Former RBI Governor Urjit Patel Appointed IMF Executive Director: आरबीआई के पूर्व गवर्नर डॉ. उर्जित पटेल को तीन साल के लिए इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (आईएमएफ) का एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया गया है. सरकार ने उनकी नियुक्ति को हरी झंडी दे दी है.
केन्या में जन्मे भारतीय अर्थशास्त्री उर्जित पटेल की यह वापसी आईएमएफ में करीब तीन दशक बाद हो रही है. उन्होंने पहले भी पांच साल तक आईएमएफ में सेवाएं दी थीं. शुरुआत वाशिंगटन डीसी स्थित मुख्यालय से की और फिर 1992 में नई दिल्ली आकर डिप्टी रेसिडेंट रिप्रजेंटेटिव बने.
व्यकिगत कारणों से दिया था इस्तीफा
सरकार की तरफ से उनकी नियुक्ति ऐसे समय में की गई है जब मौजूदा एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर (इंडिया) कृष्णमूर्ति वी. सुब्रमण्यम का कार्यकाल अप्रत्याशित तौर पर छह महीने पहले ही खत्म कर दिया गया. 30 अप्रैल के आदेश में उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई थीं.
डॉ. पटेल साल 2014 में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के 24वें गवर्नर बने थे और रघुराम राजन की जगह ली थी. वे पहले ऐसे आरबीआई गवर्नर भी रहे जिन्होंने अपने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देकर दिसंबर 2018 में पद से इस्तीफा दिया. उनका इस्तीफा ऐसे समय आया जब सार्वजनिक रूप से आरबीआई और केंद्र सरकार के बीच मतभेद उभरकर सामने आए थे.
इसके पहले, वे आरबीआई में डिप्टी गवर्नर पद पर रहते हुए मौद्रिक नीति, आर्थिक नीति शोध, डिपॉजिट इंश्योरेंस, संचार व सूचना के अधिकार और सांख्यिकी व सूचना प्रबंधन जैसे अहम विभागों को संभाल चुके थे..
.