कच्चे आम और बेसन की जोड़ी, गुड़-चीनी का साथ, गर्मी में लू से बचाएगी विंध्य की ये कमाल रेसिपी

Last Updated:

Aam Ka Bagja: विंध्य क्षेत्र की मशहूर पारंपरिक डिश आम का बगजा गर्मी के दिन में हर घर की खास पसंद बनी रहती है. आम के रस और बेसन से तैयार यह व्यंजन खट्टा-मीठा होता है. न सिर्फ इसका स्वाद लोगों को आकर्षित करता है, बल्कि यह शरीर को ठंडक भी पहुंचाता है, जिससे गर्मी में राहत मिलती है.

Summer Special Dish: विंध्य क्षेत्र की पारंपरिक रसोई अपने अनोखे स्वाद के लिए जानी जाती है. बघेलखंड के लजीज व्यंजनों में ‘आम पना बगजा’ एक खास पहचान रखता है, जिसे देखते ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है. खट्टे-मीठे स्वाद से भरपूर यह डिश न सिर्फ स्वादिष्ट होती है, बल्कि गर्मी में सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है. यही वजह है कि किसी खास कार्यक्रम या त्योहार के मौके पर विंध्य क्षेत्र के लोग इसे बनाना नहीं भूलते.

पहले आम उबालें, गूदा निकालें, फिर पकाएं
रसोइया प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को बताया, आम पना बगजा खासतौर पर कच्चे आम से बनाया जाता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले कच्चे आम को धोकर पतीले या कुकर में उबाला जाता है. जब आम अच्छी तरह पक जाता है, तो उसका गूदा निकालकर अलग बर्तन में रखा जाता है. इसके बाद उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, जीरा, नमक, मेथी और लाल मिर्च का तड़का लगाया जाता है. स्वाद को और बढ़ाने के लिए इसमें गुड़ और शक्कर मिलाकर कुछ देर तक पकाया जाता है.

बेसन का गाढ़ा पेस्ट बना लें
आगे बताया, बगजा तैयार करने के लिए बेसन में धीरे-धीरे पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाया जाता है. इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म कर कुप्पी या हाथ की मदद से गोल-गोल कड़कदार आकार में बगजा तला जाता है. तैयार बगजा को आम पना में डालकर कुछ देर तक मिलाया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. इस तरह यह पारंपरिक डिश पूरी तरह तैयार हो जाती है, जिसे लोग बड़े चाव से खाते हैं.

लू से बचाएगी ये डिश
आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. आरपी परौहा के मुताबिक, आम पना बगजा सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि सेहत का भी खजाना है. कच्चे आम से बना आम पन्ना शरीर को ठंडक पहुंचाता है और लू से बचाने में मदद करता है. इसमें मौजूद विटामिन C और इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते और इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं. वहीं बेसन से बना बगजा शरीर को ऊर्जा देता है और लंबे समय तक ताकत बनाए रखता है. यह डिश पाचन तंत्र को मजबूत करती है, भूख बढ़ाती है और गर्मी में होने वाली कमजोरी व थकान को दूर करने में सहायक होती है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *