8 राशियों के लिए फायदेमंद साबित होगा ये महीना: वृष राशि वालों को नौकरी में प्रमोशन की खबर मिल सकती है, धनु राशि वालों के रुके काम पूरे होंगे

  • Hindi News
  • Jeevan mantra
  • Jyotish
  • Masik Rashifal (Monthly Horoscope) | September Rashifal 2025, Monthly Zodiac Forecast: Singh Rashi, Sagittarius Gemini Cancer Singh Rashi Meen Libra Leo Aries Taurus Kanya Scorpio And Other Signs

1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

सितंबर में सूर्य, मंगल, बुध और शुक्र राशि बदलेंगे। इन चार ग्रहों के राशि परिवर्तन से मेष राशि वालों के करियर, रिश्ते और धन के मामले में ये महीना शुभ रहेगा। वृष राशि वालों को व्यापार में आर्थिक लाभ और नौकरी में प्रमोशन की अच्छी खबर मिल सकती है।

कन्या राशि के लिए बिजनेस के लिहाज से समय अनुकूल है। तुला राशि के लोगों को कोर्ट केस से जुड़े मामलों में सफलता मिलेगी। धनु राशि वालों के रुके काम पूरे होंगे और बड़े ऑर्डर मिलने की संभावना है।

मकर राशि वालों के लिए ये महीना बिजनेस और रियल एस्टेट में निवेश के लिहाज से बहुत अच्छा है। कुंभ राशि वालों के कारोबार में विस्तार का समय है। मीन राशि वालों को बिजनेस में फायदा हो सकता है।

एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा ये महीना…

मेष – पॉजिटिव: करियर, रिश्ते और वित्तीय स्थिति के मामले में ये महीना शुभ है। नौकरी और बिजनेस में सफलता के लिए पूरी कोशिश करेंगे। मेहनत का फायदा भी मिल सकता है। समाज में सम्मान बढ़ेगा। अपने विचारों और काम से लोगों पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ेंगे। नेगेटिव: ज्यादा काम और जिम्मेदारियों के कारण मानसिक तनाव बढ़ सकता है। थकावट और मानसिक तनाव रहेगा। फालतू खर्चे बढ़ने से परेशान हो सकते हैं। बड़ा निवेश करने से बचें। उधार पैसा भी न दें। कर्जा लेने से बचना होगा।

करियर – बिजनेस करने वालों को बड़ा फायदा मिलने की संभावना है। नई पार्टनरशिप, समझौते और बिजनेस बढ़ाने के मौके मिल सकते हैं। आपकी मेहनत और समर्पण की तारीफ होगी। नई जिम्मेदारियों और महत्वपूर्ण कामों को संभालने का मौका मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों को कोशिशों से सफलता मिलेगी। अधिकारियों से पहचान मिलेगी। आपके कामों को महत्व दिया जाएगा। प्रमोशन या नई जिम्मेदारी मिल सकती है। विद्यार्थियों को किसी विषय को लेकर समस्या रहेगी। परिवार – परिवार में तालमेल बना रहेगा। परिवार की जिम्मेदारियों को लेकर गलतफहमियां बढ़ सकती है। परिवार और पार्टनर से बातचीत करने की जरूरत है। प्रियजनों के साथ समय बिताने की जरूरत है। प्रेम संबंधों में अच्छे मौके मिल सकते हैं। साथी के साथ समय बिताने की पूरी कोशिश करेंगे। इससे रिश्ता मजबूत होगा। हेल्थ – आपकी सेहत ठीक रहेगी, लेकिन ज्यादा काम और मानसिक तनाव के कारण सेहत में गिरावट आ सकती है। खून से जुड़ी बड़ी समस्या होने की आशंका है। समय पर चेकअप करवाते रहें। व्हीकल का इस्तेमाल बहुत सावधानी से करें। महिलाओं को सेहत के मामले में ज्यादा सावधान रहना होगा। छोटी बीमारी भी बड़ा रूप ले सकती है। थकान, सिरदर्द, या इनडाइजेशन हो सकता है।

वृष – पॉजिटिव: इस महीने मौके और चुनौतियां दोनों मिलेंगे। सही दिशा में की गई कोशिश और धैर्य से आपको सफलता मिल सकती है। किसी रिश्तेदार के साथ मनमुटाव चल रहा है, तो किसी अनुभवी के जरिये सुलझ जाएगा। स्टूडेंट्स का मन पढ़ाई में लगेगा। घर में किसी शुभ काम की योजना बन सकती है। नेगेटिव: गैर जरूरी खर्चों पर कंट्रोल रखें, वरना आर्थिक परेशानी हो सकती है। रिस्क लेकर निवेश न करें। दोस्त के मुश्किल समय में आप मदद कर सकते हैं। इससे आपके निजी काम अधूरे भी रह सकते हैं। युवा लोग अपने लक्ष्य के लिए समर्पित रहें।

करियर – इस महीने धैर्य और अनुशासन से काम करने की जरूरत है। मेहनत से समस्याओं का हल कर लेंगे। आपकी कोशिशों को पहचान मिलेगी। नई योजनाओं पर काम शुरू करने के लिए अच्छा समय है। बिजनेस में आर्थिक फायदा हो सकता है। नई साझेदारी के मौके मिल सकते हैं। प्रमोशन का इंतजार कर रहे हैं, तो इस महीने अच्छी खबर मिल सकती है। परिवार – रिश्तों में गलतफहमी या अहंकार के कारण तनाव हो सकता है। आपसी तालमेल से बातचीत के जरिए समस्याएं सुलझ सकती हैं। लव लाइफ में भावनात्मक संतुलन रहेगा। प्रेमी एक-दूसरे के करीब आएंगे। शादी करना चाहते हैं तो अच्छे ऑफर मिल सकते हैं। हेल्थ – प्राकृतिक उपचार और योग से स्वस्थ रहेंगे। शारीरिक ऊर्जा और मानसिक शांति महसूस करेंगे। पुरानी बीमारियों को अनदेखा न करें। नियमित चेकअप कराएं। काम का तनाव लेने से बचें।

मिथुन – पॉजिटिव: घर में करीबी रिश्तेदारों का आना-जाना रहेगा। काफी समय के बाद अपनों से मिलना सबको खुशी और उत्साह देगा। अपने रूटीन कामों में जोश के साथ ध्यान दे पाएंगे। बच्चे अपनी पढ़ाई पर ध्यान देंगे। अच्छे नतीजे भी हासिल करेंगे। घर में कुछ नया करने या रखरखाव संबंधी योजना बन रही है, तो वास्तु का ध्यान रखें। नेगेटिव – कामकाज में उतार-चढ़ाव भी रहेंगे। शांत होकर समस्याओं का समाधान निकालें। बड़े लोगों की राय पर जरूर ध्यान दें। इस वक्त वाहन और महंगी चीजों की खरीदारी से संबंधित किसी भी काम को स्थगित रखें। अभी सितारे इन कामों के पक्ष में नहीं है। धैर्य से उचित समय का इंतजार करना जरूरी है। घर के बड़े लोगों का सम्मान करें।

करियर – नए व्यवसायिक संपर्क बनेंगे। वह लाभदायक होंगे। अपने काम की क्वालिटी को और बेहतर करने से ऑर्डर भी ज्यादा मिलेंगे। लोन लेने जैसी स्थिति बन सकती है। ऑफिस में सहयोगी से कहासुनी हो सकती हैं। ध्यान रखें, इससे आपकी इमेज बिगड़ सकती है। महीने के बीच में कोई व्यवसायिक यात्रा भी हो सकती है। परिवार – पारिवारिक वातावरण सुख शांति भरा रहेगा। विपरीत लिंग वाले दोस्त से अचानक मुलाकात होने से मन खुश रहेगा। अविवाहित लोगों के लिए खुशखबरी वाला महीना रहेगा। नजदीकी दोस्तों के साथ गेट-टूगेदर संबंधी प्रोग्राम बनते रहेंगे। जिससे मानसिक रूप से खुश होंगे। हेल्थ – रूटीन और खानपान व्यवस्थित रखने से आप तंदुरुस्त और ऊर्जावान रहेंगे, लेकिन घर के किसी बड़े सदस्य की सेहत को लेकर चिंता हो सकती है, हालांकि उचित इलाज से जल्दी ही स्वस्थ होंगे।

