Last Updated:
Til Khane Ke Fayde: तिल, जितना छोटा दिखता है, उतना ही बड़ा फायदा देता है. हेल्थलाइन के मुताबिक, तिल में पोषण इतना भरपूर है कि महंगे ड्राई फ्रूट्स की जगह आसानी से ले सकता है. रोज़ाना सिर्फ एक चम्मच तिल खाने से शरीर को ढेर सारे फायदे मिलते हैं. अब आइए जानते हैं कैसे.
सबसे पहले बात करें दिल की. तिल में ओमेगा-6 फैटी एसिड और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मदद करते हैं. मतलब, दिल की बीमारियों का खतरा कम होता है और ब्लड सर्कुलेशन भी बढ़िया रहता है. छोटे तिल का ये सुपर पावर आपको महंगे सप्लीमेंट्स लेने की जरूरत ही नहीं पड़ने देता.

हड्डियों की मजबूती की बात करें तो तिल इसमें भी अव्वल है. इसमें कैल्शियम और मैग्नीशियम पर्याप्त मात्रा में मौजूद होते हैं, जो हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाते हैं. हेल्थलाइन के अनुसार, रोज़ाना तिल खाने से ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं का खतरा भी कम हो जाता है. यानी अगर आप तिल को डाइट में शामिल कर लें तो हड्डियों की समस्या दूर रख सकते हैं.

त्वचा और बालों के लिए भी तिल सुपरफूड है. इसमें विटामिन ई और जिंक भरपूर होते हैं. इसका मतलब है कि त्वचा में चमक आती है और बाल मजबूत बनते हैं. अगर आपके बाल झड़ते हैं या त्वचा रूखी लगती है, तो तिल को अपनी डाइट में शामिल करना शानदार विकल्प है.

वजन कंट्रोल में भी तिल मददगार है. इसमें फाइबर की अच्छी मात्रा होती है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखती है और भूख को नियंत्रित करती है. हेल्थलाइन के मुताबिक, मोटापे से बचने के लिए भी तिल बहुत अच्छा उपाय है.

डायबिटीज के मरीजों के लिए भी तिल वरदान साबित हो सकता है. इसमें मौजूद सेसमोलिन और सेसामिन ब्लड शुगर लेवल को संतुलित रखने में मदद करते हैं. यानी ब्लड शुगर की चपेट में रहने वालों के लिए ये छोटा तिल बड़ा आराम कर सकता है.

यही नहीं, शरीर के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी तिल काफी फायदेमंद हो सकता है. इसमें मौजूद मैग्नीशियम और प्रोटीन दिमाग को हेल्दी रखने में मदद करता है और तनाव को दूर कर रिलैक्स करने में भी मदद करते हैं. इसके सेवन से आप नींद को भी बेहतर बना सकते हैं.

छोटे तिल के इतने सारे फायदे देखकर ये कहना गलत नहीं होगा कि यह महंगे ड्राई फ्रूट्स का बेहतर विकल्प है. हेल्थलाइन के मुताबिक, तिल को सलाद, पराठा या सीधे स्नैक के साथ भी खाया जा सकता है. इस तरह कहा जा सकता है कि रोज़ाना थोड़ी मात्रा में तिल खाने से शरीर और दिमाग दोनों को लंबे समय तक फायदा मिलता है.

तो अगली बार जब भी आप हेल्दी स्नैक चुनें, तिल को भूलें नहीं. छोटे आकार के ये सुपरफूड, आपके शरीर के लिए बड़े फायदे लेकर आता है. (Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)