सतना में जेल प्रहरी के वर्दी में जन्मदिन मनाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। प्रहरी ने वर्दी पहनकर जेल परिसर के बाहर ही बुलेट पर केक काटा। पार्टी में सरेआम शराब की बोतलें खुलीं और जिले के शातिर अपराधी नजर आए। अब तक जेल प्रशासन की ओर से इसे लेकर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
Publish Date: Mon, 08 Sep 2025 05:08:36 PM (IST)
Updated Date: Mon, 08 Sep 2025 05:27:07 PM (IST)
HighLights
- जेल प्रहरी की वर्दी परिसर के बाहर में मनाया जन्मदिन
- अपराधियों के साथ शराबखोरी करते रंगेहाथ पकड़ा गया
- फिल्मी अंदाज में केक काटाऔर शराब की बोतलें छलकाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना: मध्य प्रदेश के जिला दतिया के बाद अब सतना में भी जेल प्रहरी की दबंगई सुर्खियों में है। केंद्रीय जेल सतना में चौकी क्रमांक 2 पर तैनात प्रहरी संजीव गुर्जर ने वर्दी पहनकर ही जन्मदिन की पार्टी मनाई। फिल्मी अंदाज में केक काटा गया और जमकर शराब की बोतलें छलकाई गईं। इस पार्टी में शहर के कई शातिर अपराधियों की मौजूदगी ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वर्दी में बुलेट पर ‘राजा स्टाइल’ केक काटा
जानकारी के मुताबिक, 4 सितंबर को संजीव गुर्जर ने जेल परिसर के बाहर बुलेट मोटरसाइकिल पर खड़े होकर केक काटा। पार्टी का आयोजन पूरी तरह फिल्मी अंदाज में किया गया। तस्वीरों और वीडियो में प्रहरी वर्दी पहने दिखाई दे रहा है, जबकि शराब के जाम पर जाम चल रहे हैं।
पहले भी शराबखोरी में पकड़ा गया था प्रहरी
यह वही प्रहरी है, जिसे जेलर श्रीकांत त्रिपाठी ने हाल ही में कड़ी फटकार लगाई थी। 31 अगस्त की रात लगभग 1 बजे संजीव गुर्जर को चौकी क्रमांक 2 पर हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के साथ शराबखोरी करते रंगेहाथ पकड़ा गया था। जेलर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसकी एमएलसी जिला अस्पताल में कराई थी और नशे में ड्यूटी करने पर चेतावनी दी थी।
फटकार के बाद भी पार्टी में दिखी दबंगई
फटकार और कार्रवाई के बावजूद संजीव गुर्जर ने दबंगई का परिचय देते हुए जेल प्रशासन की साख को धूमिल किया। वर्दी में पार्टी देकर उसने अधिकारियों को खुली चुनौती दी है।
यह भी पढ़ें- भिंड में पत्नी के सामने शिक्षक ने गौरी सरोवर में लगा दी छलांग, डूबने से मौत
जेल प्रशासन पर उठे सवाल
इस पूरी घटना से यह साफ हो गया है कि जेल में प्रहरी और अपराधियों की मिलीभगत कितनी गहरी है। जिन अपराधियों पर जेल की सलाखों में अंकुश लगाना था, वही प्रहरी उनके साथ जाम टकराते दिखाई दे रहे हैं। अब सवाल उठ रहा है कि इस मामले पर जिला प्रशासन और उच्च अधिकारियों की क्या कार्रवाई होगी।
अभी इस बात की जानकारी नहीं है, अगर ऐसा है तो इस पर एक्शन लिया जाएगा।
-लीना कोष्टा, जेल अधीक्षक, केन्द्रीय जेल सतना
.