पुलिस की नौकरी में आए हैं तो क्या कुत्ते और बच्चे पालने के लिए… पुलिस की भी कोई ड्यूटी होती है। चोट के निशान देखे तो उनका दर्द मुझसे सहा नहीं गया। मैंने चुप रहने की बजाय, आवाज उठाने की ठानी। साहब ने गला पकड़ कर जमीन पर गिरा दिया। नीचे पटककर कील वाल
.
यह दर्द है खरगोन में पुलिस आरक्षक राहुल चौहान की पत्नी जयश्री चौहान का। खरगोन में पुलिस आरक्षक राहुल चौहान से डॉगी गुम हो जाने पर रक्षित निरीक्षक सौरभ कुशवाहा ने अपने सरकारी बंगले पर बेल्ट से पिटाई की। 23 अगस्त को आरक्षक का वीडियो सामने आने पर घटनाक्रम का खुलासा हुआ। इसके बाद परिवार व सामाजिक संगठनों ने आवाज उठाई, तब जाकर पुलिस महकमा पीड़ित के जख्मों पर मरहम लगाने, जांच शुरू की।
इस मामले को लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने भी संज्ञान लिया है। मामले में मध्य प्रदेश के पुलिस महानिरीक्षक को नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब मांगा है।
मामले को लेकर पीड़ित आरक्षक राहुल व उनकी पत्नी जयश्री से दैनिक भास्कर ने बात की। उन्होंने पिटाई से लेकर 2 दिन चले आंदोलन के दौरान मन में चल रही उलझन को साझा किया। पत्नी जयश्री ने तो सीधा कहा- कोई पुलिस की नौकरी में कुत्ते-बच्चे पालने के लिए नहीं आता है, उनकी और भी ड्यूटी होती है। सिलसिलेवार पूरा मामला जानने से पहले पढ़िए परिवार का दर्द …
पीड़ित आरक्षक राहुल ने कहा–डॉगी के लिए बेरहमी से पीटा
पीड़ित आरक्षक राहुल चौहान ने बताया कि 23 अगस्त को आरआई बंगले पर 10 बजे तक ड्यूटी थी, उसके बाद घर आ गया था। रात 1:30 बजे घर की घंटी बजी। वाहन में आरआई साहब, सूबेदार साहब, आरक्षक लकी बर्डे, राकेश ड्राइवर थे। मैं बाहर निकला तो उन्होंने मोबाइल छीन लिया और गाड़ी में बिठाकर ले गए।
बंगले पर पहुंचकर सीधे अंदर ले गए। पूछा- डॉगी कहां है। मैंने कहा कि डॉगी मिल जाएगा। इसके बाद कमर से बेल्ट निकाला और पीटना शुरू किया। उन्होंने मुझ पर बेरहमी से बेल्ट बरसाए। काफी देर तक मारपीट करने के बाद मुझे घर के बाहर लाए और कहा- इसका मेडिकल कराओ। पुलिसकर्मी मुझे जिला अस्पताल ले गए। जांच डॉक्टर ने नो एल्कोहल लिखा था, लेकिन उसे अल्कोहल कराया गया। जांच के दौरान मैंने कहा कि मेरी पिटाई की गई है, उसका भी मेडिकल होना चाहिए, लेकिन मुझे बकवास न करने का कहा गया।
यहां से वापस बंगले पर लाया गया। यहां फिर से प्रताड़ित किया गया। कई प्रकार के गलत सवाल किए गए। रात को करीब 4 बजे मुझे दो आरक्षक घर पर छोड़कर चले गए। बाद में डॉगी शारदा हॉस्पिटल के पास सुरक्षित मिल गया।

आरक्षक राहुल चौहान ने आरआई पर मारपीट के आरोप लगाए। साथ ही बेल्ट के निशान दिखाए।
डिप्रेशन में आ गया था, मुझसे ही मांफी मांगने का बोला
पीड़ित राहुल चौहान ने कहा- मैं गंभीर घायल था। डिप्रेशन में आ गया था। समझ नहीं आ रहा था, क्योंकि विभाग का मामला है। मैं आगे कार्रवाई करूं की नहीं। परिवार को बताया- कुत्ते के बदले बेल्ट से पीटा गया है, उसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी, लेकिन उन्होंने मुझे ही माफी मांगने का लिखकर देने का बोल दिया गया।
पत्नी जयश्री बोलीं–पीठ पर कील वाला बेल्ट छपा हुआ था
राहुल की पत्नी जयश्री ने कहा– उनकी पीठ पर कील वाला बेल्ट छपा हुआ था। कील के डॉट अभी भी हैं। साहब ने गला पकड़ कर जमीन पर गिरा दिया। नीचे पटककर बेल्ट से मारते ही रहे। गालियां देते रहे। उनकी वाइफ बोलती रही कि और मारो इसे। वह सहयोगी बनकर पूर्ण रूप से रही, जबकि एक औरत रोक सकती थी। बात कर लेने का कह सकती थी। सहयोग का कह सकती थी।

