गर्मी में सेहत के लिए बेस्ट हैं ये ड्राई फ्रूट्स, शरीर में भर देंगे एनर्जी, ऐसे करें सेवन

Last Updated:

Best Dry Fruits for Summer: गर्मियों में खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए. अक्सर लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडी चीजें खाना पसंद करते हैं. गर्मी में अधिकतर लोग ड्राई फ्रूट्स खाने से बचते हैं, लेकिन इनमें पोषक तत्वों का भंडार होता है. गर्मी में भी रातभर पानी में भिगोकर बादाम, किशमिश और अखरोट का सेवन किया जाए, तो शरीर को अनगिनत फायदे मिल सकते हैं. डाइटिशियन की मानें तो सूखे मेवों को भिगोकर खाने से उनकी तासीर संतुलित रहती है और पाचन बेहतर होता है.

गर्मियों का मौसम आते ही शरीर में थकान, कमजोरी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं. चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के कारण शरीर की एनर्जी तेजी से कम होती है, जिससे दिनभर सुस्ती महसूस हो सकती है. ऐसे में सही खान-पान बेहद जरूरी हो जाता है. ड्राई फ्रूट्स पोषण से भरपूर होते हैं और सही तरीके से सेवन करने पर गर्मियों में भी शरीर को जरूरी एनर्जी और ताकत प्रदान कर सकते हैं.

नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की फाउंडर और डाइटिशियन कामिनी सिन्हा ने News18 को बताया कि अक्सर लोगों को लगता है कि ड्राई फ्रूट्स की तासीर गर्म होती है, इसलिए इन्हें गर्मियों में नहीं खाना चाहिए. हालांकि यह पूरी तरह सही नहीं है. अगर गर्मी में ड्राई फ्रूट्स को सही मात्रा और सही तरीके से खाया जाए, तो ये शरीर को ठंडक, ताकत और जरूरी पोषक तत्व प्रदान करते हैं. इनमें मौजूद विटामिन, मिनरल्स और हेल्दी फैट्स शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं.

बादाम गर्मियों में सबसे फायदेमंद ड्राई फ्रूट्स में से एक है. इसमें विटामिन E, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो दिमाग और त्वचा के लिए फायदेमंद होते हैं. डाइटिशियन ने बताया कि बादाम को रातभर पानी में भिगोकर सुबह छीलकर खाएं. इससे इसकी तासीर हल्की हो जाती है और पाचन भी बेहतर रहता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

किशमिश भी गर्मियों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है. यह शरीर को तुरंत एनर्जी देने का काम करती है और इसमें आयरन व फाइबर अच्छी मात्रा में होता है. भीगी हुई किशमिश खाने से शरीर में पानी की कमी पूरी होती है और पाचन तंत्र भी मजबूत होता है. यह कमजोरी और थकान को दूर करने में मदद करती है.

अखरोट दिमाग के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है, जो ब्रेन हेल्थ को बेहतर बनाता है. गर्मियों में इसे सीमित मात्रा में खाना चाहिए और बेहतर होगा कि इसे भी रातभर भिगोकर खाया जाए, ताकि यह आसानी से पच सके और शरीर पर अतिरिक्त गर्मी न डाले.

काजू और पिस्ता भी एनर्जी के अच्छे सोर्स हैं, लेकिन इन्हें सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए. इनमें हेल्दी फैट्स और प्रोटीन होते हैं, जो शरीर को ताकत देते हैं. हालांकि ज्यादा मात्रा में सेवन करने से वजन बढ़ सकता है या शरीर में गर्मी बढ़ सकती है, इसलिए संतुलन जरूरी है.

खजूर को अक्सर सर्दियों का फल माना जाता है, लेकिन गर्मियों में भी इसे सीमित मात्रा में खाया जा सकता है. यह शरीर को इंस्टेंट एनर्जी देता है और कमजोरी को दूर करता है. अगर आप ज्यादा थकान महसूस करते हैं, तो 1-2 खजूर का सेवन फायदेमंद हो सकता है, लेकिन डायबिटीज के मरीजों को इसका सेवन डॉक्टर की सलाह से करना चाहिए.

डाइटिशियन के अनुसार सबसे जरूरी बात यह है कि ड्राई फ्रूट्स का सेवन सही तरीके और मात्रा में किया जाए. गर्मियों में सूखे मेवों को भिगोकर खाना बेहतर होता है, इससे उनकी तासीर संतुलित रहती है और पोषक तत्व भी अच्छी तरह अवशोषित होते हैं. साथ ही पर्याप्त पानी पीना और संतुलित आहार लेना भी जरूरी है.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *