Last Updated:
Khirni Fruit Benefits: खिरनी फल न केवल स्वादिष्ट है बल्कि पोषक तत्वों का भी समृद्ध स्रोत है. इसमें मौजूद विटामिन्स, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं और पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं. आयुर्वेद विशेषज्ञों के अनुसार, इसका सेवन गर्मी में शरीर को ठंडक और ऊर्जा प्रदान करता है. खिरनी के बीज से निकलने वाला तेल औषधीय कार्यों में उपयोगी है, जबकि इसकी लकड़ी भी काम आती है. सीमित सीजन और अधिक मांग के कारण यह फल बाजार में खास आकर्षण बना हुआ है.
बीकानेर. गर्मी का मौसम शुरू होते ही बाजारों में मौसमी फलों की बहार नजर आने लगती है. आम, तरबूज और खरबूजे के बीच इन दिनों एक ऐसा फल भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है, जो न सिर्फ स्वादिष्ट है बल्कि सेहत के लिहाज से भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. हम बात कर रहे हैं खिरनी फल की. जिसकी इन दिनों बीकानेर सहित राजस्थान के कई शहरों में अच्छी खासी मांग देखने को मिल रही है. खास बात यह है कि खिरनी का सीजन बहुत छोटा होता है. बीकानेर जैसे इलाकों में यह फल महज 8 से 10 दिनों के लिए ही बाजार में उपलब्ध रहता है.
पोषक तत्वों का भंडार है खिरनी फल
दिखने में खिरनी फल काफी हद तक नीम की निंबोली जैसा लगता है, लेकिन स्वाद के मामले में यह बिल्कुल अलग होता है. जहां निंबोली कड़वी होती है, वहीं खिरनी मीठा, मुलायम और रसदार होता है. इसका स्वाद इतना खास होता है कि एक बार खाने के बाद लोग इसे दोबारा लेने से खुद को रोक नहीं पाते. महंगा होने के बावजूद लोग इसके स्वाद और फायदों को देखते हुए इसे खरीदना पसंद कर रहे हैं. आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि खिरनी फल पोषक तत्वों का भंडार है. इसमें विटामिन्स, एंटीऑक्सीडेंट्स, प्रोटीन और फाइबर भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद करता है और पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है. गर्मी के मौसम में इसका सेवन शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ ऊर्जा प्रदान करता है, जिससे कमजोरी और थकान दूर रहती है.
खिरनी का बीज भी है बेहद उपयोगी
उन्होंने बताया कि खिरनी के बीज भी काफी उपयोगी माने जाते हैं. इनके बीज से तेल निकाला जाता है, जिसका उपयोग औषधीय कार्यों में किया जाता है. वहीं खिरनी के पेड़ की लकड़ी भी कई प्रकार के कामों में इस्तेमाल की जाती है, जिससे यह पेड़ हर दृष्टि से उपयोगी साबित होता है. खिरनी का नियमित सेवन शरीर को कई बीमारियों से बचाने में सहायक हो सकता है. इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं और स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं.
About the Author
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
.