सिंगरौली जिले के सरई में रेलवे स्टेशन रोड पर नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य में लगी गिट्टी मिक्सिंग मशीन अनियंत्रित होकर स्थानीय निवासी राजेश मिश्रा पर चढ़ गई। इस दुर्घटना में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए और बैढ़न जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। शरीर के निचले हिस्से में हुआ गंभीर फ्रैक्चर मशीन राजेश मिश्रा की कमर के हिस्से को कुचलते हुए निकल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे में राजेश का एक पैर दो स्थानों से और दूसरा पैर एक स्थान से पूरी तरह टूट गया था। अत्यधिक चोट और रक्तस्राव के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सरई अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली और ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और घनी आबादी वाले क्षेत्र में मशीनरी के संचालन में लापरवाही बरती गई, जिसके चलते यह जानलेवा दुर्घटना हुई। मिक्सिंग मशीन जब्त, जांच जारी सरई थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल गिट्टी मिक्सिंग मशीन को पुलिस ने जब्त कर लिया है। प्रशासनिक टीम अब इस बात की जांच कर रही है कि निर्माण के दौरान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ था। .