Chana Health Benefits: चना का इस्तेमाल खाने-पीने में खूब किया जाता है. चना को शरीर की ताकत बढ़ाने वाला फूड माना जाता है. कई लोग रातभर चना को पानी में भिगोकर रखते हैं और सुबह उठकर खाली पेट भिगोए हुए चने खाते हैं. माना जाता है कि ऐसा करने से शरीर में अटूट ताकत आ जाती है और कई बीमारियों से राहत मिलती है. काले चने को आयुर्वेद में औषधीय गुणों से भरपूर माना गया है. चने में विटामिन B6, विटामिन C, फोलेट, फाइबर, आयरन, प्रोटीन, मैग्नीशियम, पोटैशियम जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं. यह सस्ता और बेहद शक्तिशाली सुपरफूड है. इसका सेवन करने से गजब के लाभ मिल सकते हैं.
भिगोए हुए चने के फायदे (Benefits of Soaked Chana)
पेट की सेहत करे दुरुस्त – भीगे हुए चने शरीर के पाचन तंत्र को दुरुस्त करने में मदद करते हैं. इनमें घुलनशील और अघुलनशील फाइबर की मात्रा भरपूर होती है, जो आंतों की सफाई करने में मददगार है. रोज सुबह खाली पेट चना खाने से गैस, अपच, एसिडिटी और कब्ज की समस्या दूर हो जाती है. यह आंतों के बैक्टीरिया के लिए प्रीबायोटिक की तरह काम करता है.
वेट लॉस में मददगार – जो लोग वजन घटाना चाहते हैं, उनके लिए चना रामबाण है. इसमें मौजूद प्रोटीन और डाइटरी फाइबर भूख को लंबे समय तक कंट्रोल रखता है. इससे बार-बार खाने की इच्छा नहीं होती और कैलोरी इनटेक कम हो जाता है. चना खाने से मेटाबॉलिज्म तेज होता है. चना फैट नहीं बढ़ाता, बल्कि शरीर की चर्बी को कंट्रोल करने में मदद करता है.
ब्लड शुगर भी करे कंट्रोल – डायबिटीज के मरीजों को भीगे हुए चने का सेवन जरूर करना चाहिए. इसमें लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स होता है, जिसका मतलब है कि यह धीरे-धीरे ग्लूकोज को खून में रिलीज करता है. इससे ब्लड शुगर में अचानक उछाल नहीं आता और इंसुलिन लेवल स्थिर रहता है. यह टाइप 2 डायबिटीज को कंट्रोल करने और इससे बचाने में मददगार है.
इम्यून सिस्टम के लिए सुपरफूड – अगर आप बार-बार बीमार पड़ते हैं या मौसमी संक्रमण से परेशान रहते हैं, तो भीगे हुए चने का सेवन करना चाहिए. चने आपकी इम्यूनिटी को बूस्ट कर सकते हैं. चनों में आयरन, जिंक, मैग्नीशियम और विटामिन B6 जैसे तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर की रक्षा प्रणाली को मजबूत बनाते हैं. चने व्हाइट ब्लड सेल्स (WBC) की संख्या को बढ़ाते हैं, जिससे शरीर वायरस, बैक्टीरिया और फंगस से बेहतर तरीके से लड़ पाता है.
एनर्जी का बेहतरीन सोर्स – अगर दिन की शुरुआत एनर्जी के साथ करनी है, तो खाली पेट चना खाएं. इसमें कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट्स होते हैं जो धीरे-धीरे पचते हैं और शरीर को लंबे समय तक एनर्जी देते हैं. चने खून में ग्लूकोज का लेवल स्टेबल बनाए रखते हैं, जिससे जिससे दिनभर थकान महसूस नहीं होती है. इसके अलावा चना प्रोटीन और एंटीऑक्सिडेंट्स का अच्छा स्रोत है, जो त्वचा और बालों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य जानकारियों पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)