MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
नरसिंहपुर के करकबेल गांव में शराब दुकान प्रस्ताव का ग्रामीणों ने किया विरोध
नरसिंहपुर जिले के करकबेल गांव में प्रस्तावित शराब दुकान के खिलाफ ग्रामीणों ने जोरदार विरोध जताया. स्कूल और मंदिर के पास दुकान खोलने के कारण नाराज ग्रामीण, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं. गोटेगांव पहुंचकर एसडीएम और एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा और दुकान निरस्त करने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी.
देवास में भाजपा नेता गिरफ्तार: पत्नी से मारपीट और महिला नेत्री से रिश्तों का आरोप, पद से भी हटाए गए
देवास में भाजपा के नगर मंत्री राजू सोनी को पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया. पत्नी ने उन पर मारपीट और एक भाजपा नेत्री से संबंध होने का आरोप लगाया. 26 मार्च को दर्ज शिकायत में बताया गया कि 14 मार्च को विवाद के बाद उनके साथ मारपीट हुई थी. पहले समझौता हुआ, लेकिन 25 मार्च को फिर विवाद बढ़ गया. मामला सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आया. पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई. पार्टी ने दोनों को पद से हटा दिया.
जनगणना 2027 की शुरुआत आज से, एमपी-छत्तीसगढ़ में 16 से 30 अप्रैल तक चलेगा पहला चरण
देशभर में जनगणना 2027 की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है. यह कार्य चरणबद्ध तरीके से अलग-अलग राज्यों में तय तारीखों के अनुसार किया जाएगा। पहले चरण में मकान और परिवार से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में यह चरण 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा. इस दौरान अधिकारी घर-घर जाकर जरूरी आंकड़े जुटाएंगे. सरकार के लिए यह जनगणना बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इससे विकास योजनाओं और नीतियों को बेहतर तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी.
सागर दीवार हादसे पर बड़ा फैसला: 9 बच्चों की मौत मामले में 3 आरोपियों को 3-3 साल की सजा
4 अगस्त 2024 को सागर जिले के शाहपुर में हुए दर्दनाक हादसे में दीवार गिरने से 9 बच्चों की मौत के मामले में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. अदालत ने इस मामले में तीन आरोपियों को 3-3 साल की सजा सुनाई है. दोषियों में एक रिटायर्ड शिक्षक, जिनके घर की दीवार गिरी, और दूसरे आयोजक शामिल हैं, जो वहां शिवलिंग निर्माण करा रहे थे. इस घटना के बाद प्रशासन पर भी सवाल उठे थे, जिसके चलते तत्कालीन कलेक्टर और एसपी को सरकार ने हटा दिया था.
थ्रेसर मशीन बनी मौत का जाल! गेहूं निकालते वक्त 27 साल के किसान की दर्दनाक मौत
सीहोर जिले के आष्टा क्षेत्र के ग्राम भंवरा में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. यहां खेत में गेहूं निकालते समय थ्रेसर मशीन की चपेट में आने से 27 वर्षीय किसान उपेंद्र सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि रात करीब 3:30 बजे उपेंद्र अपने खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान थ्रेसर मशीन में तकनीकी खराबी आ गई. जब वे मशीन की पंखुड़ी ठीक करने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक उनका हाथ मशीन में फंस गया और संतुलन बिगड़ने से वे पूरी तरह मशीन की चपेट में आ गए. हादसा इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें आष्टा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बाढ़ राहत घोटाले में फंसी तहसीलदार को झटका! अमिता सिंह तोमर की जमानत खारिज, 6 अप्रैल तक जेल में रहेंगी
श्योपुर में बाढ़ राहत घोटाले से जुड़ी महिला तहसीलदार अमिता सिंह तोमर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. कोर्ट ने उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया है, जिससे उन्हें फिलहाल जेल में ही रहना होगा. अब इस मामले की अगली सुनवाई 6 अप्रैल को होगी. जानकारी के मुताबिक, तहसीलदार को आरबीसी के तहत अधिकतम 50 हजार रुपये तक राहत राशि स्वीकृत करने का अधिकार होता है, लेकिन अमिता सिंह तोमर ने कुछ मामलों में नियमों को दरकिनार करते हुए करीब डेढ़ लाख रुपये तक की राशि मंजूर कर दी. यह मामला साल 2021 की बाढ़ राहत से जुड़ा है, जब वे बड़ौदा तहसील में पदस्थ थीं. फिलहाल वे शिवपुरी जेल में बंद हैं और मामले की जांच जारी है.
