भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे के नेतृत्व में मंदसौर में कार्यकर्ता मंगलवार को कलेक्ट्रेट घेराव करने निकले। छात्रसंघ चुनाव की बहाली और चुनाव आयोग पर लगे आरोपों को लेकर यह आंदोलन किया गया।
.
कार्यकर्ता श्रीकोल्ड चौराहा से कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने उन्हें एसपी ऑफिस के पास रोक लिया। इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव का पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों में धक्कामुक्की हो गई। कुछ देर के लिए कार्यकर्ता महू-नीमच हाईवे सड़क पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। इस वजह से आमजन को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे और प्रदेश प्रभारी रवि दांगी भी शामिल हैं।
छात्रों ने सरकार विरोधी नारे लगाए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। उनका कहना है कि जब तक छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं होंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की राजनीति खत्म करना चाहती है।
इस दौरान NSUI के राष्ट्रीय महासचिव अंकुश भटनागर, विधायक विपिन जैन, जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
.