पुलिस बोली-आरोपियों की पहचान हो गई है, जल्द गिरफ्तार कर लेंगे
.
अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात झपटमारी की एक अजीब घटना सामने आई। तीन युवकों ने दीप कॉन्वेंट स्कूल के पास एक किराना कारोबारी से 80 हजार रुपये से भरा बैग झपट लिया। वारदात के बाद आरोपी केटीएम स्पोर्ट्स बाइक से फरार होने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन बाइक स्टार्ट नहीं हुई। मौके पर लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी बाइक वहीं छोड़कर पैदल ही भाग निकले।
पुलिस ने घटनास्थल से करीब 2 लाख रुपये कीमत की केटीएम बाइक जब्त कर ली है। फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दुकान से वापस लौट रहे थे व्यापारी
फरियादी नीरज पाठक अयोध्या नगर के एच सेक्टर में रहते हैं। सेटेलाइट प्लाजा में उनकी किराने की दुकान है। गुरुवार रात करीब 11 बजे वे दुकान बंद करने के बाद स्कूटर से घर लौट रहे थे। उनके स्कूटर के आगे एक बैग रखा था, जिसमें दो दिन की बिक्री से जमा 80 हजार रुपये थे। दीप कॉन्वेंट स्कूल के पास अचानक केटीएम बाइक सवार तीन युवक उनके पास आए।
दो युवकों ने बैग छीनने की कोशिश की, जिससे नीरज स्कूटर से गिर गए। इसके बाद एक युवक बैग लेकर बाइक पर सवार हो गया। लेकिन बाइक स्टार्ट नहीं हुई। भीड़ जमा होती देख तीनों युवक बाइक मौके पर ही छोड़कर पैदल भाग गए। नीरज ने तुरंत अयोध्या नगर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस जांच में जुटी है और बाइक के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है।
.