पूर्व डिप्टी सीएम सुभाष यादव की 80वीं जयंती आज, बोरावां में जुटेंगे हजारों कांग्रेसी
प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय सुभाष यादव की 80वीं जयंती आज भक्ति दिवस के रूप में मनाई जाएगी. उनके गृह गांव बोरावां में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा, जहां हजारों कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल होंगे. इस मौके पर उनके पुत्र एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव भी मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम में स्वर्गीय सुभाष यादव को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके किसान हितैषी कार्यों को याद किया जाएगा और किसानों के हित में काम करने का संकल्प लिया जाएगा.
आज से शुरू ‘स्कूल चलें हम’ अभियान, 4 अप्रैल तक बच्चों को स्कूल लाने पर रहेगा फोकस
प्रदेश में आज से “स्कूल चलें हम” अभियान की शुरुआत हो रही है. स्कूल शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारियों को लेकर सभी जिलों के कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. इस अभियान का राज्य स्तरीय कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में आयोजित होगा. 4 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान के दौरान नामांकन बढ़ाने, ड्रॉपआउट बच्चों को वापस स्कूल लाने और जागरूकता फैलाने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
सीएम मोहन यादव का आज का फुल टाइट शेड्यूल: भोपाल से दिल्ली तक लगातार मीटिंग्स और कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज का दिन काफी व्यस्त रहने वाला है. वे सुबह 10:30 बजे टी.टी. नगर, भोपाल स्थित मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचेंगे, जहां राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव और निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे. इसके बाद सुबह 11:30 बजे समत्व भवन में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम लिमिटेड के संचालक मंडल की 48वीं बैठक में हिस्सा लेंगे. दोपहर 2:30 बजे भोपाल से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे और शाम 4:20 बजे मध्यप्रदेश भवन, नई दिल्ली में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे.
1 अप्रैल से महंगाई का बड़ा झटका! दूध से लेकर बिजली तक सब महंगा, जेब पर डबल अटैक
1 अप्रैल से आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ने वाला है. नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही कई जरूरी चीजें महंगी हो गई हैं. टीवी, एसी, दूध, ब्रेड, डिटर्जेंट और साबुन जैसी रोजमर्रा की चीजों के दाम 20 से 25% तक बढ़ सकते हैं. मध्यप्रदेश में बिजली के रेट करीब 4.80% तक बढ़ गए हैं, जिससे गर्मी में खर्च और बढ़ेगा. इसके अलावा ATM की फ्री लिमिट खत्म होने के बाद ज्यादा चार्ज देना होगा. टोल प्लाजा पर अब कैश की बजाय ऑनलाइन पेमेंट और फास्टैग अनिवार्य होगा, जिसकी कीमत भी बढ़ सकती है. 30 रुपये वाला ब्रेड अब 35 रुपये में मिलेगा, वहीं लग्जरी घड़ियों पर भी ज्यादा टैक्स लगेगा.
भोपाल में उबाल! हत्या के विरोध में हिंदू संगठनों का सीएम हाउस तक मार्च, मुख्य आरोपी पर 30 हजार का इनाम
भोपाल में सोमवार को हुई सनसनीखेज हत्या के बाद माहौल गरमा गया है. विजय मेवाड़ा को न्याय दिलाने के लिए सकल हिंदू समाज के आह्वान पर हिंदू संगठनों ने मुख्यमंत्री निवास तक पैदल मार्च निकाला. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों पर NSA लगाने और बुल्डोजर कार्रवाई की मांग की. बताया जा रहा है कि मामूली विवाद के चलते बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर विट्टू राजपूत की हत्या कर दी थी. मामले में दो आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी आसिफ बम अभी फरार है. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है और उसकी तलाश जारी है.
.