जरूरत की खबर- खाली पेट न खाएं ये 10 चीजें: पाचन तंत्र को हो सकता है नुकसान, कैसी हो मॉर्निंग डाइट, जानें न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह

17 मिनट पहलेलेखक: शिवाकान्त शुक्ल

  • कॉपी लिंक

हम कब, क्या और कैसे खाते हैं, इसका हमारी सेहत पर सीधा असर पड़ता है। खासकर सुबह की पहली डाइट हमारे पाचन तंत्र, मेटाबॉलिज्म और पूरे दिन के एनर्जी लेवल को गहराई से प्रभावित करती है। यही हमारे दिनभर की सेहत की बुनियाद भी तय करती है। इसलिए सुबह की डाइट हेल्दी होनी चाहिए।

हालांकि कुछ ऐसे फूड्स हैं, जिन्हें सुबह के समय खाली पेट खाने से बचना चाहिए क्योंकि लंबे समय में ये कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं।

तो चलिए, आज ‘जरूरत की खबर’ में बात करेंगे कि सुबह खाली पेट कौन सी चीजें नहीं खानी चाहिए। साथ ही जानेंगे कि इस समय अपनी डाइट में कौन से फूड्स शामिल करना फायदेमंद है।

एक्सपर्ट: डॉ. अनु अग्रवाल, न्यूट्रिशनिस्ट और ‘वनडाइटटुडे’ की फाउंडर

सवाल- सुबह खाली पेट कौन सी चीजें खाने से बचना चाहिए?

जवाब- सुबह का समय शरीर के लिए सबसे संवेदनशील होता है। ऐसे में खाली पेट ऐसी चीजें नहीं खानी चाहिए, जो पेट पर अतिरिक्त बोझ डाले, एसिडिटी बढ़ाए या पाचन तंत्र को बिगाड़े। नीचे दिए गए ग्राफिक से इसे समझिए-

आइए, अब इन फूड्स के बारे में बताते हैं।

खट्टे साइट्रस फल (संतरा, मौसमी, नींबू)

सबुह खाली पेट संतरा, मौसमी या अनानास जैसे खट्टे फल खाने से इनमें मौजूद सिट्रिक एसिड पेट में एसिडिटी, जलन और गैस पैदा कर सकती है।

कोई भी मीठी चीज

सुबह खाली पेट मीठा खाने से ब्लड शुगर लेवल अचानक बढ़ता है और थोड़ी देर बाद उतनी ही तेजी से गिर भी जाता है। इससे थकान, चिड़चिड़ापन और जल्दी भूख लगने जैसी समस्या हो सकती है।

मीठे सीरियल्स या शुगरी कॉर्नफ्लेक्स

बाजार में मिलने वाले शुगरी सीरियल्स में फाइबर बहुत कम और शुगर बहुत ज्यादा होती है। इन्हें खाली पेट खाने से एनर्जी तो तुरंत मिलती है, लेकिन जल्दी खत्म हो जाती है। इससे एनर्जी क्रैश, सिरदर्द और बार-बार भूख लग सकती है।

कार्बोनेटेड ड्रिंक (कोल्ड ड्रिंक, सोडा)

सुबह खाली पेट कार्बोनेटेड ड्रिंक लेने से पेट में गैस बन जाती है। इससे ब्लोटिंग, एसिड रिफ्लक्स की समस्या हो सकती है। इनमें मौजूद आर्टिफिशियल शुगर और केमिकल्स शरीर पर अतिरिक्त बोझ डालते हैं।

रिफाइंड कार्ब

ब्रेड, मैगी और पेस्ट्री जैसे रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट्स में फाइबर बहुत कम होता है। खाली पेट खाने से ये ब्लड शुगर को बढ़ा देते हैं और लंबे समय में पाचन तंत्र पर भी नकारात्मक असर डाल सकते हैं।

कच्ची सब्जियां

खीरा, टमाटर, शिमला मिर्च जैसी कच्ची सब्जियां फाइबर से भरपूर होती हैं। लेकिन खाली पेट इन्हें पचाना मुश्किल होता है। इससे अपच, गैस और पेट फूलने की समस्या हो सकती है।

दही, छाछ या कोई भी डेयरी प्रोडक्ट

खाली पेट डेयरी प्रोडक्ट्स लेने से इनमें मौजूद लैक्टिक एसिड और बैक्टीरिया पाचन को बिगाड़ सकते हैं। इससे एसिडिटी, गैस और पेट में असहजता हो सकती है। खासतौर पर जिन लोगों को लैक्टोज इंटॉलरेंस है, उन्हें इससे बचना चाहिए।

चाय या कॉफी

खाली पेट चाय या कॉफी पीने से कैफीन और टैनिन पेट की एसिडिटी को बढ़ा देते हैं। इससे जलन, गैस, अपच और आयरन के अब्जॉर्प्शन में कमी हो सकती है। लंबे समय तक आदत पड़ने पर अल्सर का खतरा भी बढ़ सकता है।

तीखा या तेल-मसालेदार भोजन

सुबह पेट पूरी तरह खाली होता है और उसकी लेयर संवेदनशील रहती है। ऐसे में मसालेदार या ऑयली भोजन लेने से इरिटेशन, एसिडिटी और अपच हो सकता है।

आलू और शकरकंद जैसी स्टार्च वाली चीजें

स्टार्च से भरपूर फूड्स खाली पेट गैस और ब्लोटिंग का कारण बन सकते हैं। साथ ही ये ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ाते हैं, जिससे दिनभर थकान और सुस्ती महसूस हो सकती है।

सवाल- सुबह खाली पेट कौन सी चीजें खाना स्वास्थ्य के लिए बेहतर है?

