Last Updated:
Home Gardening Tips: ये गर्म मौसम का पौधा है. ज्यादा गर्मी में इसमें अधिक फूल आते हैं. अच्छी बढ़वार और भरपूर फ्लावरिंग के लिए इसे ऐसी जगह रखना जरूरी है, जहां दिन में कम से कम 5 से 6 घंटे तेज धूप मिले. सही धूप मिलने पर पौधा स्वस्थ रहता है और लगातार खुशबूदार फूल देता रहता है.
Summer Gardening Tips: गर्मी का मौसम शुरू होते ही लोग घर और आंगन को हरा-भरा रखने की तैयारी में जुट गए हैं. तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच ऐसे पौधों की तलाश रहती है, जो कम देखभाल में भी अच्छी तरह पनप सकें और वातावरण को ताजगी से भर दें. ऐसे में मोगरे का पौधा लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है. मध्य प्रदेश में सीधी के कलेक्ट चौराहे पर स्थित ‘भाई जान’ नाम से नर्सरी के संचालक ने लोकल 18 को बताया, गर्मियों में मोगरा सबसे ज्यादा खिलता है.
तेज धूप में भी यह पौधा हरा-भरा बना रहता है. ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती. जहां गुलाब और चंपा जैसे पौधों को नियमित पानी, छांव और खाद की जरूरत होती है, वहीं मोगरा सीमित देखभाल में भी अच्छी तरह बढ़ता है. मोगरे की खासियत उसकी सफेद, छोटी-छोटी कलियां और भीनी-भीनी खुशबू है, जो पूरे घर को महका देती है. यही वजह है कि इसका इस्तेमाल पूजा-पाठ, गजरा बनाने और घर की सजावट में भी खूब किया जाता है. बालकनी, छत या छोटे गार्डन में इसे आसानी से लगाया जा सकता है.
पौधा लगाएं तो इस बात का रखें ध्यान
नर्सरी एक्सपर्ट भाई जान ने बताया, अगर आप भी मोगरा लगाना चाहते हैं तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखना जरूरी है. इस पौधे को ऐसी जगह लगाएं, जहां रोज कम से कम 4 से 5 घंटे की सीधी धूप मिल सके. आप इसे गमले या जमीन दोनों जगह लगा सकते हैं, लेकिन गमले का साइज कम से कम 10 से 12 इंच होना चाहिए. मिट्टी तैयार करते समय सामान्य मिट्टी, बालू और गोबर की खाद को बराबर मात्रा में मिलाएं. इससे पौधे को जरूरी पोषण मिलेगा और पानी की निकासी भी सही बनी रहेगी. गर्मियों में हर दूसरे दिन सुबह या शाम को पानी देना पर्याप्त होता है. ध्यान रखें कि ज्यादा पानी देने से जड़ें सड़ सकती हैं.
खाद के रूप में ये चीज डालें
खाद के रूप में हर 15 दिन में घर की बनी जैविक चीजें जैसे छाछ, केले के छिलके या गोबर की खाद डालना फायदेमंद रहता है. इससे पौधे में तेजी से नई कलियां आती हैं और फूल लंबे समय तक खिलते रहते हैं. देखभाल के लिए समय-समय पर सूखी और पीली पत्तियों को हटाते रहें. साथ ही, खिले हुए फूलों को रोज तोड़ना चाहिए, ताकि नई कलियों को बढ़ने का मौका मिले. कीड़ों से बचाव के लिए नीम ऑयल का छिड़काव करना भी कारगर उपाय है. मोगरे का पौधा गर्मियों में घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ वातावरण को खुशबूदार बनाता है. कम मेहनत और आसान देखभाल के कारण यह हर घर के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो रहा है. इस बार गर्मी में अगर आप भी अपने घर को महकाना चाहते हैं, तो मोगरा जरूर लगाएं.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
.