बैतूल में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर 2 अप्रैल 2026 को श्री मेहंदीपुर बालाजी की रथयात्रा निकाली जाएगी। श्री मेहंदीपुर बालाजी भक्त मंडल समिति द्वारा आयोजित यह 15वीं रथयात्रा होगी, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं।
.
कोठी बाजार स्थित श्री हनुमान मंदिर (न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड के सामने) से शाम 5 बजे स्वर्ण रथ पर विराजमान श्री मेहंदीपुर बालाजी महाराज नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे। रथ के निर्माण, सजावट और रंग-रोगन का कार्य अंतिम चरण में है, जिसे स्थानीय कलाकार दिग्विजय बरदे और श्याम सोनी अपने साथियों के साथ मिलकर तैयार कर रहे हैं।
समिति के अनुसार, इस वर्ष भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रथ के रस्सों की लंबाई बढ़ाई गई है। महिला और पुरुष श्रद्धालु अलग-अलग रस्सों से रथ खींचेंगे। यात्रा थाना रोड, लल्ली चौक, मुल्लाजी पेट्रोल पंप, टांगा स्टैंड गंज और बिजासनी माता मंदिर होते हुए गंज माता मंदिर के पास समाप्त होगी।
चांदी के चरण और चांदी का जनेऊ तैयार इस वर्ष रथयात्रा के लिए विशेष रूप से लगभग एक किलो वजनी चांदी के चरण और चांदी का जनेऊ तैयार कराया गया है, जिसे बालाजी महाराज को समर्पित किया जाएगा। इससे पहले भी समिति द्वारा तीन चांदी के छत्र भेंट किए जा चुके हैं।
श्रद्धालु रथयात्रा के दौरान अपनी अर्जी भी लगा सकेंगे। मान्यता है कि लाल कपड़े में सिक्का, चावल और मनोकामना लिखकर अर्पित की गई अर्जी को बाद में मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में समर्पित किया जाता है।
रथयात्रा के दौरान पांच स्थानों पर महाआरती आयोजित होगी और श्रद्धालुओं को पवित्र जल के छींटे प्रसाद स्वरूप दिए जाएंगे। साथ ही पंचमेवा का महाप्रसाद भी वितरित किया जाएगा।
समिति ने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों के सामने रंगोली सजाकर और दीप प्रज्वलित कर रथयात्रा का स्वागत करें। आयोजन की सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं और उन्हें अंतिम रूप दिया जा रहा है।
.