कर्क – पॉजिटिव: ये महीना कुछ खास होने वाला है। पारिवारिक तथा सामाजिक गतिविधियों में आपकी उपस्थिति बनी रहेगी। घर में नजदीकी रिश्तेदारों का आगमन होगा। आपसी मेलजोल से प्रसन्नता पूर्ण माहौल बना रहेगा। आपकी कोई विशेष प्रतिभा लोगों के सामने आएगी। आपके कामों की तारीफ भी होगी। प्रॉपर्टी संबंधी रुका हुआ काम इस महीने पूरा हो सकता है। नेगेटिव: अपनी सफलता पर घमंड करना ठीक नहीं है। अपनी मनोस्थिति पर काबू रखें। इसकी वजह से आपके बनते काम बिगड़ भी सकते हैं। खर्चा करते समय अपने बजट का ध्यान रखना अति आवश्यक है। कुछ समय बच्चों के साथ भी जरूर बिताएं। व्हीकल खरीदने की योजना है, तो अपनी सामर्थ्य से ज्यादा लोन या उधारी लेना ठीक नहीं है।

करियर – बिजनेस में काम ज्यादा रहेगा। जिस वजह से आपके कुछ निजी और पारिवारिक काम अधूरे भी रह सकते हैं। बेहतर होगा कि स्टाफ और कर्मचारियों को भी कुछ अधिकार दें। नौकरीपेशा लोगों पर काम की एक्स्ट्रा जिम्मेदारी हो सकती है। अपनी व्यावसायिक पार्टियों के साथ संबंधों को और अधिक मजबूत करें। आपके लिए अनुकूल समय है। आपको उपलब्धियां मिल सकती है। नौकरी में किसी भी गैर कानूनी काम में दिलचस्पी न लें। परिवार – पति-पत्नी के बीच खट्टी-मीठी नोकझोंक रहेगी। किसी भी कार्य को करने से पहले घर के अनुभवी व्यक्ति की सलाह अवश्य लें। इससे आपके काम सुचारू रूप से बनते जाएंगे तथा घर का वातावरण भी खुशनुमा रहेगा। प्रेम संबंधों के मामले में आपको कुछ निराशा हो सकती है। बेहतर होगा कि अपने कामों पर ही ध्यान दें। हेल्थ – बहुत भागदौड़ की वजह से थकान और सिर दर्द रहेगा। अपने ऊपर काम का ज्यादा बोझ न लें। समय-समय पर आराम भी करते रहें। मौसमी बुखार और खांसी-जुकाम जैसी समस्या भी रह सकती है।

सिंह – पॉजिटिव: इस महीने बहुत अधिक जिम्मेदारियां और व्यस्तता रहेंगी। आप उनको पूरी मेहनत से निभा लेंगे। स्वभाव में सौम्यता और गंभीरता रखना आपको कोई भी निर्णय लेने में मदद करेगा। घर में कुछ नया करने या रखरखाव में बदलाव संबंधी कुछ योजनाएं बनेंगी। उन्हें क्रियान्वित करने में आसानी रहेगी। घर में कोई नया वाहन भी आ सकता है। नेगेटिव: अपनी जिम्मेदारियां को लेकर सजग रहना जरूरी है। घर के बड़े लोगों के लिए सम्मान रखें। अपने व्यस्त समय में से कुछ समय उनकी देखभाल के लिए भी जरूर निकालें। ज्यादा आत्म केंद्रित होना आपसी संबंधों में खटास पैदा कर सकता है। वक्त के अनुसार अपने व्यवहार में लचीलापन रखना जरूरी है। बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें। उनका मार्गदर्शन करते रहें।

करियर – पूरे महीने कारोबार में कुछ उतार-चढ़ाव रहेंगे। समय का मैनेजमेंट करने से आप समस्याओं पर काबू पा लेंगे। प्रभावशाली और अनुभवी इंसान का सहयोग व मार्गदर्शन जरूर लें। कुछ नई गतिविधियों की तरफ भी आपका रुझान बढ़ेगा। वर्तमान समय में की गई मेहनत का शुभ परिणाम आने वाले दिनों में मिल जाएगा। सरकारी नौकरी वाले पब्लिक प्लेस पर बहसबाजी में न पड़ें। परिवार – पारिवारिक मामलों में ज्यादा दखल न दें। सबको अपने मुताबिक काम करने की स्वतंत्रता दें। इससे घर में सुख-शांति रहेगी। लव अफेयर्स के मामले में आप लकी रहेंगे। इस महीने सिंगल लोग किसी रिश्ते में जुड़ सकते हैं। लव लाइफ के लिए ये महीना अच्छा रहने वाला है। हेल्थ – आपकी व्यवस्थित दिनचर्या और खानपान से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, लेकिन घर के किसी बड़े सदस्य के सेहत संबंधी परेशानी को लापरवाही में न लें। तुरंत इलाज करवाएं। आपका रूटीन गड़बड़ा सकता है।

कन्या – पॉजिटिव: महीने की शुरुआत में दिक्कतें रहेंगी। आपकी उचित कार्यप्रणाली से समाधान मिल जाएंगे। आप अपने निजी और दिलचस्पी वाले कामों को समय देंगे। आपको मानसिक सुकून और खुशी मिलेगी। अपने कामों को योजना बनाकर और डिसिप्लिन से पूरा करेंगे। नेगेटिव: ज्यादा काम होने के कारण स्वभाव में कुछ गुस्सा और चिड़चिड़ापन हो सकता है। मन को स्थिर रखने की कोशिश करें। स्वभाव में समझदारी लाना जरूरी है। जोखिम भरे कामों में बिल्कुल दिलचस्पी न लें, वरना नुकसान हो सकता है। परिवार और रिश्तेदारों के साथ संबंध मधुर रखें।

करियर – बिजनेस के नजरिये से समय अनुकूल है। कामकाज से संबंधित योजनाएं बनेंगी। उस पर काम भी शुरू होगा। किसी भी फोन कॉल्स को नजरअंदाज न करें, कोई महत्वपूर्ण सूचना मिल सकती है। ऑफिस में काम ज्यादा होने से ओवरटाइम करना पड़ सकता है। अधिकारी काम का दबाव बढ़ा सकते हैं। इससे आपकी कार्यक्षमता प्रभावित होगी। परिवार – पति-पत्नी के रिश्ते में तालमेल बना रहेगा। परिवार का माहौल भी खुशनुमा होगा। प्रेम संबंधों में एक दूसरे की भावनाओं और मर्यादा का ध्यान जरूर रखें। प्रेमी-प्रेमिका एक-दूसरे को गिफ्ट दे सकते हैं। एक-दूसरे के साथ समय बिताएंगे। हेल्थ – वाहन चलाते समय लापरवाही न करें। जोखिम भरे कामों से दूर रहें। चोट लग सकती है। खानपान में सावधानी रखें। परहेज करना होंगे। नींद की कमी हो सकती है। महीने के ज्यादातर दिनों में सिरदर्द बना रह सकता है। हेल्थ चेकअप करवाते रहें।

तुला – पॉजिटिव: अपने काम को नया रूप देने के लिए किए गए प्रयासों में सफलता मिलेगी। कोर्ट केस संबंधी मामले निपटाने का अनुकूल समय है। विद्यार्थियों को प्रतियोगिता संबंधित गतिविधियों में सकारात्मक परिणाम हासिल होंगे। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ और ऊर्जावान महसूस करेंगे। विदेश जाने के लिए प्रयास कर रहे लोगों के समक्ष आ रही चुनौतियों का समाधान होगा। नेगेटिव – कोई कोर्ट से संबंधित मामला चल रहा है तो उसे समय रहते सुलझाना जरूरी है। कोई समस्या आने पर घबराने की बजाय उसको हल करने का प्रयास करें। फाइनेंस संबंधी गतिविधियां पूर्ववत रहेंगी। इस वजह से चिंता रह सकती है, लेकिन जल्दी ही समय की गति में बदलाव आएगा और स्थिति बेहतर होगी।

