बालकनी में उगाएं चमेली का पौधा, महक उठेगा घर का कोना-कोना, जानें तरीका

चमेली एक खुशबूदार फूलों वाला पौधा है, जो झाड़ी या बेल के रूप में उगता है. इसकी मधुर खुशबू के कारण इसे इत्र, लोशन और कॉस्मेटिक प्रोडक्ट में भी इस्तेमाल किया जाता है. कई संस्कृतियों में इसे धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा में भी शामिल जाता है. इतना ही नहीं ये फूल सालों से महिलाओं के बालों की खूबसूरती बढ़ाने के लिए गजरे के रूप में इस्तेमाल किए जाते हैं.

ऐसे में यदि आप इसे अपनी बालकनी में लगाते हैं, तो आपका घर भी खुशबू से भर सकता है. यहां आप चमेली के बेल को घर में लगाने का आसान तरीका जान सकते हैं.

सही किस्म चुनें
पॉट और सीमित धूप के लिए चमेली के ऐसे किस्म को चुनें जो इन परिस्थितियों में अच्छी तरह बढ़ सकें. जैसे, अरबियन जेस्मिन और जैस्मिनम पॉलियेंथम
बालकनी के लिए उपयुक्त होते हैं. ये छोटे आकार के होते हुए भी खूब फूल देते हैं.

सही पॉट का चुनाव
कम से कम 12-14 इंच गहरा पॉट लें ताकि जड़ें फैल सकें. पॉट में ड्रेनेज होल जरूर हो, ताकि जड़ें सड़ न जाएं. बेल वाले चमेली के लिए ट्रेलिस या रेलिंग का सहारा दें. इससे पौधा ऊपर की ओर बढ़ेगा, जगह बचेगी और सुंदर ग्रीन वॉल जैसी बनावट बनेगी.

मिट्टी और खाद
चमेली को हल्की, पोषक तत्वों वाली और अच्छी तरह निथरने वाली मिट्टी पसंद है. बगीचे की मिट्टी, कंपोस्ट और पर्लाइट या रेत मिलाकर बेहतरीन मिश्रण तैयार करें. मिट्टी को हल्की गीली रखें, पर जलभराव न होने दें. हर महीने थोड़ी जैविक खाद डालें ताकि पौधा स्वस्थ रहे और फूल अच्छी मात्रा में आएं. वसंत और गर्मियों में हर 2-4 सप्ताह में संतुलित या फॉस्फोरस युक्त जैविक खाद दें.

धूप और स्थान
पौधे को रोजाना 4-6 घंटे धूप मिलनी चाहिए. सुबह की हल्की धूप सबसे अच्छी होती है. दोपहर की तेज धूप से पत्तियां जल सकती हैं, इसलिए उसे बचाएं. अगर बालकनी में आंशिक छाया है, तो सुनिश्चित करें कि पौधे को पर्याप्त अप्रत्यक्ष रोशनी मिले.

कम पानी दें
जब मिट्टी की ऊपरी परत सूखी लगे, तब पानी दें. ज्यादा पानी देने से पत्तियां पीली हो सकती हैं और जड़ सड़ सकती है. गर्मियों में रोजाना पानी देना पड़ सकता है, जबकि सर्दियों में पानी कम दें, लेकिन मिट्टी पूरी तरह सूखी न होने दें.

छंटाई करें
फूल खिलने के बाद नियमित रूप से छंटाई करें. इससे नए अंकुर बढ़ेंगे और पौधा घना और सुंदर रहेगा. सही छंटाई की वजह से कीड़े कम लगेंगे और हवा का सर्कुलेशन भी अच्छा रहेगा.

कीट और मौसम से सुरक्षा
बालकनी में हवा, सूखापन या कीड़े जैसे एफिड्स और स्पाइडर माइट्स चेमली के लिए हानिकारक हो सकते हैं. पौधे को तेज हवा और कठोर मौसम से बचाएं. नींबू तेल और हल्के जैविक स्प्रे का इस्तेमाल कीट नियंत्रण के लिए करें, ये फूलों को नुकसान नहीं पहुंचाते.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *