Ramnavami 2026 Puja Vidhi: हिंदू धर्म में रामनवमी का खास महत्व होता है. मान्यता है कि इसी दिन भगवान श्रीराम का जन्म हुआ था. कहते हैं कि इस दिन सच्चे मन से पूजा करने से जीवन के दुख दूर होते हैं और घर में सुख-समृद्धि आती है. इस दिन भक्त व्रत रखते हैं, भजन-कीर्तन करते हैं और रामायण का पाठ भी करते हैं.
कब मनाई जाएगी रामनवमी 2026
हिंदू पंचांग के अनुसार, नवमी तिथि 26 मार्च 2026 को सुबह 11:48 बजे के आसपास शुरू होगी और 27 मार्च 2026 को सुबह 10:06 बजे समाप्त होगी. ऐसे में कई लोग 26 मार्च को भी मनाएंगे, लेकिन जो उदया तिथि मानते हैं, वे 27 मार्च को रामनवमी मनाएंगे.
ऐसे करें आसान पूजा विधि
रामनवमी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें, अगर हो सके तो पीले या लाल रंग के कपड़े पहनें. इसके बाद पूजा स्थान को साफ करके गंगाजल छिड़कें और भगवान राम की मूर्ति या फोटो स्थापित करें. फिर उन्हें चंदन, अक्षत, फूल और वस्त्र अर्पित करें. धूप-दीप जलाकर फल और मिठाई का भोग लगाएं और राम जी के मंत्रों का जाप करें. अंत में आरती करें और घर के मुख्य द्वार पर तोरण जरूर सजाएं.
मनोकामना पूरी करने के 3 आसान उपाय
1. रामचरितमानस का पाठ
सुबह स्नान के बाद रामचरितमानस के बालकांड का पाठ करें. इससे मन शांत होता है और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है.
2. तुलसी की माला चढ़ाएं
तुलसी के 108 पत्तों पर “श्रीराम” लिखकर माला बनाएं और भगवान को अर्पित करें. मान्यता है कि इससे भगवान राम जल्दी प्रसन्न होते हैं.
3. चना और गुड़ का दान
राम मंदिर में सवा किलो चने की दाल और गुड़ दान करें. इससे जीवन में सुख-समृद्धि आने लगती है और मनोकामनाएं पूरी होती हैं.
क्यों माना जा रहा खास साल
उज्जैन के आचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार इस साल रामनवमी कई शुभ योगों में मनाई जाएगी, जिससे इसका महत्व और भी बढ़ गया है. ऐसे में इस दिन किए गए पूजा-पाठ और उपाय का फल कई गुना ज्यादा मिलता है.
क्या रखें ध्यान
इस दिन मन शांत रखें, किसी से विवाद न करें और जितना हो सके भगवान राम का नाम जपते रहें. यही सबसे बड़ा उपाय माना जाता है.
.