करियर – कारोबार में कुछ न कुछ उठा पटक चलती रहेगी, लेकिन साथ ही समाधान भी मिलते रहेंगे। मार्केटिंग संबंधी कार्यों में सावधानी रखें और कोई भी अहम फैसला जल्दबाजी में न करें। आलस और मौज-मस्ती का नकारात्मक प्रभाव आपके कार्यक्षेत्र की व्यवस्था पर हो सकता है। ऑफिस में कार्यभार की अधिकता की वजह से ओवरटाइम भी करना पड़ेगा। अगर नौकरी में बदलाव करने का विचार है तो पहले उस पर और अधिक सोच-विचार अवश्य कर लें। परिवार – दांपत्य जीवन सुखी रहेगा। साथ ही सभी सदस्यों के बीच आपसी सहयोग और भावनात्मक नजदीकियां बनी रहेंगी। प्रेम संबंधों के मामले में अपने लव पार्टनर की भावनाओं की अनदेखी करने से संबंधों में दूरियां बढ़ेंगी। हेल्थ – ज्यादा मसालेदार खानपान से परहेज रखें, क्योंकि पेट में गैस और जलन जैसी शिकायत रहेगी। माह के उत्तरार्ध में जीवनसाथी की सेहत को लेकर भी मन चिंतित रहेगा।

वृश्चिक – पॉजिटिव: पिछले कुछ समय से रुके हुए कार्यों को आप अपनी इच्छाशक्ति से पूरा करने का सामर्थ्य रखेंगे। जीवन को सकारात्मक नजरिए से समझने का प्रयास करें, आपको कोई बेहतर उपलब्धि मिलने वाली है। हालांकि लाभ की ज्यादा संभावना नहीं है, लेकिन फिर भी अपना बजट संतुलित रखने में सक्षम रहेंगे। आत्म मनन और चिंतन करने से आपको बहुत अधिक मानसिक शांति अनुभव होगी। नेगेटिव – दिखावे के चक्कर में खर्च करने या कर्ज लेने से परहेज करें, वरना आर्थिक स्थिति प्रभावित हो सकती है। पड़ोसियों के साथ किसी भी बात को लेकर बिल्कुल न उलझें। कभी-कभी शक और वहम जैसा व्यवहार आपके लिए परेशानी बढ़ा सकता है। क्षमता से अधिक उधार न लें। इस समय संतान को भी आपके मार्गदर्शन की जरूरत है।

करियर – कार्य क्षेत्र पर पूर्ण नियंत्रण और वर्चस्व रहेगा। नए एग्रीमेंट मिलेंगे जो कि आर्थिक दृष्टि से फायदेमंद साबित होंगे। जमीन-जायदाद से जुड़े व्यवसाय में विशेष फायदा होगा। कर्मचारियों का उचित सहयोग बना रहेगा। स्टॉक मार्केट में अपने सामर्थ्य से ज्यादा पैसा न लगाएं। नौकरीपेशा व्यक्तियों की वजह से उनकी कंपनी को फायदा होगा। उच्च अधिकारियों के साथ संबंध मजबूत होंगे। परिवार – पति-पत्नी का आपसी तालमेल और सामंजस्य बहुत अच्छा रहेगा। घर का वातावरण भी सुखद और सौहार्दपूर्ण बना रहेगा, लेकिन गलत संबंध मानहानि भी देंगे, इसलिए गलत संबंधों से दूर रहें। हेल्थ – अपनी क्षमता से अधिक कार्यभार न लें। स्त्रियां अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। इस समय कोई इंफेक्शन होने की स्थिति बन रही है।

