पपीता एक ऐसा फल है जिसे स्वाद और सेहत दोनों के लिए काफी पसंद किया जाता है. खासकर सर्दियों के मौसम में लोग इसे अपनी डाइट में शामिल करना ज्यादा पसंद करते हैं. इसकी तासीर गर्म होती है और यह कम कैलोरी वाला फल है, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मदद करता है. पपीते में मौजूद पोषक तत्व जैसे विटामिन, एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर शरीर को कई फायदे पहुंचाते हैं.
हालांकि, हर चीज हर व्यक्ति के लिए फायदेमंद नहीं होती. पपीता भी कुछ खास स्थितियों में नुकसानदायक साबित हो सकता है. अगर आप कुछ स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, तो इसका सेवन करने से पहले सावधानी बरतना जरूरी है. आइए जानते हैं किन परिस्थितियों में पपीता खाने से बचना चाहिए.
ज्वाइंडिस और अस्थमा की स्थिति में सावधानी
अगर किसी व्यक्ति को ज्वाइंडिस या अस्थमा की समस्या है, तो उसे पपीता खाने से बचना चाहिए. पपीते में पाए जाने वाले पपाइन और बीटा कैरोटीन जैसे तत्व इन बीमारियों के लक्षणों को बढ़ा सकते हैं. इससे शरीर की स्थिति और ज्यादा खराब हो सकती है, इसलिए इन समस्याओं के दौरान पपीता न खाना ही बेहतर माना जाता है.
स्टोन की समस्या में बढ़ सकती है परेशानी
जिन लोगों को किडनी स्टोन या पथरी की शिकायत होती है, उन्हें भी पपीता खाने से परहेज करना चाहिए. पपीता विटामिन सी से भरपूर होता है, जो कुछ मामलों में स्टोन की समस्या को और बढ़ा सकता है. इसके अलावा, इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स किडनी से जुड़ी दिक्कतों वाले मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं. ऐसे में डॉक्टर की सलाह के बिना इसका सेवन नहीं करना चाहिए.
ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारियों में ध्यान रखें
ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रहे लोगों को भी पपीते का सेवन सीमित या बंद कर देना चाहिए. यह फल शरीर के अंदर कुछ ऐसे बदलाव ला सकता है, जिससे बीपी लेवल प्रभावित हो सकता है. इसके साथ ही, दिल से जुड़ी समस्याओं वाले मरीजों को भी पपीता खाने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है, क्योंकि यह उनकी स्थिति को बिगाड़ सकता है.
स्किन एलर्जी होने पर न करें सेवन
अगर आपको स्किन एलर्जी, खुजली या रैशेज की समस्या है, तो पपीता खाने से बचना चाहिए. कुछ लोगों में यह फल एलर्जी को और ज्यादा बढ़ा सकता है. इसके सेवन से त्वचा पर लाल चकत्ते, खुजली या जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए ऐसी स्थिति में पपीता न खाना ही सुरक्षित विकल्प है.
प्रेग्नेंसी के दौरान हो सकता है खतरा
गर्भावस्था के दौरान पपीता खाना महिलाओं के लिए जोखिम भरा हो सकता है. खासकर कच्चा पपीता या उसके बीज, जड़ और पत्तियां नुकसान पहुंचा सकती हैं. इसके सेवन से ब्लीडिंग का खतरा बढ़ सकता है और गंभीर मामलों में मिसकैरेज की संभावना भी हो सकती है. इसलिए प्रेग्नेंसी में पपीते से पूरी तरह दूरी बनाना बेहतर होता है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
.