- Hindi News
- Jeevan mantra
- Dharm
- Ram Navami Chaitra Navratri Sidhidatri Puja Ram Darbar Home Temple Ramayan Pooja, Ram Navami 2026, Navratri Puja 2026
4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
आज शुक्रवार, 27 मार्च को श्रीराम नवमी और चैत्र नवरात्रि का अंतिम दिन मनाया जा रहा है। यह तिथि धार्मिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है। मान्यता है कि त्रेतायुग में इसी दिन भगवान श्रीराम का जन्म हुआ था। इसलिए इस दिन देवी दुर्गा, देवी सिद्धिदात्री के साथ-साथ भगवान श्रीराम और हनुमान जी की विशेष पूजा करने का महत्व बताया गया है। श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर रामायण ग्रंथ की पूजा भी करनी चाहिए।
ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के मुताबिक, यदि घर में रामायण नहीं है, तो इस शुभ दिन पर इसे खरीदकर घर के मंदिर में स्थापित करना चाहिए। इसे राम दरबार के साथ रखना और विधि-विधान से पूजा करना शुभ माना जाता है। साथ ही, रोजाना रामायण का पाठ करने की आदत डालनी चाहिए। इसमें बताए गए आदर्शों और अच्छी बातों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेने से जीवन में सकारात्मक बदलाव आते हैं और कई समस्याओं से राहत मिल सकती है।
- राम नवमी के दिन कुछ विशेष शुभ कार्य कर सकते हैं। चैत्र नवरात्रि के अंतिम दिन देवी दुर्गा और भगवान श्रीराम के मंदिर में जाकर दर्शन और पूजा करना चाहिए। यदि आपके आसपास कोई प्राचीन या पौराणिक मंदिर है, तो वहां दर्शन करने जा सकते हैं। अगर किसी कारण मंदिर जाना संभव न हो, तो घर के मंदिर में ही श्रद्धा से पूजा की जा सकती है।
- इस दिन देवी दुर्गा को लाल चुनरी, लाल चूड़ियां, कुमकुम और अन्य सुहाग की वस्तुएं अर्पित करनी चाहिए। लाल फूलों से देवी का श्रृंगार करें और धूप-दीप जलाकर उनके मंत्रों का जप करें। इससे घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है।
- भगवान श्रीराम के साथ पूरे राम दरबार की पूजा करनी चाहिए। इसमें लक्ष्मण, माता सीता, हनुमान जी, भरत और शत्रुघ्न शामिल हैं। इन सभी का अभिषेक करें और उन्हें वस्त्र, फूल और हार अर्पित करें। धूप-दीप जलाकर पूजा करें और “राम” नाम का जप करें। आप चाहें तो ऊँ रां रामाय नम: मंत्र का जप भी कर सकते हैं। इससे मन को शांति मिलती है और जीवन में संतुलन बना रहता है।
- इस दिन मंदिरों में पूजन सामग्री जैसे घी, तेल, कुमकुम, चंदन, अबीर, गुलाल और फूल आदि का दान करना भी बहुत शुभ माना गया है। इसके अलावा, जरूरतमंद लोगों को भोजन करा सकते हैं। विशेष रूप से चैत्र नवरात्रि की नवमी पर छोटी कन्याओं को भोजन कराना चाहिए। भोजन के बाद उन्हें दक्षिणा, अनाज या जरूरत की चीजें जैसे जूते-चप्पल, पढ़ाई से जुड़ी चीजें कॉपी-पेन आदि का दान भी करना चाहिए।
- धार्मिक ग्रंथों का दान भी इस दिन विशेष फलदायी माना गया है। आप किसी मंदिर में रामायण, सुंदरकांड या हनुमान चालीसा की पुस्तकें दान कर सकते हैं। साथ ही, किसी मंदिर के शिखर पर लगाने के लिए नया झंडा भी लगवा सकते हैं।
- इस बार यह पर्व शुक्रवार को पड़ रहा है, जो शुक्र ग्रह से जुड़ा हुआ दिन है। इसलिए इस दिन शुक्र ग्रह की पूजा करने से कुंडली में मौजूद दोषों को कम किया जा सकता है। शुक्र ग्रह की पूजा शिवलिंग के रूप में की जाती है। अतः शिवलिंग पर दूध अर्पित करें और ॐ शुक्राय नमः मंत्र का जप करें। ऐसा करने से जीवन में सुख-सुविधाओं और वैभव में वृद्धि होने की मान्यता है।
.
