एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा दिन…

मेष – पॉजिटिव: घर के बड़े सदस्यों के मार्गदर्शन से आपके पुराने खराब संबंधों में सुधार आएगा। धन से जुड़ी गतिविधियां सकारात्मक रहेंगी, जिससे आप शारीरिक और मानसिक रूप से अच्छा महसूस करेंगे। आप अपने रचनात्मक और पसंद के कामों को भी ठीक से कर पाएंगे। नेगेटिव: कोई सरकारी मामला चल रहा है, तो अनुभवी व्यक्ति से सलाह जरूर लें। इस समय कोई भी यात्रा करना परेशानी भरा रहेगा, इसलिए यात्रा की कोई योजना न बनाएं। मौज-मस्ती के साथ-साथ अपने कामों पर भी ध्यान देना जरूरी है।

करियर: व्यापार में इस समय और ज्यादा प्रचार करने की जरूरत है। हालांकि, काम करने के तरीके में बदलाव करके और नई तकनीक अपनाकर आप बेहतर नतीजे हासिल करेंगे। नौकरी में सहकर्मियों के साथ किसी तरह के वाद-विवाद में न पड़ें। लव: पति-पत्नी के आपसी संबंध मधुर रहेंगे, लेकिन प्रेम संबंधों में किसी तरह का शक पैदा हो सकता है। हेल्थ: मौसम के अनुसार अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित रखना जरूरी है। आयुर्वेदिक चीजों का ज्यादा से ज्यादा सेवन करें। भाग्यशाली रंग: नीला, भाग्यशाली अंक: 8

वृष – पॉजिटिव: आज कुछ पुराने दोस्तों से मिलने पर अच्छी यादें ताजा होंगी, जिससे मन को खुशी मिलेगी। आपकी कोई प्रॉपर्टी या किसी खास चीज की खरीद-बिक्री से जुड़ा काम हल होने वाला है, इसलिए पहले से ही उस पर पूरा काम करके रखें। नेगेटिव: अपनी आर्थिक गतिविधियों पर ज्यादा ध्यान दें। खर्चों के मामले में ज्यादा दरियादिली न दिखाएं और न ही दूसरों के मामले में दखल दें। हालांकि, आपके दिए गए सुझावों से काफी हद तक संबंधों में सुधार आएगा। पड़ोसियों के साथ तालमेल बनाए रखने में आपको पहल करनी होगी।

करियर: काम की जगह के विस्तार से जुड़ी योजनाएं लागू करने का यह सही समय है। इस समय आर्थिक पक्ष भी मजबूत रहेगा। लेकिन व्यावसायिक क्षेत्र में सारे फैसले खुद ही लें, किसी का दखल न होने दें। इससे काम में और ज्यादा सुधार आएगा। लव: जीवनसाथी के साथ छोटी सी बात पर नोकझोंक हो सकती है। संबंधों में तनाव न आने दें। लव पार्टनर के साथ मुलाकात का अवसर बनेगा। हेल्थ: ज्यादा तेल वाला भोजन खाने की वजह से पेट खराब रह सकता है। आयुर्वेदिक चीजों का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें। भाग्यशाली रंग: सफेद, भाग्यशाली अंक: 4

मिथुन – पॉजिटिव: सामाजिक या राजनीतिक मीटिंग में शामिल होने का अवसर मिल सकता है। इस मौके को तुरंत हासिल करें। किसी पारिवारिक यात्रा का भी कार्यक्रम बन सकता है। किसी काम को पूरी हिम्मत और लगन से करने पर मन के अनुसार नतीजे हासिल होंगे। नेगेटिव: लोगों की नकारात्मक बातों पर ध्यान न दें, वरना इस वजह से आपकी काम करने की क्षमता प्रभावित होगी। किसी करीबी संबंधी का स्वास्थ्य आपकी चिंता का कारण बन सकता है। अपने चिड़चिड़ेपन और उत्तेजित स्वभाव पर नियंत्रण रखना जरूरी है।

