Flights fare from 1st April: आने वाले समय में हवाई सफर महंगा हो सकता है क्योंकि हो सकता है कि एयरलाइंस कंपनियां टिकटों के दाम बढ़ा दे. मिडिल ईस्ट में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव का असर अब फ्यूल की कीमतों पर पड़ने लगा है. सरकार ने संकेत दिए हैं कि 1 अप्रैल से एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतें बढ़ सकती हैं, जिससे हवाई किराए में संभावित बढ़ोतरी को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं.
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि ATF की कीमतों में हर महीने की पहली तारीख को बदलाव किया जाता है, जिसका मतलब है कि कोई भी बढ़ोतरी 1 अप्रैल से लागू हो सकती है. उन्होंने आगे कहा कि इस असर को कम करने के लिए एयरलाइंस के साथ बातचीत चल रही है. बता दें कि ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच जंग होने के चलते कच्चे तेल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी से ईंधन की कीमतें बढ़ने वाली हैं.
दबाव में एयरलाइंस कंपनियां
राम मोहन नायडू ने कहा कि सरकार यह मानती है कि एयरलाइंस कंपनियों पर आर्थिक दबाव है. सरकार की भी प्राथमिकता सुरक्षित और बिना किसी रुकावट के उड़ान संचालन सुनिश्चित करना है ताकि यात्रियों पर तुरंत कोई बोझ न पड़े. मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के चलते क्रूड ऑयल की सप्लाई में रुकावटें आ रही हैं. खाड़ी देशों के कुछ हिस्सों के ऊपर से गुजरने वाले उड़ा मार्ग भी सीमित कर दिए गए हैं. ऐसे में एयरलाइंस कंपनियों के लिए बीमा प्रीमियम और परिचालन लागत (ऑपरेशनल कॉस्ट) बढ़ गई है.
वैश्विक तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से सीधे तौर पर ATF की लागत बढ़ने की उम्मीद है, जो किसी भी एयरलाइन के खर्च का एक बड़ा हिस्सा होता है. फ्यूल की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी के बावजूद सरकार ने भरोसा दिलाया है कि टिकट के किराए में अचानक भारी बढ़ोतरी को रोकने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि भले ही एयरलाइंस बढ़ती लागत से जूझ रही हों, लेकिन यात्रियों के हितों की रक्षा करना अभी भी उनका मुख्य फोकस बना हुआ है.
बढ़ती लागत की ऐसी होगी भरपाई
बढ़ती लागत की भरपाई के लिए एयर इंडिया और अकासा एयर जैसी एयरलाइन कंपनियों ने पहले से ही फ्यूल सरचार्ज लगाना शुरू कर दिया है. इंडिगो ने दूरी के हिसाब से 425 रुपये से लेकर 2300 रुपये तक का सरचार्ज लागू किया है. वहीं, अकासा ने फ्लाइट ड्यूरेशन यानी कि उड़ान की अवधि के आधार पर 199 रुपये से लेकर 1300 रुपये तक का अतिरिक्त शुल्क जोड़ा है.
इस बीच, नागरिक उड्डयन मंत्री नायडू ने संकेत दिए कि मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए कच्चे तेल और ATF दोनों की कीमतों में बढ़ोतरी लगभग तय है. हालांकि, मंत्रालय का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि इसका असर टिकट की कीमतों में अचानक भारी उछाल के रूप में न दिखे.
ये भी पढ़ें:
.