Last Updated:
Tips And Tricks: वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट अभिषेक बताते हैं कि सांप वहीं जाते हैं, जहां उन्हें चूहे और मेंढ़क का आहार मिलने की संभावना ज्यादा रहती है. ऐसे में आप इन घरेलू चीजों की मदद से इनको बाहर कर सकते हैं. जानिए क्या है एक्सपर्ट टिप्स.
सांप का नाम सुनकर ही अच्छे अच्छों की सिट्टी-पिट्टी गुम हो जाती है. हालांकि इस जीव को लेकर समाज में कई भ्रांतियां भी फैली हुई हैं. बारिश और गर्मी के दिनों में ये जीव अपने बिलों से बाहर निकल किसी ऐसी जगह की तलाश करने लगते हैं, जहां इन्हें बेहतर गर्मी और आहार मिल सके.

जानकार बताते हैं कि इंसानी घरों में जमा वस्तुओं की ढ़ेर, दीवारों में बनी सुराख और संकरे कोने सांपों के रहने की अच्छी जगह होती हैं. अब सवाल ये उठता है कि यदि कभी सांप आपकी घरों में घुस आता है, तो बचाव के लिए आपको क्या कुछ करना चाहिए.

अपने 25 वर्षों के असंभव के साथ वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट अभिषेक बताते हैं कि सांप वहीं जाते हैं, जहां उन्हें चूहे और मेंढ़क का आहार मिलने की संभावना ज्यादा रहती है. मछली जैसी गंध आती है और उनके रहने की पर्याप्त जगह होती है.

यदि आप इन चीजों पर ध्यान देना शुरू करते हैं, तो इन जीवों से सामना होने की संभावना बेहद कम हो जाती है. इसके अलावे घर और घर के आसपास लकड़ी, ईंट और अन्य पुरानी वस्तुओं का ढेर न लगने देना भी उनसे सामना होने की सम्भावना को कम करता है.

ज्यादातर लोग इस बात को नहीं जानते हैं कि आखिर सांप हमारे घरों में प्रवेश क्यों करते है ? सबको ऐसा लगता है कि वे हमारे दुश्मन हैं, जो यूं ही घरों में घुस आते हैं. लेकिन वास्तव में ऐसा कुछ भी नहीं है. दुनिया का कोई भी देश क्यों न हो, सांप हमेशा वहीं जाना पसंद करते हैं, जहां उन्हें उनका आहार मिल सके और उनके आराम करने योग्य जगह मिल सके.

अब बात कर लेते हैं सांपों के घर में घुसने और उनके दुबक कर बैठ जाने के बाद उनसे छुटकारा पाने के तरीकों की. विशेषज्ञों की माने तो, ऐसी स्थिति में आप किचन में रखी कुछ चीजों का छिड़काव कर उन्हें बाहर निकाल सकते हैं.

सांपों को तेज गंध से परेशानी होती है. घर के किसी सकरे कोने में घुसने की स्थिति में आप वहां नवरत्न तेल, कार्बोलिक एसिड (फिनायल), बेकिंग पाउडर, फॉर्मलिन और मिट्टी का तेल इत्यादि चीजों का छिड़काव कर सकते हैं.

इन तरल पदार्थों को पानी में मिलाकर सांप के आसपास छिड़कने से उनमें बेचैनी बढ़ जाती है और वे कहीं दुबकने की बजाय खुले में बाहर आने को मजबूर हो जाते हैं. ध्यान रहे कि सांपों पर इन तरल पदार्थों का छिड़काव सीधे तौर पर न किया जाए. इससे उन्हें नुकसान हो सकता है.

कुछ मामलों में आप हिट जैसे तेज गंध वाले पेस्टीसाइड का भी छिड़काव कर सकते हैं. इसकी तेज गंध से सांप तंग जगह से खुले में आने की कोशिश करते हैं. हां, इस बात का पूरा ध्यान रखें कि जब वो बाहर निकलें, तब उन्हें पर्याप्त जगह दी जाए. इस दौरा उन्हें छेड़ने की भूल बिलकुल भी नहीं करनी चाहिए, इससे वो हमला कर सकते हैं.
.