25 साल तक खेलने के बाद टीम इंडिया के इस खिलाड़ी ने अचानक किया संन्यास का ऐलान, लिखा भावुक पोस्ट

भारतीय क्रिकेटर अमित मिश्रा ने गुरुवार, 4 सितंबर को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का एलान किया. दिग्गज लेग स्पिनर ने भारत के लिए 2003 में डेब्यू किया था, वह 2024 तक IPL में खेले. अमित मिश्रा ने लिखा, “आज, 25 वर्षों के बाद, मैं क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर रहा हूं. एक ऐसा खेल जो मेरा पहला प्यार, मेरा शिक्षक और मेरी खुशी का सबसे बड़ा स्रोत रहा है.”

अमित मिश्रा ने अपने रिटायरमेंट पोस्ट में आगे लिखा, “यह सफर अनगिनत भावनाओं से भरा रहा है. गर्व, मुश्किलें, सीख और प्यार के पल. मैं बीसीसीआई, हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन, अपने कोचों, सहयोगी स्टाफ़, सहकर्मियों और सबसे बढ़कर, प्रशंसकों का तहे दिल से शुक्रगुज़ार हूं, जिनके विश्वास और समर्थन ने मुझे हर कदम पर ताकत दी.”

2003 में किया था अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू

अमित मिश्रा ने अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच 2003 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था. ये वनडे मैच था. इसके 5 साल बाद उन्होंने 2008 में टेस्ट और 2010 में टी20 डेब्यू किया. उन्होंने अपने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 22 टेस्ट, 36 वनडे और 10 टी20 मैच खेले, इनमें उनके नाम क्रमश 76, 64 और 16 विकेट हैं.

अमित मिश्रा ने आगे लिखा, “शुरुआती दिनों के संघर्षों और त्यागों से लेकर मैदान पर बिताए शानदार पलों तक, हर अध्याय एक ऐसा अनुभव रहा है जिसने मुझे एक क्रिकेटर और एक इंसान के रूप में बेहतर बनाया. मेरा परिवार मेरे उतार-चढ़ाव भरे समय में मेरे साथ मजबूती से खड़ा रहा, उसके लिए उनका शुक्रिया. मेरे साथियों और मेंटोर्स ने इस सफर को खास बनाया, उनका शुक्रिया.”

अमित मिश्रा का आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच

अमित मिश्रा ने दिसंबर, 2016 को अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था. इससे पहले अक्टूबर में उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 29 अक्टूबर को वनडे खेला था, वो उनका आखिरी वनडे साबित हुआ. टी20 में उन्हें आखिरी बार खेलने का मौका 1 फरवरी 2017 को मिला था, ये मैच इंग्लैंड के खिलाफ बेंगलुरु में खेला गया था.

अमित मिश्रा आईपीएल करियर

लेग स्पिनर आईपीएल में 4 टीमों के लिए खेले, वह शुरुआत से इस टूर्नामेंट का हिस्सा रहे और 2024 में अंतिम बार खेले. उनका सफर दिल्ली कैपिटल्स के साथ शुरू हुआ और लखनऊ सुपर जायंट्स में खत्म हुआ. उन्होंने आईपीएल में कुल 162 मैच खेले, जिनमें उनके नाम 174 विकेट हैं.

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *