ग्वालियर में एक महिला को घर में सफाई करते समय कंधे पर गोली लगी है। घटना 15 मार्च सुबह 9 बजे खेरियामोदी की है। महिला को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। वहां सीटी स्केन रिपोर्ट में कंधे में बुलेट लगी होने की बात सामने आई है। अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई थी। महिला के परिजन ने 22 मार्च को बिजौली थाना आकर मामले की शिकायत की है। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घर में सफाई करते समय महिला को गोली लगने की घटना की परिस्थितियां संदिग्ध नजर आ रही हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बिजौली थाना स्थित खेरियामोदी निवासी 51 वर्षीय रामायणी पत्नी बल्लू पाल 15 मार्च की सुबह अपने घर की सफाई कर रही थीं। सफाई करने के दौरान उन्हें बाएं कंधे में जलन व तेज दर्द होने लगा और खून भी बह रहा था। जिसके बाद महिला वहीं गिर पड़ी। परिजन को बात बताई तो परिजन ने समझा कि सफाई करने के दौरान किसी सामान से चोट लग गई होगी। जब खून बहना बंद नहीं हुआ और दर्द बढ़ने लगा तो परिजन रामायणी देवी को निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। नर्सिंग होम में कुछ दिन तक इलाज चलता रहा, लेकिन दर्द में कुछ फायदा नहीं हुआ। इसके बाद रामायणी देवी की एक्स-रे व सीटी स्केन कराई गई। सीटी स्केन जांच में पता चला कि गोली लगी है।
हाथ में लगी गोली, पेट में पहुंची
रामायणी देवी के गोली बाएं हाथ के ऊपरी हिस्से में लगी थी, धीरे-धीरे खिसककर उनके पेट में पहुंच गई। रविवार रात को उनका ऑपरेशन हुआ है। हालांकि यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि बाएं हाथ में लगी गोली पेट तक कैसे पहुंच गई और वह अभी निकली है कि नहीं। गोली कहां से आकर लगी और किसने चलाई है यह पता नहीं चल सका है।
मामला संदिग्ध है, जांच जारी
इस मामले में बिजौली थाना में पदस्थ एसआई राहुल सिंह का कहना है कि महिला को गोली उसके घर में सफाई करते समय लगी। घटना के 7 दिन बाद पुलिस को इसकी सूचना मिली, तो प्राथमिकी दर्ज की गई है। परिजन को पता नहीं लगा कि गोली लगी है, वह तो सिटी स्कैन की जांच के बाद पता चला। कई बातें ऐसी हैं जो उलझा रही हैं। मामले की विस्तार से जांच की जा रही है। .