Last Updated:
Thela Success Story: छत्तीसगढ़ के सरगुजा के प्रिंस दुबे ने 1000 रुपए से ठेले पर स्टार्टअप शुरू किया. आज रोजाना 1000 रुपए कमाकर परिवार चला रहे हैं. बेरोजगार युवाओं के लिए बनी प्रेरणा.
सरगुजा. कहते हैं हौसला हो तो मुश्किलें भी रास्ता बना देती हैं. सरगुजा जिले के रोपाखार गांव के रहने वाले प्रिंस दुबे ने इस बात को सच कर दिखाया है. आर्थिक तंगी और पढ़ाई छूट जाने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और महज 1000 रुपए से अपना स्टार्टअप शुरू किया. आज वे रोजाना 1000 रुपए कमा रहे हैं और अपने परिवार की जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं.
प्रिंस दुबे ने 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई की थी, लेकिन घर की कमजोर आर्थिक स्थिति ने उन्हें आगे पढ़ने नहीं दिया. परिवार की जिम्मेदारियां और हालात देखकर उन्होंने तय किया कि वे खुद का कुछ काम शुरू करेंगे. इसी सोच के साथ उन्होंने 10 दिसंबर 2024 को ठेले पर डेली नीड्स सामान बेचने का काम शुरू किया.
प्रिंस ने बताया कि परिवार में उनकी मां ही एकमात्र सहारा हैं और छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है. बड़े बेटे होने के नाते जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई. ऐसे में उन्होंने पढ़ाई छोड़कर काम शुरू किया ताकि परिवार का भरण-पोषण कर सकें.
प्रिंस दुबे ने बताया कि शुरुआत में उनके पास केवल 1000 रुपए थे. उन्हीं पैसों से ठेला लगाया और खाने-पीने की रोजमर्रा की चीजें बेचना शुरू किया. धीरे-धीरे लोगों का भरोसा बढ़ा और आज उनकी ठेले से रोजाना लगभग 1000 रुपए की कमाई हो जाती है.
स्टार्टअप के अलावा प्रिंस बाहर से आने वाले पर्यटकों को गाइड भी करते हैं. इससे उनकी आय और बढ़ जाती है. अब वे भविष्य में अपने ठेले को बड़े बिजनेस में बदलना चाहते हैं.
प्रिंस दुबे की यह कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है जो बेरोजगारी से परेशान होकर हताश हो जाते हैं. मुश्किल हालातों के बावजूद उन्होंने दिखा दिया कि हिम्मत और मेहनत से हर सपना पूरा किया जा सकता है.
.