MP में पश्चिमी विक्षोभ का कहर शुरू; IMD अलर्ट, 3 दिन इन जिलों में होगी बारिश, गिरेंगे ओले

रिपोर्ट: रमाकांत दुबे

MP Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से मध्य प्रदेश के मौसम में तेजी से बदलाव आया है. मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 3-4 दिनों तक बारिश, ओलावृष्टि, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. 3 अप्रैल तक कई इलाकों में 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है, जिससे फसलों को नुकसान होने की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में ग्वालियर, भिंड, मुरैना और दतिया जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, देवास, इंदौर, उज्जैन समेत अन्य कई जिलों में तेज आंधी-तूफान और बारिश का येलो अलर्ट है.

खरगोन में अचानक बारिश
वहीं, सोमवार को खरगोन के आदिवासी क्षेत्रों में अचानक बेमौसम बारिश के साथ ओले गिरे. चिरिया सहित कई गांवों, भगवानपुरा और झिरन्या क्षेत्र में जोरदार बारिश हुई. दिनभर तेज धूप के बाद शाम को मौसम ने करवट ली. किसानों की चिंता बढ़ गई है. गेहूं और चने की फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है.

मंदसौर में खूब गिरे ओले
यही हाल मंदसौर में भी रहा. जिले का मौसम अचानक बिगड़ा. गांधीसागर क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई. खेतों में कटी पड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. शहर में भी घने बादल छाए रहने से किसानों की सांसें अटकी हुई हैं. क्योंकि, अब भी खेतों में गेहूं और चने की फसल खड़ी है.

मैहर में आंधी-तूफान
इसी तरह मैहर में भी अचानक आंधी-तूफान, गरज-चमक और तेज बारिश हुई. गर्मी से राहत तो मिली लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई. आसपास के क्षेत्रों में छोटे-छोटे ओले भी गिरे. तेज हवाओं और बारिश के कारण फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है.

उज्जैन में गिरे ओले.

भोपाल-उज्जैन भी तर
भोपाल और उज्जैन की बात करें तो मध्य प्रदेश की राजधानी में सुबह से बादल छाए रहे, बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलीं. वहीं, उज्जैन में दिनभर धूप के बाद शाम को घने बादल, तेज हवाओं, बिजली की गरज और बारिश के साथ ओले भी गिरे.

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है, जो अगले कुछ दिनों तक सक्रिय रहेगा. किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है. प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की सूचनाएं आ रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग ने 3 अप्रैल तक सतर्कता बरतने की अपील की है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *