बैतूल में उड़ीसा से गांजा लाने वाला मुख्य सप्लायर गिरफ्तार: सब्जी गाड़ी की आड़ में सप्लाई करता था, पहले पकड़े आरोपियों से खुला पूरा रैकेट – Betul News


बैतूल पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उड़ीसा से गांजा लाकर जिले में खपाने वाले मुख्य सप्लायर को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल पिता लच्छू परते, निवासी खापा खाना (झल्लार) के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह सब्जी की गाड़ी लेकर उड़ीसा जाता था और लौटते समय गांजा लाकर अपने साथियों को सप्लाई करता था। यह कार्रवाई 26-27 मार्च 2026 को नेशनल हाईवे स्थित सोना घाटी चौकी के पास हुई पिछली गिरफ्तारी से जुड़ी है। तब कोतवाली पुलिस ने एक एन्जॉय शेवरले वाहन से अवैध गांजा परिवहन करते हुए दो आरोपियों रामेश्वर विश्वकर्मा और मुकेश जावलकर निवासी झल्लार को गिरफ्तार किया था। इस मामले में थाना कोतवाली में केस दर्ज किया गया था। कोतवाली थाना पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। इस ऑपरेशन में निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उप निरीक्षक उत्तम मस्तकार, उप निरीक्षक बसंत आहके सहित आरक्षक अनिरुद्ध और नितिन चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने आम नागरिकों से अपील की कि अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय या परिवहन से संबंधित कोई भी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने समाज को नशामुक्त बनाने में जनता की सहभागिता को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *