Last Updated:
उत्तराखंड के पहाड़ों की खास भांग की चटनी, जिसमें बीजों का उपयोग किया जाता है और इसमें बिल्कुल नशा नहीं होता. इसे सिल-बट्टे या ग्राइंडर में पीसकर बनाया जाता है और तड़के के साथ परोसा जाता है. यह स्वादिष्ट, प्राकृतिक और ऑथेंटिक पहाड़ी फ्लेवर देती है.
दाल, चावल या रोटी के साथ अगर आप भांग की चटनी खाते हैं, तो इसका कोई नशा नहीं होता. जी हां, आपने भांग के पकोड़े जरूर खाए होंगे, लेकिन उत्तराखंड के पहाड़ों में बनाई जाने वाली भांग की चटनी पूरी तरह सुरक्षित है, क्योंकि इसे भांग के बीजों से बनाया जाता है.
भांग की चटनी तैयार करना बहुत आसान है. सबसे पहले लगभग 200 ग्राम भांग के बीज लें और एक बड़े बर्तन में अच्छी तरह साफ कर लें. ध्यान रखें कि इसमें कोई कंकड़ या अनचाही चीजें न हों, अगर हों तो उन्हें हटा दें.
इसके बाद गैस पर एक कड़ाही रखें और आंच चालू कर दें .अब इसमें साफ किए हुए भांग के बीज डालें और तब तक भूनें जब तक वे कुरकुरे न हो जाएं. ड्राई रोस्ट करने से बीजों में स्वाद और भी निखरकर आता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
लगभग 5 मिनट तक इन्हें ड्राई रोस्ट करने के बाद आप देखेंगे कि बीज भूरे रंग में बदल गए हैं. अब इन्हें ठंडा होने के लिए अलग रख दें. इसके अलावा भांग की चटनी बनाने के लिए आपको धनिया पत्तियां, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन और नमक की भी जरूरत होगी.
अब धनिया पत्तियां, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन को धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. लहसुन की कलियों को छील दें ताकि इसे पीसना आसान हो जाए. अब सिल-बट्टे को अच्छे से साफ पानी से धो लें और उसमें धनिया, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, रोस्ट किए हुए भांग के बीज और स्वादानुसार नमक डालकर सभी सामग्री को बारीक पीस लें.
सिल-बट्टे पर बनाई गई भांग की चटनी का स्वाद पहाड़ी और ऑथेंटिक होता है. अगर आपके घर में सिल-बट्टा उपलब्ध नहीं है, तो आप ग्राइंडर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. लेकिन ध्यान रखें कि इसमें ज्यादा पानी न डालें, क्योंकि अधिक पतला होने पर चटनी का स्वाद प्रभावित हो सकता है.
अब बारी आती है तड़के की। एक पेन को गैस पर रखें और उसे गर्म करें. अगर आप सरसों के तेल में तड़का बनाना चाहते हैं तो एक चम्मच सरसों का तेल डालें, और यदि देसी घी का फ्लेवर चाहिए तो एक चम्मच देसी घी डालें. इसमें सूखी लाल मिर्च और चाहें तो कुछ करी पत्तियां भी डाल सकते हैं. इन्हें अच्छे से फ्राई करने के बाद भांग की ग्राइंड चटनी डालकर धीमी आंच पर थोड़ी देर पकाएं. कई लोग इसे बिना फ्राई किए भी पसंद करते हैं. अब आप इसे दाल-चावल, रोटी या मोमो आदि के साथ आनंद लें.
.