Last Updated:
भारतीय किचन में जल्दी काम करने और गैस बचाने के लिए सबसे ज्यादा प्रेशर कुकर का इस्तेमाल किया जाता है लेकिन कई बार प्रेशर कुकर के फटने की घटनाएं भी सामने आती हैं. जब प्रेशर कुकर फटता है, तो लोगों के चोटिल हो जाते हैं, यहां तक कि जनहानि भी हो जाती है.
रसोई में प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करते समय हमेशा सावधानी बरतने की जरूरत तो होती ही है लेकिन जिन गलतियों की वजह से प्रेशर कुकर के फटने की नौबत आती है, उनपर ध्यान देने की भी जरूरत है ताकि इस तरह की गलती न हो.

अगर आप कुकर का प्रयोग खाना बनाने के लिए कर रहे हैं, तो उसकी क्षमता से कम ही उसको भरना चाहिए. कभी भी आधा कुकर या उससे अधिक सामग्री नहीं भरें क्योंकि जब खाना पकता है, तो उसमें भाप को बनने और फैलने की जगह नहीं मिल पाती है, जिसकी वजह से कुकर में दबाव बढ़ता है.

प्रेशर कुकर में अधिकांश लोग चावल पकाते हैं लेकिन ऐसा करते समय पानी की मात्रा का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है क्योंकि जब हम दाल या चावल जैसी चीज बनाते हैं, तो उसमें पानी की सही मात्रा रखनी चाहिए. कुकर में कम पानी डालते हैं, तो खाना नीचे चिपककर जल सकता है. इससे कुकर के अंदर का तापमान बहुत बढ़ जाता है और यह फट सकता है.

कुकर की सीटी को कभी बंद नहीं करना चाहिए. इसके साथ ही वेंट पाइप न तो ब्लॉक होने पाए और न ही उसे बंद करना चाहिए. कुकर की सीटी अगर ब्लॉक हो जाती है या वेंट पाइप बंद हो जाता है, तो भाप बाहर नहीं निकल पाती. इसकी वजह से कुकर के अंदर प्रेशर बढ़ता जाता है. यही मुख्य कारण है, जिससे कुकर फटते हैं. अगर आपका कुकर पुराना हो गया है और आप खाना पकाने की तैयारी कर रहे हैं, तो एक बार इस चीज को जरूर कंफर्म करें कि सीटी ब्लॉक नहीं हो और पाइप साफ हो.

कभी-कभी कुकर का ढक्कन ठीक तरह से नहीं लगे होने की वजह से भी दबाव पड़ता है और इसका ढक्कन खुल जाता है. साथ ही ढक्कन ठीक तरह से नहीं लगे होने की वजह से गैस और समय दोनों की बर्बादी होती है.

गर्म कुकर पर ठंडा पानी डालने की आदत भी बड़ा जोखिम साबित हो सकती है. ऐसा करने से भी कुकर फट सकता है क्योंकि तापमान में अचानक बदलाव से कुकर की मेटल कमजोर हो जाती है और उसमें दरार पड़ सकती है. दरार में दबाव पड़ा, तो कुकर फट सकता है.

कुकर में खाना हमेशा बताए गए समय तक ही पकाना चाहिए. जरूरत से ज्यादा देर तक पकाते हैं, तो कुकर के अंदर का दबाव बढ़ता जाता है. इससे खाने की पौष्टिकता भी कम हो जाती है और फटने की संभावना भी बढ़ जाती है.

दरअसल प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करने से गैस और समय दोनों की बचत हो जाती है लेकिन इसका उपयोग करने में तनिक भी लापरवाही बरती जाए, तो यह खतरनाक हथियार बन जाता है, इसलिए इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान जरूर रखें.
.