Last Updated:
Most Luxurious Prisons Of World: भारत में जेलों की स्थिति और दुनिया की सबसे अच्छी जेलों के बीच बड़ा अंतर है. जहां दुनिया की कुछ जेलें कैदियों के पुनर्वास और मानवाधिकारों पर ध्यान केंद्रित करती हैं. वहीं भारतीय जेलों में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. दुनिया की अच्छी जेलों को कैदियों के लिए बेहद आरामदायक बनाया गया हैं. ये जेलें कैदियों के पुनर्वास पर ध्यान केंद्रित करती हैं, न कि केवल दंड देने पर. इन जेलों में कैदियों को एक सामान्य जीवन जीने और समाज में वापस आने के लिए तैयार किया जाता है. इन जेलों में आमतौर पर कैदियों को बेहतर सुविधाएं दी जाती हैं और उनक साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाता है. इस मामले में नॉर्वे का नाम सबसे ऊपर आता है. नॉर्वे की जेलें अपनी मानवीय और पुनर्वास-केंद्रित व्यवस्था के लिए दुनिया भर में मशहूर हैं.

बैस्टॉय जेल (नॉर्वे): यह एक कम-सुरक्षा वाली जेल है जो एक द्वीप पर स्थित है. यहां100 से अधिक कैदी रहते हैं जो छोटे कॉटेज में रहते हैं. कैदियों को यहां कृषि कार्य, मछली पकड़ने, टेनिस खेलने और घुड़सवारी जैसी गतिविधियों में भाग लेने की अनुमति होती है. यह जेल कैदियों को यह महसूस कराती है कि वे समाज के उत्पादक सदस्य बन सकते हैं. जिससे उनके फिर से अपराध करने की संभावना कम हो जाती है.

हल्देन जेल (नॉर्वे): इसे दुनिया की सबसे मानवीय जेल माना जाता है. यहां के कमरे किसी आरामदायक हॉस्टल के कमरे जैसे दिखते हैं, जिनमें फ्लैट स्क्रीन टीवी, बाथरूम और बड़ी खिड़कियां होती हैं. कैदियों के लिए संगीत स्टूडियो, लाइब्रेरी और जिम जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं. जेल के कर्मचारी कैदियों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करते हैं, जिसका उद्देश्य उन्हें समाज में फिर से शामिल होने के लिए तैयार करना है.

ओटैगो करेक्शंस फैसिलिटी (न्यूजीलैंड): इस जेल में कैदियों के लिए रहने के कमरे किसी होटल के कमरों जैसे हैं. यहां कैदियों को किताबें पढ़ने और पढ़ाई करने का अवसर दिया जाता है. इसका उद्देश्य उनके कौशल का विकास करना है ताकि वे जेल से निकलने के बाद एक बेहतर जीवन जी सकें.

जस्टिस सेंटर लियोबेन (ऑस्ट्रिया): यह जेल अहिंसक अपराधियों के लिए डिजाइन की गई है. यहां प्रत्येक कैदी को एक निजी सेल मिलती है जिसमें बाथरूम, किचन और टीवी जैसी सुविधाएं होती हैं. इस जेल की वास्तुकला आधुनिक और खुली है, जो कैदियों को आरामदेह महसूस कराती है.

एचएमपी एडिवेल ( स्कॉटलैंड): यह जेल ‘लर्निंग प्रिजन’ (सीखने की जेल) के रूप में जानी जाती है. यहां कैदियों को सप्ताह में 40 घंटे तक कौशल विकास की ट्रेनिंग दी जाती है. इस ट्रेनिंग का उद्देश्य उन्हें रोजगार के लिए तैयार करना है ताकि वे जेल से बाहर निकलने के बाद एक अच्छा जीवन जी सकें.

अरेनजुएल जेल (स्पेन): इस जेल की सबसे अनूठी विशेषता यह है कि यहां कैदियों के साथ उनका परिवार भी रह सकता है. इस सुविधा का उद्देश्य कैदियों और उनके बच्चों के बीच पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाए रखना है.

जेवीए फुइसबटेल प्रिजन (जर्मनी): हैम्बर्ग में स्थित यह जेल किसी किले जैसी दिखती है, लेकिन अंदर से यह बहुत आरामदायक है, यहां कैदियों को निजी शॉवर, शौचालय और रहने के लिए बड़े कमरे दिए जाते हैं.

सेबु प्रोविंशियल डिटेंशन एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर (फिलीपींस): इस जेल की लोकप्रियता यहां के कैदियों द्वारा किए गए ‘थ्रिलर’ डांस से हुई है. यह डांस कैदियों के लिए एक पुनर्वास कार्यक्रम का हिस्सा है, जिससे उनका मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है. यहां कैदियों को अपनी रचनात्मकता को व्यक्त करने और एक साथ काम करने का अवसर मिलता है.
.