Last Updated:
लहसुन की खेती से किसान अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं, लेकिन स्टोर करने में थोड़ी लापरवाही होने पर लहसुन जल्दी खराब हो जाता है. जूट के बैग और हवादार कमरे में सही तरीके से स्टोर करने से लहसुन 5-6 महीने तक सुरक्षित रहता है. इससे किसान अपने उत्पाद को सही समय पर बाजार में अच्छे भाव पर बेच सकते हैं.
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में किसान लहसुन की खेती बड़े पैमाने पर करते हैं. कम लागत में अधिक मुनाफा कमाने के लिए लहसुन की खेती फायदेमंद मानी जाती है. बाजारों में लहसुन की डिमांड सालभर बनी रहती है. हालांकि, कई बार सही भाव न मिलने के कारण किसान लहसुन को स्टोर करके बाद में बेचते हैं. थोड़ी सी लापरवाही होने पर लहसुन जल्दी खराब हो जाता है, जिससे किसानों को काफी नुकसान होता है.
लहसुन सिर्फ सर्दी-खांसी से बचाने वाला नहीं है, बल्कि यह पावरफुल एंटीऑक्सीडेंट के रूप में भी काम करता है. इसे खाली पेट चबाकर खाने से भी कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं. आयुर्वेद में लहसुन को बेहद लाभदायक माना गया है. इसका रोजाना सेवन दिल, दिमाग और मांसपेशियों के लिए फायदेमंद होता है. लहसुन की इस अहमियत को देखते हुए कई लोग इसे अधिक मात्रा में भी सेवन करते हैं.
अगर आप लहसुन की खेती कर रहे हैं और इसे स्टोर करना चाहते हैं, तो हम आपको कुछ घरेलू टिप्स बताएंगे. इन तरीकों से आप लहसुन को 5-6 महीने तक स्टोर कर सकते हैं बिना खराब हुए. इससे आप कभी भी आसानी से लहसुन की बिक्री कर पाएंगे. इस समय बाजार में लहसुन 100 से लेकर 200 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
ऐसे में घर में लहसुन का स्टॉक रखना बेहद जरूरी हो जाता है. कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुहेल खान के अनुसार, लहसुन को स्टोर करने के लिए सूती दुपट्टे या सूती कपड़े के बैग का इस्तेमाल किया जा सकता है. गर्मी के दिनों में सूती कपड़े ठंडक बनाए रखते हैं और हवादार भी होते हैं. जब आप दुपट्टे का इस्तेमाल करें, तो ध्यान रखें कि लहसुन अच्छी तरह से हवादार रहे.
लहसुन की खुदाई अप्रैल के महीने में शुरू हो जाती है. खुदाई के दौरान ध्यान रखें कि लहसुन पर मिट्टी न लगी हो. लहसुन के कंद निकालते समय यह भी सुनिश्चित करें कि कोई कंद खराब न हो, क्योंकि एक खराब कंद बाकी कंदों को भी खराब कर सकता है. लहसुन का भंडारण करने के लिए हमेशा हवादार कमरे का चयन करें.
लहसुन के भंडारण के लिए लगभग 30 डिग्री तापमान की आवश्यकता होती है. यदि तापमान 30 डिग्री से अधिक हो जाए, तो लहसुन के कंद अधिक सूख सकते हैं. इस विधि से भंडारण करने पर लहसुन को करीब 5-6 महीने तक सुरक्षित रखा जा सकता है. इसके बाद, जब बाजार में भाव अच्छा हो, तो आप आसानी से लहसुन की बिक्री कर सकते हैं.
जूट के बैग और बोरे आसानी से बाजारों में मिल जाते हैं. आप इनमें लहसुन रखकर स्टोर कर सकते हैं. जूट के बैग हवादार होते हैं और लहसुन को लंबे समय तक फ्रेश रखने में मदद करते हैं. इन्हें ऐसी जगह रखें जहां रोशनी कम हो और ठंडक बनी रहे.
.