मऊगंज में भरभरा कर गिरी पानी की टंकी, टेस्टिंग के दौरान हुआ हादसा

Last Updated:

मऊगंज के खटखरी में जल जीवन मिशन की टंकी टेस्टिंग के दौरान ही ढह गई. बताया जा रहा है कि टंकी के निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई. सहायक यंत्री और ठेकेदार पर पर कलेक्टर की कार्रवाई में गाज गिरी है. बताया जा रहा है कि 8-10mm के पतले सरियों पर ढांचा खड़ा किया गया था.

Zoom

मऊगंज में गिरी पानी की टंकी

रिपोर्ट-आचार्य शिवकांत

Mauganj News: मऊगंज जिले के जनपद पंचायत नईगढ़ी के अंतर्गत गांव खटखरी में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित एक 30 फीट ऊंची पानी की टंकी शुक्रवार तड़के परीक्षण के दौरान भरभरा कर गिर गई. जानकारी के अनुसार, टंकी का निर्माण हाल ही में पूरा हुआ था और पिछले एक सप्ताह से इसकी टेस्टिंग की जा रही थी. शुक्रवार सुबह जैसे ही टंकी को पूरी क्षमता तक पानी से भरा गया. वह अचानक ढह गई. गनीमत रही कि घटना के समय आसपास मौजूद लोग सुरक्षित रहे. मलबे की चपेट में आने से एक जेसीबी चालक बाल-बाल बच गया. वरना बड़ा हादसा हो सकता था.

पतले सरियों के उपयोग का लगा आरोप
ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि टंकी के निर्माण में भारी अनियमितताएं बरती गईं. उनका कहना है कि इतने बड़े ढांचे में मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया गया. इस ऊंचाई की संरचना के लिए अधिक मजबूत सरियों और बेहतर गुणवत्ता की सामग्री की आवश्यकता होती है, जबकि यहां पतले सरियों का उपयोग किया गया.

घटिया निर्माण की वजह से दबाव सहन नहीं कर सकी टंकी
बताया जा रहा है कि टंकी में पहले से ही लीकेज की समस्या सामने आ रही थी, जिसके बाद मरम्मत कर पुनः परीक्षण किया जा रहा था. कमजोर नींव और घटिया निर्माण के कारण टंकी पानी का दबाव सहन नहीं कर सकी और गिर गई.

जांच के दिए गए निर्देश
घटना के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी है. कलेक्टर मऊगंज ने मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित उपयंत्री, प्रभारी सहायक यंत्री एपी तिवारी और ठेकेदार शिवेंद्र कुमार तिवारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *