Last Updated:
Wheat Store Tips: रबी फसलों की कटाई के बाद लोग सालभर के लिए घर में गेहूं स्टोर करते हैं लेकिन सही तरीके से भंडारण नहीं होने पर गेहूं में कीड़े और नमी की समस्या शुरू हो जाती है. ऐसे में कुछ आसान देसी उपाय अपनाकर गेहूं को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है.
रबी सीजन की कटाई लगभग पूरी हो चुकी है और अब गांव से लेकर शहर तक लोग सालभर खाने के लिए घर में गेहूं का स्टोरेज कर रहे हैं. खासकर खरगोन सहित निमाड़ इलाके में यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है लेकिन सबसे बड़ी चिंता यही रहती है कि गेहूं सालभर सुरक्षित कैसे रखा जाए.
अक्सर देखा जाता है कि कुछ ही महीनों में स्टोर किया गया गेहूं खराब होने लगता है. उसमें नमी आ जाती है, कीड़े लग जाते हैं और बार-बार धूप में सुखाने की परेशानी बढ़ जाती है. ऐसे में सही तरीके से भंडारण करना बहुत जरूरी हो जाता है.
कई बार घुन लगने से गेहूं खाने लायक भी नहीं बचता. इससे परिवार को नुकसान भी होता है और मेहनत भी बेकार जाती है लेकिन कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर गेहूं को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है और इसमें ज्यादा खर्च भी नहीं आता.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सबसे पहले जरूरी है कि खेत से आए गेहूं को सीधे स्टोर न करें. उसे साफ पानी से धोकर 2 से 3 दिन तेज धूप में अच्छी तरह सुखाना चाहिए. इससे मिट्टी और नमी पूरी तरह खत्म हो जाती है और गेहूं लंबे समय तक सुरक्षित रहता है.
इसके बाद गेहूं को अच्छी तरह छानकर कंकड़ और खराब दाने अलग कर लें. जिस कोठी या डिब्बे में गेहूं रखना है, उसे भी पहले साफ करके धूप में सुखा लें. कोठी के नीचे अखबार या पॉलीथिन बिछाकर ऊपर से गेहूं भरना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है.
हालांकि गांवों में आज भी नीम की पत्तियों का उपयोग सबसे भरोसेमंद तरीका माना जाता है. पुराने समय से लोग गेहूं में नीम की सूखी पत्तियां मिलाकर स्टोर करते हैं. नीम की गंध और कड़वाहट की वजह से अनाज में कीड़े नहीं लगते और गेहूं लंबे समय तक सुरक्षित रहता है.
अगर ज्यादा मात्रा में गेहूं स्टोर करना है, तो बाजार में मिलने वाली सल्फास की गोलियां या पाउच का भी उपयोग किया जाता है. ये सस्ते भी होते हैं और आसानी से मिल जाते हैं लेकिन इन्हें सीधे अनाज में डालना सही नहीं होता और बच्चों से दूर रखना जरूरी होता है.
सल्फास की गोलियों को हमेशा सूती कपड़े में बांधकर ही गेहूं के बीच रखना चाहिए. गोलियां नीचे, बीच और ऊपर की सतह पर बराबर दूरी पर रखने से उनकी गंध पूरे अनाज में फैलती है और कीड़े नहीं लगते. इस तरीके से गेहूं सालभर सुरक्षित रखा जा सकता है.
.