MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
शटर बंद कर रहे थे ज्वेलर, तभी उड़ गया 18 लाख का बैग! CCTV में कैद हुई फिल्मी वारदात
खंडवा जिले के हरसूद सराफा बाजार में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. सराफा व्यापारी सुंदरलाल सोनी रात में दुकान बंद कर रहे थे, तभी बदमाश उनका ज्वेलरी से भरा बैग लेकर फरार हो गया. बताया जा रहा है कि व्यापारी ने बैग नीचे रखकर शटर लगाया, इसी दौरान आरोपी बैग उठाकर भागा और कुछ दूर जाकर बाइक सवार साथी के साथ मूंदी रोड की ओर फरार हो गया. बैग में करीब 50 ग्राम सोना और 5 किलो चांदी थी, जिसकी कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है.
CM का ताबड़तोड़ दौरा: वृंदावन से दतिया और फिर दिल्ली, विकास कार्यों और किसान सम्मेलन पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री आज उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगे. सुबह 8:35 बजे हेलीकॉप्टर से वृंदावन (मथुरा) पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे. इसके बाद 11:30 बजे भाण्डेर (दतिया) पहुंचकर किसान सम्मेलन में भाग लेंगे और 62 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमि-पूजन करेंगे. साथ ही विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी देखेंगे और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित करेंगे. दोपहर 1:30 बजे ग्वालियर के लिए रवाना होकर वहां से 2:05 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वे अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.
भोपाल में शिक्षक भर्ती को लेकर हल्लाबोल! हजारों अभ्यर्थी सड़कों पर, 1 लाख पद भरने की मांग
भोपाल के अंबेडकर पार्क में आज शिक्षक भर्ती वर्ग-2 और वर्ग-3 में पद बढ़ाने की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन हो रहा है. प्रदेशभर से चयनित करीब 50 हजार अभ्यर्थी यहां पहुंच रहे हैं. यह उनका चौथा आंदोलन है. अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश में 1 लाख 15 हजार से ज्यादा पद खाली हैं, जबकि कई स्कूलों में सिर्फ एक या दो शिक्षक ही हैं. विधानसभा आंकड़ों के अनुसार 2.89 लाख स्वीकृत पदों में से सिर्फ 1.74 लाख शिक्षक ही कार्यरत हैं.
पुलिस लाइन में ही जुआ! छापे में 2 सिपाही समेत 10 गिरफ्तार, लाखों की रकम जब्त”
ग्वालियर की सेकंड बटालियन में पुलिस ने बड़ी छापामार कार्रवाई करते हुए जुआ खेलते 10 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 सिपाही भी शामिल हैं. क्राइम ब्रांच और कंपू थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके से करीब 2 लाख 90 हजार रुपये और 9 मोबाइल फोन जब्त किए. पुलिस को लंबे समय से जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई. फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. TI अमर सिंह सिकरवार के अनुसार, जुआ खेलने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
भोपाल में प्रॉपर्टी लेने का सपना होगा महंगा! 740 इलाकों में 60% तक बढ़ेंगे दाम, नया रेट जल्द लागू
भोपाल में प्रॉपर्टी खरीदने वालों को बड़ा झटका लगने वाला है. जिला मूल्यांकन समिति ने कलेक्टर के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत 2177 में से 740 स्थानों पर जमीन और संपत्ति के दाम बढ़ाए जाएंगे. इसका फाइनल ड्राफ्ट तैयार हो चुका है और जल्द ही नई दरें लागू होंगी. एयरपोर्ट क्षेत्र में 25 से 50% तक बढ़ोतरी होगी, जबकि अयोध्या बायपास पर 14 से 60% तक दाम बढ़ेंगे. बाबड़िया कला-मिसरोद रोड पर 8 से 20%, नीलबड़ में 10 से 20% और कोलार क्षेत्र में 2.5 से 22% तक प्रॉपर्टी महंगी होने जा रही है.
BMHRC में दवाओं का संकट! गैस पीड़ितों को नहीं मिल रही इलाज की जरूरी दवा, बाहर से खरीदने को मजबूर
भोपाल के BMHRC अस्पताल में दवाओं की कमी को लेकर बड़ा मामला सामने आया है. गैस पीड़ित संगठनों ने निगरानी समिति को ईमेल भेजकर शिकायत की है कि मरीजों को जरूरी दवाएं नहीं मिल रहीं. सामाजिक कार्यकर्ता रचना ढींगरा ने आरोप लगाया कि पर्चे पर “NA” लिखकर मरीजों को बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है. एक ग्लूकोमा मरीज को जरूरी दवा नहीं मिलने का मामला भी सामने आया है. संगठनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं और कई मरीजों को दवा से वंचित रखने की बात कही है.
.