Last Updated:
Special Pahadi Chutney Recipe: अगर आपने पहाड़ों की मशहूर तिमूर की चटनी नहीं चखी, तो समझिए आपने एक जादुई स्वाद को मिस कर दिया है. उत्तराखंड के ऊंचे हिमालयी इलाकों में पाए जाने वाले जंगली मसाले तिमूर से बनी यह चटनी न केवल अपनी भीनी-भीनी नींबू जैसी खुशबू के लिए जानी जाती है, बल्कि इसका तीखापन और अनोखी झनझनाहट साधारण खाने को भी शाही बना देती है. सिलबट्टे पर पिसी हुई इस चटनी का स्मोकी फ्लेवर और भुने हुए टमाटरों का मेल एक ऐसा स्वाद देता है जिसे भूल पाना नामुमकिन है. आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका.
Special Pahadi Chutney: अगर आपने कभी पहाड़ों की तिमूर की चटनी नहीं खाई, तो यकीन मानिए आपने एक बेहद अनोखे स्वाद को मिस कर दिया है. पहाड़ी इलाकों में बनने वाली यह चटनी सिर्फ अपने जायके के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी खास खुशबू और जुबान पर होने वाली हल्की झनझनाहट के लिए मशहूर है. तिमूर दरअसल एक जंगली मसाला होता है, जिसकी खुशबू हल्की नींबू जैसी और स्वाद थोड़ा तीखा होता है. जब इसे चटनी में मिलाया जाता है, तो यह साधारण खाने का मजा भी कई गुना बढ़ा देता है.
बेहद आसान है इसे बनाने की विधि
तिमूर की चटनी बनाना बहुत ही सरल है और इसमें ज्यादा वक्त भी नहीं लगता. इसे आप दाल-चावल, रोटी या गरमा-गरम पराठों के साथ खा सकते हैं. इसे तैयार करने के लिए आपको चाहिए. एक छोटी चम्मच तिमूर, 2-3 सूखी लाल मिर्च, 2 मध्यम आकार के टमाटर, एक चम्मच साबुत धनिया, स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा हरा धनिया.
बेहतरीन स्वाद पाने के लिए सबसे पहले टमाटरों को गैस पर हल्का भून लें. जब टमाटर नरम हो जाएं और उनका छिलका थोड़ा काला पड़ जाए, तो उन्हें ठंडा करके छील लें. इससे चटनी में एक सोंधी सी खुशबू आती है. इसके बाद सिलबट्टे या मिक्सर में तिमूर, लाल मिर्च, साबुत धनिया और नमक डालकर दरदरा पीस लें. जिसके बाद लास्ट में भुने हुए टमाटर और हरा धनिया मिलाकर इसे अच्छी तरह पीस लें जब तक कि गाढ़ी चटनी तैयार न हो जाए.
यह भी पढ़ें: दाल-मखनी भी लगेगी फीकी! अगर चख ली ये खास पहाड़ी डिश, सेहत के लिए भी है वरदान, जानें बनाने का तरीका
सिलबट्टे का स्वाद है सबसे लाजवाब
वैसे तो आप इसे मिक्सर में भी बना सकते हैं, लेकिन अगर आप असली पहाड़ी स्वाद चाहते हैं, तो सिलबट्टे पर पिसी हुई चटनी का मुकाबला कोई नहीं है. तिमूर की चटनी की सबसे बड़ी खासियत इसका खट्टा-तीखापन और वो झनझनाहट है, जो इसे दुनिया की बाकी चटनियों से बिल्कुल अलग बनाती है.
क्या कहती हैं एक्सपर्ट
स्थानीय गृहणी नर्वदा देवी बताती हैं कि पहाड़ों में तिमूर की चटनी हर घर की पहचान है. इसका स्वाद इतना अलग होता है कि एक बार चखने के बाद इंसान इसे बार-बार खाना चाहता है. आज के दौर में जहां लोग नई-नई डिशेज ट्राई करते हैं, वहीं तिमूर की यह पारंपरिक चटनी अपने पुराने और असली स्वाद की वजह से आज भी हर किसी की पहली पसंद बनी हुई है.
तो अगर आप भी बोरियत भरे खाने में जान फूंकना चाहते हैं, तो एक बार इस पहाड़ी चटनी को जरूर ट्राई करें.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
.