धनु – पॉजिटिव: कुछ चुनौतियां या उतार-चढ़ाव हैं तो धैर्य रखें, क्योंकि माह के मध्य में ग्रह स्थिति बहुत ही अनुकूल होने वाली है। पिछले कुछ समय से जो काम रुके हुए हैं, वह इस समय पूरे होने की संभावना है। घर के रखरखाव और नवीनीकरण की योजनाओं पर विचार होगा। विद्यार्थी इधर-उधर की सारी बातों से ध्यान हटाकर पढ़ाई पर फोकस करें। नेगेटिव – कुछ समय आत्म मनन और चिंतन में लगाएं। इससे आपको अपने कई उलझे हुए सवालों का जवाब स्वत: मिल जाएगा। अपनी भावुकता और उदारता को संयमित रखें। किसी नजदीकी रिश्तेदार के स्वभाव को लेकर मन में भ्रम और हताशा की स्थिति हो सकती है।

करियर – कार्यक्षेत्र में अपनी उपस्थिति रखें। कर्मचारी अथवा स्टाफ के बीच राजनीति जैसा माहौल रह सकता है। इस समय कामकाज को पूरी गंभीरता से करें। बड़े ऑर्डर मिलने की संभावना है। निवेश करने से पहले एक बार सोच-विचार करना बहुत जरूरी है। नौकरी में बॉस और अधिकारियों का सहयोग बना रहेगा। परिवार – घर का वातावरण सुखद और अनुशासन पूर्ण रहेगा। बच्चों की तरफ से कोई शुभ समाचार मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। प्रेम संबंधों को विवाह में बदलने के लिए पारिवारिक स्वीकृति मिल सकती है। हेल्थ – अत्यधिक कार्यभार और थकान की वजह से शारीरिक कमजोरी और बदन दर्द जैसी समस्या रहेगी। अपना इम्यून सिस्टम मजबूत रखें।

मकर – पॉजिटिव: वरिष्ठ और प्रभावशाली लोगों से मुलाकात के अवसर बनेंगे और उनके माध्यम से कोई रुका हुआ कार्य भी हल हो सकता है। स्पिरिचुअल कार्यों में भी आपका रुझान रहेगा। विदेश जाने के लिए प्रयासरत लोगों को कोई खुशखबरी मिलने की संभावना है। आपकी प्रतिभा और व्यक्तित्व की लोग सराहना करेंगे। युवा अपने लक्ष्य के प्रति फोकस रहेंगे। नेगेटिव – संतान की जरूरतों पर अपनी सामर्थ्य से ज्यादा धन खर्च हो सकता है। अपने संपर्कों में कम्युनिकेशन गैप न आने दें और आलस की वजह से किसी भी काम को टालने का प्रयास न करें। बोलचाल का लहजा नरम रखें। गलत भाषा के प्रयोग से कुछ लोगों में नाराजगी हो सकती है। उधारी करना नुकसान का कारण बनेगा।

करियर – व्यवसाय में इन्वेस्टमेंट करने के लिए बेहतर समय है। खास तौर पर रियल स्टेट से जुड़े कारोबार में अच्छी डील होने की संभावना है। नए कार्य से संबंधित योजनाओं को कार्य रूप देने में वरिष्ठ और अनुभवी लोगों का भरपूर सहयोग मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों को अपने काम में ध्यान देने की जरूरत है। उच्चाधिकारियों का भी दबाव बना रहेगा। परिवार – वैवाहिक संबंधों में और अधिक नजदीकियां बढ़ेंगी। पति-पत्नी के बीच मधुर संबंध रहेंगे। प्रेम संबंधों के मामले में सोच-समझकर आगे बढ़ें, अन्यथा आपके मान-सम्मान पर आंच आ सकती है। हेल्थ – गैस और पेट में इन्फेक्शन जैसी परेशानी रहेगी। अपने खानपान में परहेज रखें। प्राणायाम करना आपके लिए जरूरी है।

कुंभ – पॉजिटिव: आप अपने विचारों में सुधार करने की कोशिश करेंगे, जिससे पिछले कुछ समय से चल रही समस्याओं को सुलझाने में कामयाबी मिलेगी। नजदीकी संबंधी के साथ चल रहा विवाद भी किसी की मध्यस्थता से हल हो जाएगा। आपके मान-सम्मान और प्रसिद्धि का ग्राफ बढ़ेगा। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में कुछ समय व्यतीत करने से सुकून रहेगा। विद्यार्थियों को अपने किसी विषय की समस्या का समाधान मिलेगा। नेगेटिव – व्यक्तिगत मामलों को लेकर मतभेद अथवा नोकझोंक की स्थिति रहेगी। विपरीत परिस्थितियों में घबराने के बजाय समस्या का समाधान ढूंढने का प्रयास करें, हालांकि आप अपने मनोबल से हालात ठीक करने में सक्षम रहेंगे। उधारी से परहेज रखें। विद्यार्थियों को अपनी परीक्षा के अच्छे परिणाम हासिल करने के लिए और अधिक मेहनत करने की जरूरत है।

करियर – कारोबार में कुछ विस्तार संबंधी कार्य होंगे, इस वजह से कामकाज का ज्यादा बोझ रहेगा। अगर कोई सरकारी समस्या चल रही है तो किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से हल ढूंढने में कामयाबी मिलेगी। युवाओं को जॉब की प्लेसमेंट संबंधी शुभ समाचार मिल सकता है। व्यवसाय में निवेश करना भविष्य में फायदेमंद साबित होगा। पार्टनरशिप संबंधी व्यवसाय में परिस्थितियां पहले से बेहतर होंगी। परिवार – पारिवारिक मामलों में आपका उचित योगदान रहेगा और घर में सुख-शांति बनी रहेगी। प्रेम प्रसंगों में नजदीकियां बढ़ेंगी, जल्दी ही विवाह के भी अवसर बनेंगे। हेल्थ – असंतुलित खान-पान से बचें। वायु विकार और जोड़ों में दर्द जैसी समस्या हो सकती है। नियमित योग-व्यायाम आदि करना आपको शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ और एक्टिव रखेगा।

मीन – पॉजिटिव: इस राशि के लिए ये माह कुछ उतार-चढ़ाव वाला रहेगा। काम बनेंगे जरूर, लेकिन मेहनत भी करनी होगी। घर में रिश्तेदारों के आगमन से खुशनुमा माहौल बनेगा। आपसी संबंधों में नजदीकियां बढ़ेंगी। अगर वाहन खरीदने की योजना है तो इस माह उसे अमल में ला सकते हैं। अनुसंधान कार्यों में प्रयासरत विद्यार्थियों के लिए बेहतर स्थिति बन रही है, इसलिए अपना ध्यान केंद्रित रखें। मास के मध्य में कोई यात्रा संभव है। नेगेटिव – भावनाओं में बहकर जल्दबाजी में कोई निर्णय लेने से बचना होगा। लोगों के साथ मेलजोल करते समय अपने स्वाभिमान का भी ध्यान रखें। माता-पिता का स्वास्थ्य चिंता का कारण बनेगा। इस समय पारिवारिक तथा व्यक्तिगत व्यस्तता की अधिकता रहने से कुछ परेशानी महसूस करेंगे। युवा अगर इस समय भरपूर मेहनत कर लेंगे तो निकट भविष्य में अच्छे परिणाम हासिल होंगे।

करियर – व्यावसायिक गतिविधियां मुनाफा देने वाली रहेंगी। हालांकि कामकाज की अधिकता का दबाव बना रहेगा। अधीनस्थ कर्मचारियों का भरपूर सहयोग रहेगा। प्रॉपर्टी से जुड़े कारोबार में नौकरीपेशा लोगों को समय अनुसार कार्य पूरा करने से कोई उपलब्धि जरूर मिलेगी। मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत लोगों को कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। अपने सीनियर्स के साथ संबंध खराब न करें। परिवार – घर में सुखद माहौल रहेगा। जीवनसाथी को कुछ उपहार अवश्य दें, इससे प्रेम बढ़ेगा। प्रेम संबंध को विवाह में बदलने के लिए परिवार की सहमति मिल जाएगी। हेल्थ – पेट में दर्द और एसिडिटी की शिकायत रहेगी। इसकी मुख्य वजह आपकी अनियमित दिनचर्या ही है। हल्का खानपान लें तथा वर्तमान मौसम से अपना बचाव करें। घर के किसी सदस्य के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता रहेगी।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *