Last Updated:
आज के समय में समय से पहले बूढ़ा दिखना एक आम समस्या बनती जा रही है, जिसका कारण हमारी रोजमर्रा की गलत आदतें हैं. अनजाने में की गई छोटी-छोटी गलतियां हमारी स्किन और शरीर पर गहरा असर डालती हैं, जिससे झुर्रियां और ढीलापन जल्दी नजर आने लगता है. अगर इन आदतों को समय रहते न बदला जाए, तो 30 की उम्र में ही 50 जैसा लुक दिखने लगता है.
कम सोने से चेहरे पर आ सकती हैं झुर्रियां.
आज की तेज रफ्तार जिंदगी में हम कई ऐसी आदतों को अपनाते जा रहे हैं, जो धीरे-धीरे हमारे शरीर और त्वचा को समय से पहले बूढ़ा बना रही हैं. अक्सर लोग यह समझ ही नहीं पाते कि उनकी रोजमर्रा की छोटी-छोटी गलतियां ही उनकी उम्र को तेजी से बढ़ाने का काम कर रही हैं. यही कारण है कि आजकल 30 की उम्र में ही लोगों के चेहरे पर झुर्रियां, ढीलापन और थकान साफ दिखाई देने लगती है. इतना ही नहीं, हाथों की त्वचा भी रूखी और उम्रदराज नजर आने लगती है. अगर समय रहते इन आदतों पर ध्यान न दिया जाए, तो एजिंग की प्रक्रिया और भी तेज हो सकती है.
सबसे बड़ी वजहों में से एक है खराब लाइफस्टाइल. पर्याप्त नींद न लेना शरीर के लिए सबसे बड़ा नुकसान है, क्योंकि इसी दौरान स्किन खुद को रिपेयर करती है. जब आप 6-8 घंटे की नींद नहीं लेते, तो स्किन डल और बेजान नजर आने लगती है. इसके साथ ही लगातार तनाव लेना भी स्किन पर बुरा असर डालता है. स्ट्रेस बढ़ने से शरीर में ऐसे हार्मोन बनते हैं, जो कोलेजन को नुकसान पहुंचाते हैं, और यही कोलेजन स्किन को टाइट और यंग बनाए रखने में मदद करता है.
धूप से बचाव न करना भी एक आम लेकिन गंभीर गलती है. बिना सनस्क्रीन के बाहर निकलना स्किन को सीधे नुकसान पहुंचाता है. सूरज की हानिकारक किरणें स्किन के अंदर जाकर उसे कमजोर कर देती हैं, जिससे झुर्रियां, दाग-धब्बे और पिग्मेंटेशन जल्दी आने लगते हैं. इसके अलावा खानपान की खराब आदतें भी एजिंग को बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाती हैं. ज्यादा शुगर, जंक फूड और प्रोसेस्ड चीजें खाने से शरीर में सूजन बढ़ती है, जिससे स्किन की गुणवत्ता खराब होने लगती है.
पानी कम पीना भी एक ऐसी गलती है, जिसे लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं. शरीर में पानी की कमी होने से स्किन सूखी और खुरदरी हो जाती है, जिससे फाइन लाइन्स जल्दी दिखने लगती हैं. वहीं, लंबे समय तक बैठे रहना और शारीरिक गतिविधि की कमी भी ब्लड सर्कुलेशन को प्रभावित करती है, जिससे स्किन तक जरूरी पोषण नहीं पहुंच पाता. यही वजह है कि एक्सरसाइज को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है.
इसके अलावा, धूम्रपान और शराब जैसी आदतें भी एजिंग को तेजी से बढ़ाती हैं. ये न सिर्फ स्किन को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि शरीर के अंदर भी कई तरह की समस्याएं पैदा करती हैं. साथ ही, बहुत ज्यादा स्किन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल या बार-बार चेहरे को रगड़ना भी स्किन बैरियर को कमजोर कर देता है. इससे त्वचा अपनी नैचुरल नमी खो देती है और जल्दी बूढ़ी दिखने लगती है.
About the Author
विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18…और पढ़ें
.