जवाब- डॉ. अनु अग्रवाल बताती हैं कि सुबह खाली पेट ऐसे फूड्स का सेवन करना चाहिए, जो आसानी से पच जाएं, एसिडिटी न बढ़ाएं, एनर्जी दें और शरीर को हाइड्रेट रखें।

सुबह के समय मुनक्का खाना या रातभर भिगोए हुए मुनक्के का पानी पीना पाचन तंत्र के लिए बेहद फायदेमंद है। इसके अलावा सुबह-सुबह अपनी डाइट में कुछ और चीजें भी शामिल कर सकते हैं। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

सवाल- खाली पेट गुनगुना पानी पीने से क्या होता है?

जवाब- सुबह खाली पेट 1-2 गिलास गुनगुना पानी पीने से शरीर डिटॉक्स होता है, पाचन क्रिया सक्रिय होती है और मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है।

सवाल- सुबह नाश्ता स्किप करने से सेहत पर क्या प्रभाव पड़ता है?

जवाब- इससे शरीर की एनर्जी गिरती है, मेटाबॉलिज्म धीमा होता है और दिनभर थकान महसूस हो सकती है। साथ ही बाद में ओवरईटिंग की संभावना भी बढ़ जाती है।

सवाल- जिम जाने वालों के लिए सुबह के ब्रेकफास्ट में क्या लेना चाहिए?

जवाब- जिम जाने वालों के लिए सुबह का ब्रेकफास्ट ऐसे होना चाहिए, जो शरीर को एनर्जी दे, पचने में आसान हो और प्रोटीन प्रदान करे। वर्कआउट से पहले हल्का लेकिन संतुलित डाइट लेना फायदेमंद है। इसमें ओट्स या दलिया जैसी फाइबर युक्त चीजें ले सकते हैं, जो धीरे पचकर लंबे समय तक एनर्जी देती हैं।

अंडे या ग्रीक योगर्ट प्रोटीन का अच्छा सोर्स हैं और मसल बिल्डिंग में मदद करते हैं। साथ ही केला या सेब जैसे फल नेचुरल शुगर और तुरंत एनर्जी प्रदान करते हैं। नट्स और बीज जैसे बादाम, अखरोट, चिया या फ्लैक्ससीड हेल्दी फैट और प्रोटीन का अच्छा सोर्स हैं। ब्रेकफास्ट जिम से लगभग 30–60 मिनट पहले लें और बहुत भारी या ऑयल भोजन से बचें, ताकि वर्कआउट के दौरान पेट में कोई असहजता न हो।

सवाल- क्या सुबह आयुर्वेदिक काढ़ा या हर्बल टी लेना ठीक है?

जवाब- ये आमतौर पर सुरक्षित और फायदेमंद है, बशर्ते उसमें कैफीन या शुगर न हो। ये शरीर को हल्की एनर्जी देते हैं और पाचन तंत्र को सक्रिय करते हैं। अदरक, हल्दी, दालचीनी, तुलसी या पुदीना जैसे हर्ब्स वाले काढ़े या टी इन्फ्लेमेशन कम करने और एंटीऑक्सिडेंट सपोर्ट देने के लिए भी अच्छे माने जाते हैं।

सवाल- वजन घटाने वालों को सुबह खाली पेट क्या खाना चाहिए?

जवाब- वजन घटाने वालों के लिए सुबह खाली पेट ब्रेकफास्ट ऐसा होना चाहिए, जो भूख को कंट्रोल करे, मेटाबॉलिज्म को बढ़ाए और लंबे समय तक एनर्जी दे। इसके लिए हल्का और फाइबर व प्रोटीन युक्त डाइट सबसे बेहतर है।

ओट्स या दलिया जैसी फाइबर-रिच चीजें धीरे पचती हैं और लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करती हैं। अंडे, ग्रीक योगर्ट या नट्स प्रोटीन का अच्छा सोर्स हैं और मसल्स के लिए फायदेमंद भी हैं। साथ ही पर्याप्त पानी पीना और मसालेदार, ऑयली या शुगरी फूड से बचना जरूरी है, ताकि शरीर फैट बर्निंग मोड में रह सके। ……………………. जरूरत की ये खबर भी पढ़िए

जरूरत की खबर- अंकुरित आलू में टॉक्सिक कंपाउंड: खाने से हो सकती हैं 6 हेल्थ प्रॉब्लम्स, जानें आलू को स्टोर करने का सही तरीका

नेशनल कैपिटल पॉइजन सेंटर मुताबिक, अंकुरित आलू सेहत के लिए सही नहीं होते हैं। इसमें सोलेनाइन और चाकोनाइन जैसे कुछ टॉक्सिक तत्‍व होते हैं। इसकी टॉक्सिसिटी से कई हेल्थ प्रॉब्लम्स हो सकती हैं। पूरी खबर पढ़िए…

खबरें और भी हैं…

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *