ग्वालियर के पनिहार नयागांव में शराब दुकान के मैनेजर से मारपीट व गोली चलाने वाले बदमाशों ने अब पुलिस पर भी जानलेवा हमला किया है। बदमाशों को पकड़ने के लिए जब तीन थानों की पुलिस मिर्चा गांव पहुंची तो वहां बदमाश खेत में छुपे थे। पुलिस को देखते ही पिस्टल व अधिया से गोलियां चला दीं।
पुलिस ने भी छुपकर अपनी जान बचाई और जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से 09 गोलियां चली हैं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई से बदमाशों के बीच भगदड़ मच गई और मौके से भागने लगे, तभी पुलिस ने पीछा करते हुए दो बदमाशों को पकड़ लिया है, जबकि चार फरार हो गए हैं। हमलावर इतने बेखौफ थे कि वह पुलिस को देखकर भी दहशत में नहीं आ रहे थे बल्कि गोलियां चला रहे थे। पकड़े गए हमलावरों ने पिछले दिन ढाई घंटे में दो हमले किए थे। इसमें मारपीट व गोलीबारी के दो मामले पनिहार व झांसी रोड थाने में दर्ज की गई थीं। पनिहार थाना प्रभारी हरेंद्र शर्मा ने बताया कि एक दिन पहले पनिहार के नयागांव स्थित शराब दुकान के मैनेजर कुलदीप सिंह गुर्जर पर हमला कर मारपीट की गई थी। मारपीट करने वालों में पुलिस ने अमरीश गुर्जर, गजेंद्र गुर्जर, सतेंद्र गुर्जर, रामनिवास गुर्जर, भूपेंद्र गुर्जर, गिर्राज गुर्जर व शैलेंद्र गुर्जर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। सुबह हुई इस माररपीट की घटना के बाद शाम को 4 बजे झांसी रोड थाना स्थित याराना ढाबे पर इन्हीं हमलावरों अमरीश व उसके साथियों ने शराब दुकान के मैनेजर के रिश्तेदार मोहर सिंह गुर्जर को रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए उनकी कार पर गोलीबारी कर दी। हमलावरों की गोली मोहर सिंह गुर्जर के हाथ में लगी। बाद में हमलावर वहां से भाग गए। घायल मोहर सिंह को मुरार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। गोलीबारी की घटना की रिपोर्ट झांसी रोड थाने में दर्ज की गई थी।
मिर्चा गांव में पुलिस और बदमाशों में चली गोलियां
हमलावरों को पकड़ने के लिए झांसी रोड थाना, क्राइम ब्रांच थाना व पनिहार थाना पुलिस की टीम ने एक साथ मिर्चा गांव पहुंची। पुलिस ने देखा कि घरों के पीछे बदमाश खेत में बैठे हुए हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। खेत में पेड़ के पीछे छुपकर बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चलाना शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और पनिहार थाना प्रभारी हरेन्द्र शर्मा, झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, क्राइम ब्रांच थाना के एसआई रमाकांत उपाध्याय व आरक्षक अभिषेक यादव ने एक-एक गोली अपनी सर्विस रिवॉल्वर से फायरिंग की। दोनों तरफ से 09 गोलियां चलाई गई हैं। जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो हमलावर शैलेन्द्र गुर्जर और गिर्राज गुर्जर को पकड़ा है। हालांकि पनिहार थाना प्रभारी हरेन्द्र गुर्जर ने बताया, फायरिंग करने वाले 2 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश कर रही हैं। .