Last Updated:
नारियल का छिलका सिर्फ फेंकने की चीज नहीं है. ग्रामीण और एक्सपर्ट पुष्पा देवी के अनुसार, इसका इस्तेमाल बर्तन साफ करने, जैविक खाद बनाने, सजावट, गमला और ज्वेलरी बनाने में किया जा सकता है. इसके अलावा, नारियल के छिलके से बनाया गया चारकोल और एक्टिवेटेड कार्बन पानी शुद्धिकरण और व्यावसायिक उपयोग में भी काम आता है.
ग्रामीण और एक्सपर्ट पुष्पा देवी लोकल18 से बताती हैं कि नारियल के छिलके का इस्तेमाल कई तरीकों से किया जा सकता है. पहले के समय में इसे बर्तन साफ करने के लिए उपयोग किया जाता था, क्योंकि पुराने जमाने में खाना चूल्हे पर बनता था और यह जले हुए बर्तनों को आसानी से साफ कर देता था.
नारियल के छिलके का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे जैविक खाद तैयार की जा सकती है, जो हमारे गार्डन में खूब इस्तेमाल होती है. इसके उपयोग से फूलों और सब्जियों के पौधे तेजी से बढ़ते हैं, क्योंकि इसमें कार्बन की अधिक मात्रा होती है जो मिट्टी को जैविक और उपजाऊ बनाती है.
नारियल के छिलके का प्रयोग सजावट में भी किया जा सकता है. इसे धागे में पिरोकर आप कई जगह देख सकते हैं रेस्टोरेंट, होटल या बड़े पंडालों में, जहां इसका इस्तेमाल डेकोरेशन के रूप में किया जाता है और यह पूरे सजावट को नेचुरल लुक देने का काम भी करता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
नारियल के छिलके से बटन, हार, कंगन और अन्य ज्वेलरी बनाई जाती है. यह फैशन इंडस्ट्री में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है क्योंकि यह इको-फ्रेंडली और यूनिक होता है. छिलके को काटकर और पॉलिश करके अलग-अलग डिजाइन तैयार किए जाते हैं, जो प्लास्टिक के बटन का बेहतरीन विकल्प हैं और कपड़ों में लुक बढ़ाने का काम करते हैं.
नारियल के छिलके का इस्तेमाल गमले के रूप में भी किया जा सकता है. यह छोटे पौधों, सजावटी पौधों और नर्सरी पौधों के लिए बहुत उपयोगी होता है. इसमें पानी अच्छी तरह से निकलता है, जिससे पौधों की जड़ें खराब नहीं होतीं. साथ ही यह पूरी तरह ऑर्गेनिक होता है और मिट्टी में मिलकर खाद का काम भी करता है.
नारियल के छिलके का इस्तेमाल चारकोल बनाने में भी किया जा सकता है. इससे बनाया गया चारकोल सामान्य लकड़ी के चारकोल की तुलना में अधिक ताप देता है और लंबे समय तक जलता है.
नारियल चारकोल से एक्टिवेटेड कार्बन भी बनाया जाता है, जिसका इस्तेमाल पानी को साफ करने और दवाइयों में किया जाता है. व्यावसायिक दृष्टिकोण से देखें तो यह अच्छा मुनाफा देने वाला विकल्प है, क्योंकि इस क्षेत्र में बाजार में अभी प्रतियोगिता कम ही दिखाई देती है.
.