आरक्षक राहुल चौहान की पत्नी जयश्री ने आरआई सौरभ कुशवाह पर धमकाने का आरोप लगाया।
जयश्री ने कहा– हमें धमकाया और कहा सस्पेंड करवा देंगे
पिटाई के बाद हम लोग उनके घर गए। कहा कि डॉगी को हम लोग ढूंढ कर ला देंगे। हम लोग डॉग की भरपाई कर देंगे। कोई सुनवाई नहीं की गई। वे धमकाते रहे की डॉगी नहीं मिला तो सस्पेंड करवा देंगे। तुमने मारकर फेंक दिया है, उसे मारकर गाड़ दिया है।
मुझसे पूछा गया कि आप अपने पति से पूछो की कहां गाड़ा है। ऐसा कुछ किया ही नहीं था तो व्यक्ति झूठ क्यों बोलेगा? जबकि शाम को उन्हें उनका कुत्ता मिल गया था। अब उनकी मार का क्या करें।”
जयश्री का आरोप– उनका दर्द मुझसे सहा नहीं गया
पति को रात को 1:30 बजे लेकर गए और 4 बजे वापस लाए। घर में बंदी बनाकर रखा। उनका झूठा मेडिकल बनाया गया। पुलिस की नौकरी में आए हैं तो क्या डॉगी और बच्चे पालने के लिए। पुलिस की भी कोई ड्यूटी होती है। चोट के निशान देखे। उनका दर्द मुझसे सहा नहीं गया। मैंने चुप रहने की बजाय, आवाज उठाने की ठानी।

आरआई सौरभ कुशवाह का डॉगी गुम हो गया था, जो अब वापस मिल गया है।
अब पढ़िए पूरा मामला– 8 अगस्त को लगाई थी ड्यूटी
पीड़ित आरक्ष्रक राहुल चौहान की ड्यूटी 8 अगस्त को राजस्व निरीक्षक (आरआई) सौरभ कुशवाह के घर पर लगाई गई थी। यहां पर वे डॉगी और उनके बच्चों को संभालने का काम कर रहे थे। 23 अगस्त की रात 10 बजे आरआई कुशवाहा ड्यूटी पूरी कर घर लौटे, तब तक राहुल ड्यूटी पूरी कर अपने क्वार्टर में आ गए थे। रात 1:30 बजे राहुल के घर की घंटी बजी। दरवाजा खाेला तो गाड़ी में आरआई, सूबेदार, आरक्षक लकी बर्डे, राकेश ड्राइवर दिखे।
राहुल के बाहर आते ही उन्होंने मोबाइल छीन लिया और गाड़ी में बिठाकर ले गए। आरआई निवास पर पहुंचने के बाद उन्होंने पालतू कुत्ते के गायब होने पर नाराजगी जताई और राहुल की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद राहुल ने अजाक थाने में लिखित शिकायत की। राहुल के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरआई की पत्नी भी मौजूद थीं। उन्होंने चप्पल से मारने के साथ नौकरी से निकलवाने की धमकी भी दी।

