LIVE: भोपाल में जुटेंगे तीन राज्यों के विधायक; PM के बाद अब CM की बड़ी बैठक

MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…

खरगोन में उद्योगपति के घर फायरिंग मामला गरमाया, कार्रवाई की मांग को लेकर राजपूत समाज का प्रदर्शन
खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव में उद्योगपति दिलीप राठौर के घर हुई फायरिंग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. घटना के 12 दिन बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज राजपूत समाज ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. समाज ने आरोप लगाया कि मामले में राजनीतिक संरक्षण के चलते पुलिस निष्क्रिय बनी हुई है. दिलीप राठौर ने दावा किया है कि फायरिंग की घटना में स्थानीय लोगों की संलिप्तता है और इसके संबंध में पुलिस को प्रमाण भी सौंपे गए हैं. उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में भी उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिल चुकी है. घटना 16 मार्च की शाम की है, जब तीन अज्ञात बाइक सवार उनके घर के बाहर फायरिंग कर फरार हो गए थे. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद राठौर के पुत्र सत्येंद्र राठौर ने 10 करोड़ की फिरौती और फायरिंग की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. मंडलेश्वर एसडीओपी श्वेता शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी.

Indore MP News: इंदौर में खड़ी कार में लगी आग से मासूम की दर्दनाक मौत
इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां खड़ी कार में अचानक आग लगने से 3 साल 6 माह के मासूम की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार मर्ग क्रमांक 18/26 धारा 194 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है. मृतक का नाम चिराग पिता संजय भायडीया (जाति भील), निवासी रालामंडल, तेजाजीनगर इंदौर है. घटना 20 मार्च 2026 को सुबह करीब 11 बजे इंदौर-खंडवा रोड स्थित बाबरीवाल के ढाबे के पास की है. जानकारी के मुताबिक 28 मार्च को धीरज चौहान की DJ गाड़ी खराब होने पर उसने संजय भायडीया को मदद के लिए बुलाया था. संजय अपने बेटे चिराग के साथ स्विफ्ट डिजायर कार (DL 8 CAD 3786) से मौके पर पहुंचे. संजय ने अपनी कार DJ वाहन से करीब 40-50 फीट आगे खड़ी की और मनीष खैर, गोलू, रोशन व विकास के साथ DJ गाड़ी सुधारने में लग गए. इस दौरान मासूम चिराग कार के अंदर ही खेल रहा था.इसी बीच करीब 11 बजे अचानक कार में आग लग गई. मौके पर मौजूद लोगों ने राहगीरों और ढाबा संचालक की मदद से कार के शीशे तोड़े और आग बुझाने का प्रयास किया. आग की लपटें काफी तेज होने के कारण पानी और अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक मासूम चिराग बुरी तरह झुलस चुका था.घटना के बाद चिराग को मध्यभारत अस्पताल महू ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम किया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

Seoni MP News:  सिवनी में खेत में दिखा तेंदुआ, गांव के पास पहुंचने से दहशत
सिवनी जिले के घंसौर क्षेत्र के शिकारा रेंज अंतर्गत दुर्जनपुर गांव के पास खेत में तेंदुआ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि तेंदुआ जंगल से भटककर शिकार और पानी की तलाश में रहवासी इलाके के करीब पहुंच गया. तेंदुए के नजर आने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया और लोग खेतों की ओर जाने से बचने लगे. घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम को अलर्ट किया गया. टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है. वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाएं. अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी और शिकार की तलाश में जंगली जानवर अक्सर गांवों के पास आ जाते हैं. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाएगी.

भोपाल में जुटेंगे तीन राज्यों के युवा विधायक! ‘विकसित भारत 2047’ पर होगा बड़ा मंथन

भोपाल में 30 और 31 मार्च को युवा विधायकों का बड़ा सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधायक शामिल होंगे. कार्यक्रम का उद्घाटन मोहन यादव करेंगे. सम्मेलन में नरेंद्र सिंह तोमर, रमन सिंह और वासुदेव देवनानी मौजूद रहेंगे. “लोकतंत्र में युवा भूमिका” और “विकसित भारत 2047” जैसे विषयों पर चर्चा होगी. समापन सत्र में हरिवंश नाराय सिंह शामिल होंगे. कुल 55 विधायक इस सम्मेलन का हिस्सा बनेंगे.

जया किशोरी पहुंचीं महाकाल दरबार! दर्शन के बाद मंदिर समिति ने किया भव्य स्वागत

उज्जैन: प्रसिद्ध कथा वाचक जया किशोरी ने आज महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन किए. दर्शन के बाद मंदिर परिसर में आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला. इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका भव्य स्वागत और सत्कार किया गया. जया किशोरी जी के आगमन से भक्तों में भी खास उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग उनके दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे.

खड़ी गेहूं फसल में भयंकर आग! 15 एकड़ जलकर राख, ग्रामीणों ने ऐसे बचाई बाकी फसल

ग्राम कुठार में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई, जिससे करीब 15 एकड़ फसल जलकर राख हो गई. आग इतनी तेजी से फैली कि किसानों को संभलने का मौका भी नहीं मिला. मौके पर फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंच पाई, तो ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाला. ट्रैक्टर-ट्रॉली से पानी लाकर और हाथों से आग बुझाने की कोशिश की गई. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास की बाकी फसल को बचाया जा सका.

PM के बाद अब CM की बड़ी बैठक! कलेक्टर्स को मिलेंगे खास निर्देश, मिडिल ईस्ट हालात पर भी चर्चा

भोपाल: प्रधानमंत्री के बाद आज मुख्यमंत्री कलेक्टर्स के साथ अहम बैठक करने जा रहे हैं. यह बैठक थोड़ी देर में मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन में शुरू होगी. बैठक में प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों की जानकारी कलेक्टर्स को दी जाएगी और उनके पालन को लेकर चर्चा होगी. इसके साथ ही मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के हालातों पर भी बातचीत होने की संभावना है. प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों और सतर्कता को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं, जिससे प्रदेश में बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सके.

साइकिल सवार को बचाने में दर्दनाक हादसा! दो कारों की टक्कर में महिला की मौत, वीडियो वायरल

उज्जैन: उज्जैन-झालावाड़ नेशनल हाईवे पर माकड़ौन थाना क्षेत्र के डाबला हरदू में भीषण सड़क हादसा हो गया. साइकिल सवार को बचाने के दौरान दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए और एयरबैग खुल गए. राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घटना का वीडियो डैश कैम में कैद होकर दो दिन बाद वायरल हुआ, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है.

हाईवे पर तड़पता रहा युवक! 108 एम्बुलेंस लेट, 112 पुलिस ने बचाई जान

शाजापुर: नेशनल हाईवे-52 पर अभयपुर गांव के पास देर रात एक बाइक सवार युवक हादसे का शिकार हो गया. घायल युवक काफी देर तक सड़क किनारे पड़ा रहा, लेकिन उसे समय पर मदद नहीं मिल पाई. इसी दौरान वहां से गुजर रहे युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष जयंत सिकरवार ने 108 एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन देरी होने पर फोन पर बहस भी हुई. आखिरकार 112 पुलिस वाहन की मदद से युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. घायल की पहचान लड़ावद निवासी विक्रम, पिता बहादुर सिंह के रूप में हुई है.

CM विष्णुदेव साय का फुल डे शेड्यूल! बैठक से लेकर स्टेडियम उद्घाटन तक जशपुर में ताबड़तोड़ कार्यक्रम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर और जशपुर में कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे. सुबह 11 बजे सीएम निवास में बैठक लेंगे, इसके बाद 12:10 बजे जशपुर के लिए रवाना होंगे. दोपहर 1:45 बजे श्रमिक सम्मेलन में भाग लेंगे और फिर वॉल क्लाइंबिंग हॉल का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद रंजीता स्टेडियम में सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होंगे. कल्याण आश्रम अस्पताल का निरीक्षण कर, हॉकी स्टेडियम, इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम और क्रिकेट अकादमी का उद्घाटन करेंगे. शाम 4:10 बजे रायपुर लौटेंगे और 5:40 बजे सीएम निवास पहुंचेंगे.

अंबिकापुर में कुश्ती का महासंग्राम! 30 राज्यों के 144 पहलवान आज से दिखाएंगे दम

अंबिकापुर: खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के चौथे दिन आज से कुश्ती स्पर्धा का आगाज हो रहा है. गांधी स्टेडियम में देशभर के 30 राज्यों से आए 144 पुरुष और महिला रेसलर्स अपना दमखम दिखाएंगे. मुकाबले आज से 31 मार्च तक चलेंगे और रोजाना तीन चरणों में आयोजित होंगे, जिसकी शुरुआत सुबह 8 बजे से होगी. यह आयोजन जनजातीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच देने का बड़ा अवसर है. खेल प्रेमी डीडी स्पोर्ट्स पर इसका लाइव प्रसारण भी देख सकेंगे, जिससे पूरे देश की नजर इस प्रतियोगिता पर रहेगी.

MP में गेहूं खरीदी पर बड़ा फैसला आज! 19 लाख किसानों के लिए अहम बैठक लेंगे CM मोहन यादव

भोपाल: मध्यप्रदेश में गेहूं उपार्जन को लेकर आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहे हैं. इस बैठक में प्रदेशभर में गेहूं खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी. अब तक करीब 19 लाख किसान पंजीयन कर चुके हैं, जिससे इस बार खरीदी का दायरा काफी बड़ा माना जा रहा है. तय कार्यक्रम के अनुसार समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में 1 अप्रैल से शुरू होगी, जबकि बाकी संभागों में 7 अप्रैल से खरीदी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इससे किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

MP में पेट्रोल-डीजल और सिलेंडर पर सख्ती! 2888 LPG जब्त, कई जगह लंबी लाइनें

भोपाल: मध्यप्रदेश में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी सिलेंडर को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है. अब तक 2046 जगहों पर जांच की गई, जिसमें 2888 गैस सिलेंडर जब्त किए गए और 9 एफआईआर दर्ज हुई हैं. यह कार्रवाई आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत की गई है. अधिकारियों के मुताबिक ऑयल कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, लेकिन कुछ जिलों में मांग 2 से 2.5 गुना बढ़ने से पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं. इसी वजह से कुछ जगहों पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म होने जैसी स्थिति भी देखने को मिली.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *