ग्वालियर में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। तेज धूप के बीच चली ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। हवाओं के असर से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। सोमवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस था, जो घटकर 29.2 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान भी 17.5 डिग्री से गिरकर 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में इस गिरावट ने मौसम को काफी राहत भरा बना दिया। चक्रवाती घेरा और नमी बदलाव की मुख्य वजह मौसम विभाग के अनुसार इस बदलाव के पीछे राजस्थान क्षेत्र में बना चक्रवाती घेरा और अरब सागर से आ रही नमी मुख्य कारण हैं। इन सिस्टम के प्रभाव से आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 26 मार्च को एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने जा रहा है। इसके चलते आने वाले दिनों में फिर से बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। बदलते मौसम ने बढ़ाई किसानों की चिंता जहां एक ओर इस बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इस समय गेहूं और चना जैसी फसलें पकने की अवस्था में हैं, ऐसे में बारिश और तेज हवाओं से फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। अचानक मौसम परिवर्तन उत्पादन पर असर डाल सकता है। मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा शाम के समय चली ठंडी हवाओं ने लोगों को हल्की ठंडक का एहसास कराया, जिससे कई दिनों बाद मौसम सुहाना नजर आया। हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और बीच-बीच में बादल, हवा और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। .