आरक्षक पिटाई मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर जाय आदिवासी युवा शक्ति ने प्रदर्शन किया।
वीडियो वायरल होने पर जयस का प्रदर्शन
27 अगस्त को आरक्षक की पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद 28 अगस्त की दोपहर में आरआई सौरभ कुशवाहा पर कार्रवाई की मांग को लेकर जाय आदिवासी युवा शक्ति (JAYS) ने धरना–प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह धरना 6 घंटे तक चला।
इसके बाद कांग्रेस सहित कई आदिवासी संगठनों ने हाईवे पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस के तीन विधायक धरने में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केवल निलंबन को पर्याप्त न मानते हुए SC/ST एक्ट के तहत एफआईआर की मांग की।
एसपी ने किया सस्पेंड, एएसपी को सौंपी जांच
एसपी धर्मराज मीणा ने आरआई सौरभ कुशवाह को सस्पेंड कर दिया है। निष्पक्ष जांच के लिए डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बुरहानपुर एडिशनल एसपी अंतर सिंह कनेश को निर्देश दिए हैं। वहीं, इस मामले में खरगोन सांसद गजेंद्रसिंह पटेल ने भी पीड़ित आरक्षक राहुल को मामले से डीजीपी को अवगत कराकर कड़ी कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया है। बुरहानपुर के जांच अधिकारी एएसपी कनेश दो दिन से खरगोन में हैं। वे आरक्षक, पत्नी जयश्री के अलावा दूसरे पक्ष के आरआई व पुलिसकर्मी स्टाफ के कथन दर्ज कर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।
आरआई का तर्क- आरक्षक ने नशे में कुत्ते को पीटा
आरआई सौरभ कुशवाहा ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि घटना के दिन वह शहर से बाहर थे। ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ने शराब पीकर कुत्ते को पीटा और बाहर छोड़ दिया, बाद में वह नशे की हालत में मिला।

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने भी संज्ञान लिया है। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिरीक्षक को नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब मांगा है।
टाइम-लाइन
- 23 अगस्त: ड्यूटी के बाद डॉगी गुमने पर आरक्षक के साथ बंगले पर आरआई ने पिटाई की।
- 24 अगस्त: शाम को शारदा अस्पताल के पास डॉगी मिल गया।
- 25 अगस्त: पिटाई से कार्रवाई की मांग लेकर आरक्षक एसपी से मिले।
- 26 अगस्त: आरक्षक ने दोबारा कार्रवाई के लिए गुहार लगाई।
- 27 अगस्त: आरक्षक राहुल चौहान की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
- 28 अगस्त: आदिवासी संगठनों ने अजाक थाने का घेराव किया, जिसके बाद डीआईजी ने जांच के निर्देश दिए।
- 29 अगस्त: केस दर्ज करने की मांग पर कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया। पीड़ित का मेडिकल हुआ।
- 30 अगस्त: एएसपी बुरहानपुर ने आरक्षक दंपति के कथन दर्ज किए।
- 31 अगस्त: अन्य पुलिसकर्मियों के कथन दर्ज किए गए।
- 1 सितंबर:राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने मध्य प्रदेश के पुलिस महानिरीक्षक को नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब मांगा है।

इस खबर से जुड़ी मूल खबर पढ़ें…
कुत्ता गुमने पर आरक्षक की पिटाई का मामला:पीड़ित की मेडिकल जांच हुई, 30 घंटे चला धरना; पत्नी ने थाने में दी आत्महत्या की चेतावनी
खरगोन में आरक्षक राहुल चौहान की कथित पिटाई मामले में आदिवासी समाज ने करीब 30 घंटे धरना दिया। यह घटना एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आरआई सौरभ कुशवाहा के कुत्ते के गुमने के बाद हुई थी। प्रशासन ने आदिवासी प्रतिनिधियों को आरक्षक की मेडिकल जांच और पत्नी के कथन दर्ज करवाने के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त किया। पूरी खबर पढ़ें
कॉन्स्टेबल पिटाई केस- आदिवासी समाज ने खरगोन-इंदौर हाईवे जाम किया: कहा- आरआई का निलंबन काफी नहीं, FIR हो
खरगोन में कॉन्स्टेबल राहुल चौहान से मारपीट के मामले में एसपी धर्मराज मीना ने रक्षित निरीक्षक (आरआई) सौरभ सिंह कुशवाहा को सस्पेंड कर दिया है। कॉन्स्टेबल राहुल और उसकी पत्नी ने आरोप लगाया था कि पालतू कुत्ते के लापता होने पर आरआई ने बेल्ट से मारपीट और गाली-गलौज की थी… पूरी खबर पढ़ें
खरगोन में आरआई की पिटाई मामले में जांच तेज:बुरहानपुर ASP ने 5 घंटे से ज्यादा की पूछताछ; पत्नी के भी बयान लिए
खरगोन में कुत्ते को घुमाने को लेकर पुलिस आरक्षक राहुल चौहान के साथ रक्षित निरीक्षक (आरआई) सौरभ कुशवाहा की कथित मारपीट के मामले की जांच तेज हो गई है। मामले की उच्च स्तरीय विभागीय जांच कर रहे बुरहानपुर के एडिशनल एसपी अंतर सिंह कनेश रविवार को खरगोन पहुंचे। पूरी खबर पढ़ें