उमरिया जिले में विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पास सोमवार को एक बार फिर बाघ की मौजूदगी ने राहगीरों का ध्यान खींचा। उमरिया-ताला स्टेट हाईवे से लगे भद्राशिला क्षेत्र के जंगल में प्रसिद्ध डी-वन मेल बाघ शिकार के साथ दिखाई दिया। बताया गया कि क्षेत्र में मवेशियों की हलचल के बीच बाघ ने एक मवेशी को अपना शिकार बनाया। उसे अपने जबड़े में दबाकर बाघ जंगल की ओर घसीटते हुए नजर आया। यह दृश्य देखकर सड़क से गुजर रहे राहगीर कुछ देर के लिए रुक गए। अचानक सामने बाघ को शिकार के साथ देख लोगों में भय भी व्याप्त हुआ, लेकिन कई लोगों ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो मंगलवार को सामने आया है। 7 साल का है डी-वन डी-वन मेल बाघ की उम्र लगभग 7 वर्ष बताई जा रही है। उसने बफर और कोर दोनों क्षेत्रों में अपनी मजबूत टेरिटरी बना रखी है। भद्राशिला क्षेत्र उसके नियमित मूवमेंट वाले इलाकों में शामिल है, इसलिए यहां अक्सर बाघ की गतिविधियां देखी जाती हैं। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन भी इस क्षेत्र पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 165 से अधिक बाघ हैं। .