छतरपुर में सड़क हादसा: पति की मौत, पत्नी घायल: बंधा तिगड्डा के पास कार ने बाइक सवार व राहगीरों को कुचला, 4 अन्य घायल – Chhatarpur (MP) News


छतरपुर जिले के घुवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधा तिगड्डा के पास शुक्रवार रात सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। तेज रफ्तार अर्टिका कार ने पहले बाइक सवार दंपति को टक्कर मारी, इसके बाद राहगीरों को भी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार गोरखपुरा निवासी 50 वर्षीय बैनी प्रसाद कुशवाहा अपनी पत्नी हरीबाई कुशवाहा के साथ उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के गोना कुशमाड से अपने गांव लौट रहे थे। तभी बंधा तिगड्डा के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों दूर जा गिरे। राहगीर भी आए चपेट में प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे चल रहे राहगीरों को भी टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुवारा पहुंचाया गया। मेडिकल ऑफिसर डॉ. आनंद यादव के अनुसार बैनी प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को जिला अस्पताल रेफर प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को टीकमगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *