ईरान- अमेरिका और इजरायल के बीच जंग के कारण भारतीय ग्रैंडमास्टर कोनेरू हंपी इस महीने साइप्रस में होने वाले प्रतिष्ठित कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगी। उन्होंने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच मेजबान देश में सुरक्षा की स्थिति को लेकर चिंता जताई है। अब उन्होंने इस टूर्नामेंट से नाम वापस लेने का फैसला किया है। हंपी ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी है।
इस दौरान हम्पी ने लिखा कि, बहुत सोचने के बाद मैंने फिडे महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट से हटने का मु्श्किल फैसला लिया है। वहीं अब हंपी की जगह यूक्रेन की अन्रा मुजिचुक को शामिल किया गया है।
शनिवार से पाफोस में शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट से विश्व चैम्पियनशिप खिताब के चैलेंजर का निर्धारण होगा। इस समय ओपन वर्ग में डी गुकेश और महिला वर्ग में जू वेंजुन विश्व चैम्पियन हैं। दो बार महिला विश्व रैपिड चैम्पियन हम्पी ने आयोजकों से आश्वासन मिलने के बावजूद निजी सुरक्षा को लेकर चिंता का हवाला देते हुए टूर्नामेंट से नाम वापिस ले लिया।
वहीं फिडे ने एक बयान में कहा,‘‘टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार हम्पी की जगह महिला इवेंट्स सीरिज 2024-25 में अगला सर्वश्रेष्ठ स्थान पाने वाली खिलाड़ी को दी गई है जिसने अभी तक क्वालीफाई नहीं किया है। यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक यह टूर्नामेंट खेलेंगी।’’ वह महिला विश्व रैपिड चैम्पियन (2016) और दो बार महिला विश्व ब्लिट्ज चैम्पियन (2014 और 2016) रह चुकी हैं।
फिलहाल, हम्पी पर टूर्नामेंट से हटने पर 10000 यूरो जुर्माना लग सकता है। हालांकि, फिडे ने अभी इस पर फैसला नहीं लिया है। हम्पी के नाम वापिस लेने से भारत की उम्मीदों को झटका लगा है। उनके अलावा आर प्रज्ञानानंदा (ओपन वर्ग), आर वैशाली (महिला वर्ग) और विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख ने इसके लिये क्वालीफाई किया है।
.