गुना मंडी में बवाल! हजारों ट्रॉलियों की आवक, गेहूं के कम भाव मिलने पर किसान हुए बेकाबू

Last Updated:

Guna Mandi Farmers Protest: मंडी में विवाद की मुख्य वजह गेहूं के भावों में आई अचानक गिरावट रही. किसानों का आरोप है कि जो गेहूं शनिवार को 2600 से 3200 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका था. सोमवार को व्यापारियों ने उसकी बोली महज 2200 से 2600 रुपये के बीच लगाना शुरू कर दी.

Zoom

गुना में किसानों का बवाल.

Guna News: लंबी छुट्टियों के बाद सोमवार को खुली गुना कृषि उपज मंडी में हालात उस समय बेकाबू हो गए, जब उपज की बंपर आवक और गेहूं के गिरते दामों ने किसानों के सब्र का बांध तोड़ दिया. अपनी मेहनत की फसल का वाजिब दाम न मिलने से आक्रोशित हजारों किसान सड़कों पर उतर आए और हनुमान चौराहे के पास एबी रोड पर चक्काजाम कर दिया. स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को प्रदर्शनकारी किसानों को खदेड़ना पड़ा, तब कहीं जाकर घंटों से बाधित यातायात सुचारू हो सका.

दामों में भारी गिरावट से भड़की विरोध की चिंगारी
मंडी में विवाद की मुख्य वजह गेहूं के भावों में आई अचानक गिरावट रही. किसानों का आरोप है कि जो गेहूं शनिवार को 2600 से 3200 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका था. सोमवार को व्यापारियों ने उसकी बोली महज 2200 से 2600 रुपये के बीच लगाना शुरू कर दी. करोंद निवासी किसान महादीप रघुवंशी सहित अन्य अन्नदाताओं का कहना था कि व्यापारी जानबूझकर सिंडिकेट बनाकर भाव गिरा रहे हैं. जब व्यापारियों ने 2000 रुपये के आधार मूल्य से बोली उठाना शुरू किया तो किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने नीलामी रोककर हाईवे पर जाम लगा दिया.

पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर हटाए गए प्रदर्शनकारी किसान
चक्काजाम की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. हाईवे पर ट्रॉलियों की मीलों लंबी कतारों और बढ़ते हंगामे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब किसान सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने सख्ती बरतते हुए उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर खदेड़ा और बलपूर्वक हटाया. इस कार्रवाई के दौरान अफरा-तफरी मच गई और कुछ किसानों ने पुलिस पर मारपीट के गंभीर आरोप भी लगाए. किसानों का कहना है कि उनकी समस्या सुनने के बजाय उन्हें अपराधियों की तरह खदेड़ा गया, जिससे उनमें भारी रोष है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *