Iran War के कारण इंटरनेट कनेक्टिविटी पर मंडरा रहा खतरा, भारत ने शुरू कर दी तैयारी

Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

Iran War Impact on Internet: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच पिछले एक महीने से जारी युद्ध के कारण तेल और गैस सप्लाई के बाद अब इंटरनेट पर भी असर पड़ने के हालात आ गए हैं. दरअसल, लाल सागर और होर्मुज स्ट्रेट से कई इंटरनेट केबल्स गुजरती हैं. कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ईरान ने इन केबल्स को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है. अगर ऐसा होता है तो भारत समेत कई देशों में इंटरनेट कनेक्टिविटी पर असर पड़ सकता है. इसे देखते हुए भारत सरकार ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है. 

कंपनियों को दिए गए तैयार रहने के निर्देश

मनीकंट्रोल के अनुसार, हाल ही में हुई एक मीटिंग में दूरसंचार विभाग (DoT) के अधिकारियों ने टेलीकॉम और सबसी केबल ऑपरेटर्स को बैकअप प्लान तैयार रखने को कहा है. ईरान युद्ध के चलते इंटरनेट केबल्स के टूटने के खतरे के साथ-साथ इनकी मेंटेनेंस में भी देरी हो सकती है, जिससे भारत के साथ-साथ कई यूरोपीय देशों की कनेक्टिविटी भी ठप्प हो सकती है. सरकार ने ऑपरेटर्स से संभावित खतरों की समीक्षा करने को कहने के साथ बैकअप प्लान में लगने वाले समय के बारे में जानकारी ली है. कंपनियों ने भी सरकार से इंटरनेट केबल की सुरक्षा के लिए ईरान के साथ बातचीत में मदद मांगी है.

समंदर में बिछे इंटरनेट केबल से गुजरता है 95 प्रतिशत डेटा

दुनियाभर में इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए समंदर में केबल्स बिछाई गई हैं. इनके जरिए लगभग 95 प्रतिशत ग्लोबल डेटा फ्लो होता है. भारत के पास 14 लैंडिंग स्टेशनों पर 17 ऐसी केबल्स हैं. ये लैंडिंग स्टेशन चेन्नई, मुंबई, कोच्चि और तूतीकोरिन आदि जगहों पर बने हुए हैं. अगर होर्मुज स्ट्रेट और लाल सागर में बिछाई गईं केबल्स को नुकसान पहुंचता है तो भारत के इंटरनेट ट्रैफिक को दूसरे रूट्स से डायवर्ट किया जा सकता है, लेकिन इससे स्पीड पर असर पड़ेगा और उन रूट्स पर लोड पहले की तुलना में ज्यादा हो जाएगा.

इन जगहों पर खराब हुई स्थिति

समंदर में बिछी इंटरनेट केबल्स को इस समय दो जगहों पर ज्यादा खतरा है. ये जगहें होर्मुज स्ट्रेट और लाल सागर में स्थित Bab-el-Mandeb है. युद्ध के कारण इन दोनों ही जगहों पर स्थिति खराब बनी हुई है. होर्मुज स्ट्रेट पर इस समय ईरान का पूरा नियंत्रण है. वहीं दूसरी तरफ ईरान समर्थित हूती विद्रोही Bab-el-Mandeb को ब्लॉक करने की धमकी दे रहे हैं. लाल सागर में पहले से ही स्थिति थोड़ी खराब थी और अब युद्ध शुरू होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट भी चॉकिंग प्वाइंट बन गया है.

ये भी पढ़ें-

Tech Tips: इंडक्शन पर बनाना है लजीज खाना तो कितना रखना चाहिए टेंपरेचर? यहां जान लें सब कुछ

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *