Last Updated:
Seoni News: मध्य प्रदेश के सिवनी में एक युवती अपने भाई को मंदिर में पूजा का सामान देने गई थी, लेकिन बीच रास्ते में आरोपियों ने युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की. इसका वीडियो भी सामने आया है. पुलिस ने अब मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
सिवनी में मंदिर जा रही युवती से छेडछाड़
Seoni News: मध्य प्रदेश के सिवनी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां लखनादौन थाना क्षेत्र के मड़ई गांव में युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है युवती अपने भाई को मंदिर में पूजा का सामान देने पहुंची थी. इस दौरान उसके साथ घटना घटी है.
युवती और उसके भाई से की मारपीट
युवती जब मंदिर में अपने भाई को पूजा का सामान देने के लिए जा रही थी, तब रास्ते में आरोपी लखन मानेश्वर और आनंद मानेश्वर अपने साथियों के साथ पहुंच गए. इसके बाद उन्होंने युवती से छेड़छाड़ की. जब इसका विरोध किया गया, तो उन्होंने दबंगई दिखानी शुरू कर दी. फिर युवती और उसके भाई के साथ जमकर मारपीट की. इस दौरान काफी लोग जमा हो गए और बीच बचाव करते हुए नजर आए.
पुलिस ने शुरू कर दी जांच
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस मामले में पुलिस कई लोगों से पूछताछ भी कर रही है. लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी को पकड़ा नहीं गया है.
वहीं एक दूसरी घटना में सिवनी के लखनादौन थाना क्षेत्र के सिरमंगनी गांव के पास ट्रैक्टर ट्रॉली में अचानक आग लग गई. बताया जा रहा है कि ट्रॉली में गेहूं की फसल रखी हुई थी, जिससे आग तेजी से फैल गई. आग ने आसपास की करीब 2 एकड़ खड़ी गेहूं की फसल को भी अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के किसानों ने तत्काल आग बुझाने की कोशिश शुरू की. सूचना मिलने पर दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचा और किसानों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
.