करियर: व्यावसायिक काम बिना रुकावट के पूरे होते जाएंगे। पैसे भी समय पर मिल जाएंगे। लेकिन अपने काम करने के तरीके को किसी के सामने भी साझा न करें, वरना कोई और इसका फायदा उठा सकता है। नौकरीपेशा लोगों का ऑफिस का माहौल तनाव मुक्त रहेगा। लव: पति-पत्नी के बीच कुछ मनमुटाव हो सकता है। प्रेम संबंध खुशनुमा बने रहेंगे। हेल्थ: स्वास्थ्य ठीक रहेगा, लेकिन घर के किसी सदस्य के बीमार होने की वजह से चिंता रह सकती है। भाग्यशाली रंग: हरा, भाग्यशाली अंक: 7

कर्क – पॉजिटिव: धर्म-कर्म के कामों में रुचि बढ़ेगी। आज करीबी लोगों से मुलाकात होगी, साथ ही किसी खास मुद्दे पर फायदेमंद बातचीत भी रहेगी। घर में सुधार से जुड़ी योजनाओं को लागू करते समय वास्तु से जुड़े नियमों का भी पालन करें। नेगेटिव: खर्चों का भार बना रहेगा। कहीं उधार दिया हुआ या रुका हुआ पैसा का कुछ हिस्सा वापस मिल सकता है। बहुत ज्यादा व्यस्तता के कारण आप घर पर आराम नहीं कर पाएंगे। तनाव लेने से कुछ हासिल नहीं होगा, हल निकालने का प्रयास करें।

करियर: वर्तमान समय में चल रहे व्यावसायिक कामों के साथ-साथ कुछ नए काम पर भी अपना ध्यान केंद्रित रखें। मीडिया और संबंधों के माध्यम से आपको व्यवसाय से जुड़ी काफी जानकारी मिलेगी। सरकारी कर्मचारियों को ज्यादा काम का बोझ मिलेगा। जल्दी ही तरक्की भी संभव है। लव: पारिवारिक सदस्य घर में आपसी प्रेम और सद्भाव की भावना रखें। प्रेम संबंधों को बनाए रखने के लिए कुछ समय और विश्वास दोनों जरूरी हैं। हेल्थ: स्वास्थ्य ठीक रहेगा। आपकी व्यवस्थित दिनचर्या और खान-पान आपको स्वस्थ और सकारात्मक रखेंगे। भाग्यशाली रंग: ऑरेंज, भाग्यशाली अंक: 8

सिंह – पॉजिटिव: बहुत दिनों से चल रहे किसी खास प्रयास में आज सफलता मिलेगी और काम मन के अनुसार तरीके से बन जाएगा। ऊर्जा और आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए आप कोशिश करते रहेंगे और आपकी काम करने की क्षमता में भी बढ़ोतरी होगी। युवाओं की कोई महत्वाकांक्षा पूरी होने वाली है। नेगेटिव: दोपहर बाद स्थितियां कुछ प्रतिकूल भी रहेंगी, इसलिए ज्यादा बहस में न उलझें और अपने गुस्से पर काबू रखें। घर के अनुभवी व्यक्ति की सलाह और मार्गदर्शन की अवहेलना बिल्कुल न करें। बैंकिंग कामों को आज टाल दें।

करियर: कारोबारी मामलों में मेहनत ज्यादा और नतीजे कम जैसी स्थिति रहेगी, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में धैर्य रखना ही सही है। नौकरी में भी कुछ न कुछ दिक्कतें चलती रहेंगी। उच्च अधिकारियों से मधुर संबंध रखें। लव: व्यस्तता के बावजूद घर परिवार के लिए कुछ समय जरूर निकालें। प्रेम संबंधों में भी एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना रखना जरूरी है। हेल्थ: महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सचेत रहना चाहिए। लापरवाही करने से समस्या बढ़ सकती है। भाग्यशाली रंग: बादामी, भाग्यशाली अंक: 4

कन्या – पॉजिटिव: आपकी योजनाबद्ध और अनुशासित तरीके से काम करने की प्रणाली आपको अपने कामों में सफलता देगी। घर के वरिष्ठ लोगों के साथ भी कुछ समय जरूर बिताएं। वरिष्ठ लोगों का सहयोग और आशीर्वाद आपके लिए बहुत फायदेमंद रहेगा। नेगेटिव: छोटी-छोटी बातों पर परेशान होना आपकी काम करने की क्षमता को प्रभावित करेगा, इसलिए अपनी इस कमजोरी पर नियंत्रण रखें। युवा ध्यान रखें कि मौज-मस्ती और दोस्तों के साथ बहुत ज्यादा समय बिताने से आप अपनी पढ़ाई और करियर का नुकसान कर सकते हैं।

करियर: व्यवसाय में मीडिया और विज्ञापन से जुड़े कामों पर ज्यादा ध्यान दें और लोगों से अपने संबंध और ज्यादा मजबूत करें। हालांकि, मेहनत के बाद भी उम्मीद के मुताबिक लाभ नहीं मिलेगा, लेकिन इस समय धैर्य रखना ही सही है। ऑफिस के माहौल में सकारात्मक बदलाव आएगा। लव: पारिवारिक और व्यावसायिक जीवन में उचित तालमेल बना रहेगा। प्रेम संबंधों में कुछ समय देना जरूरी है। हेल्थ: बहुत ज्यादा तनाव और व्यस्तता का असर ब्लड प्रेशर पर पड़ सकता है, इसका ध्यान रखें और नियमित जांच करते रहें। भाग्यशाली रंग: आसमानी, भाग्यशाली अंक: 6

तुला – पॉजिटिव: पिछले कुछ समय से चल रही किसी चिंता से राहत मिलेगी और आप अपने व्यक्तिगत कामों पर ध्यान दे पाएंगे। घर के बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद और स्नेह भी आप पर बना रहेगा। युवा अपने लक्ष्य के प्रति जागरूक रहें, निश्चित ही सफलता हासिल करेंगे। नेगेटिव: आय और खर्च में उचित तालमेल बनाकर रखें, वरना आर्थिक स्थिति से जुड़ी कुछ समस्याएं बन सकती हैं। कुछ नकारात्मक सोच वाले लोग आपके कामों में रुकावट डालने की कोशिश भी करेंगे, इसलिए ऐसे लोगों से संपर्क न रखें। जीवन में किसी तरह के अधूरेपन का एहसास रह सकता है।

करियर: व्यवसाय में किसी भी तरह के लेन-देन से जुड़ी गतिविधियों में सावधानी बरतें। कागजी कार्यवाही में किसी तरह का धोखा होने की आशंका है। करीबी लोगों के बजाय किसी अनजान व्यक्ति से मदद मिलना आपको हैरान कर देगा। लव: पति-पत्नी के आपसी संबंधों में मधुरता रहेगी, लेकिन पारिवारिक जीवन और प्रेम संबंधों में तालमेल बनाना बहुत बड़ी चुनौती रहेगी। हेल्थ: अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और व्यवस्थित दिनचर्या रखें। इससे आप स्वस्थ रहेंगे और खुद को ऊर्जावान महसूस करेंगे। भाग्यशाली रंग: लाल, भाग्यशाली अंक: 1

वृश्चिक – पॉजिटिव: वरिष्ठ लोगों के सहयोग और मार्गदर्शन से कई काम ठीक से पूरे कर पाएंगे। राजनीतिक संबंध भी मजबूत होंगे और फायदेमंद भी रहेंगे। किसी पारिवारिक सदस्य के करियर से संबंधित शुभ सूचना मिलने से खुशी भरा माहौल रहेगा। नेगेटिव: सफलता पाने के लिए हर संभव प्रयास भी जरूरी है। बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार रखें। ज्यादा डांट-फटकार बच्चों में हीन भावना पैदा कर सकती है। इसका नकारात्मक असर उनकी पढ़ाई पर भी पड़ेगा।

करियर: व्यवसाय में आंतरिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चल रहे प्रयास आज गति में आएंगे। विज्ञापन पर ध्यान दें और लोगों से अपने संबंध और ज्यादा मजबूत करें। सरकारी नौकरी में आपका कोई प्रोजेक्ट बेहतरीन तरीके से पूरा होगा। लव: दांपत्य जीवन में मधुरता रहेगी। अचानक ही किसी पुराने मित्र से मुलाकात खुशी और नई ऊर्जा प्रदान करेगी। हेल्थ: स्वास्थ्य उत्तम रहेगा, किसी तरह की भी चिंता न करें, लेकिन वर्तमान नकारात्मक माहौल से अपना बचाव करना बहुत जरूरी है। भाग्यशाली रंग: हरा, भाग्यशाली अंक: 9

धनु – पॉजिटिव: अनुभवी लोगों के मार्गदर्शन में कुछ नई जानकारियां मिलेंगी। प्रॉपर्टी से संबंधित कोई अच्छी डील भी संभव है। संतान के करियर से जुड़ी किसी समस्या को लेकर किसी खास व्यक्ति से सही सलाह और मदद मिलेगी, जिससे आपका तनाव भी दूर होगा। नेगेटिव: किसी के द्वारा कही गई कोई नकारात्मक बात आपको दुखी कर सकती है, इसका असर आपके स्वास्थ्य पर भी पड़ेगा। सब कुछ ठीक होते हुए भी कहीं न कहीं मन में बेचैनी जैसी स्थिति रहेगी। आय के साथ-साथ खर्च भी ज्यादा रहेगा।

करियर: व्यवसाय में आपकी योग्यता से हर काम योजनाबद्ध तरीके से पूरे होते जाएंगे। पारिवारिक व्यवसाय से जुड़े कामों में ज्यादा ध्यान दें। लेकिन विदेशी व्यवसाय में आज कोई खास सफलता मिलने वाली है। नौकरी में किसी वजह से बॉस की डांट सुननी पड़ सकती है। लव: किसी मेहमान के आने से जुड़ी शुभ खबर मिलने से घर में उत्सव का माहौल रहेगा। प्रेम संबंधों को मर्यादा पूर्ण रखें। हेल्थ: मौसम के अनुसार अपनी दिनचर्या रखें। बहुत ज्यादा व्यस्तता की वजह से सर्वाइकल और कंधों का दर्द बढ़ सकता है। भाग्यशाली रंग: पीला, भाग्यशाली अंक: 3

मकर – पॉजिटिव: अनुभवी और प्रभावशाली लोगों का मार्गदर्शन मिलेगा। आप अपने काम को नया रूप देने के लिए ज्यादा रचनात्मक तरीके अपनाएंगे और सफलता भी मिलेगी। खर्च के साथ-साथ आय में भी बढ़ोतरी होने से आर्थिक व्यवस्था बेहतर बनी रहेगी। नेगेटिव: गलतफहमी की वजह से कुछ वाद-विवाद की स्थिति बनेगी। अपनी जुबान पर काबू रखें। मनोरंजन से जुड़े कामों में ज्यादा खर्च होने के कारण बजट बिगड़ सकता है, इसलिए अपनी इच्छाओं पर कुछ नियंत्रण रखना जरूरी है।

करियर: व्यवसाय में स्टाफ से संबंधित चल रही समस्याओं का हल होगा और गतिविधियां आगे बढ़ेंगी। व्यापार में कोई नया एग्रीमेंट हो सकता है, लेकिन उसकी शर्तों का ध्यान से अध्ययन जरूर करें। नौकरी के लिए कोशिश कर रहे युवाओं के लिए कुछ उम्मीदें बन रही हैं। लव: पति-पत्नी आपसी संबंधों को बेहतर बनाने के लिए कुछ समय एक साथ जरूर बिताएं। घर का माहौल ठीक और व्यवस्थित बना रहेगा। हेल्थ: बहुत ज्यादा गरिष्ठ और मसालेदार खाने से परहेज रखें। एसिडिटी और जलन की समस्या बढ़ने से परेशानी रहेगी। भाग्यशाली रंग: केसरिया, भाग्यशाली अंक: 2

कुंभ – पॉजिटिव: पिछले कुछ समय से चल रही समस्या का समाधान मिलने से सुकून महसूस करेंगे। पैसों की आवक के लिहाज से आज का दिन सबसे अच्छा है। घर में सुधार करते समय वास्तु से जुड़े नियमों का पालन करना आपके लिए बहुत सही रहेगा। नेगेटिव: किसी को पैसा उधार देने की स्थिति बन रही है, तो पहले उसकी वापसी भी पक्की कर लें, क्योंकि पैसा फंस भी सकता है। ध्यान रखें कि दूसरों के मामले में दखल न दें और न ही बिना मांगे सलाह दें, वरना किसी के द्वारा आपकी मानहानि हो सकती है।

करियर: व्यावसायिक पार्टियों के साथ नजदीकी बढ़ेगी और कोई बड़ा ऑर्डर भी मिलने की संभावना बन रही है, इसलिए अपनी व्यावसायिक गतिविधियों पर बहुत ज्यादा ध्यान केंद्रित रखें। नौकरीपेशा लोगों को अपनी फाइलें और दस्तावेज संभालकर रखने की जरूरत है। लव: अपने बहुत व्यस्त समय में से कुछ समय परिवार के लिए भी बिताएं। इससे आपसी प्रेम और प्यार बना रहेगा। प्रेम संबंधों में मधुरता रहेगी। हेल्थ: ज्यादा मेहनत की वजह से सिर दर्द और माइग्रेन की समस्या हो सकती है। इसलिए व्यस्तता के साथ-साथ सही आराम भी लेना जरूरी है। भाग्यशाली रंग: नीला, भाग्यशाली अंक: 7

मीन – पॉजिटिव: हालांकि, यह समय कड़ी मेहनत और परीक्षा का है, लेकिन आप अपनी बेहतरीन काम करने की क्षमता से समाधान भी निकाल लेंगे। प्रभावशाली लोगों के साथ रहने से आपके व्यक्तित्व में भी निखार आएगा। युवाओं को अपने करियर से संबंधित कोई उपलब्धि मिलने वाली है। नेगेटिव: बेकार की बातों में समय बर्बाद न करके अपने कामों पर ध्यान दें। बेवजह के घमंड और गुस्से जैसी आदतें आपके बनते कामों में रुकावट डाल सकती हैं। पैसे के मामले में किसी पर भी आंख मूंदकर विश्वास न करें।

करियर: व्यावसायिक नजरिए से समय कुछ ठीक रहेगा, हालांकि कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन समय रहते समस्या हल भी हो जाएंगी और ऐसे में किसी बड़े अधिकारी या राजनेता से आपकी मुलाकात फायदेमंद साबित होगी। लव: वैवाहिक संबंधों में मनमुटाव का असर पारिवारिक सुख-शांति पर भी पड़ेगा। अपने अंदर परिपक्वता लाएं और शांतिपूर्ण तरीके से समस्याओं को सुलझाने का प्रयास करें। हेल्थ: स्वास्थ्य ठीक रहेगा। ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की नियमित जांच जरूर करवाएं। तनाव से दूर रहें। भाग्यशाली रंग: लाल, भाग्यशाली अंक: 3

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *