सिर्फ 20 मिनट में तैयार करें ऐसी पाव भाजी, जिसे खाकर भूल जाएंगे स्ट्रीट फूड वाला टेस्‍ट

Pav Bhaji Recipe: आपका मन अचानक कुछ चटपटा और मजेदार खाने का हो जाए, तो सबसे पहले दिमाग में जो नाम आता है वो है पाव भाजी. सड़क किनारे मिलने वाली गर्मागर्म, बटर से लदी भाजी और हल्के क्रिस्प पाव का कॉम्बिनेशन किसी का भी दिल जीत लेता है, लेकिन हर बार बाहर जाकर खाना मुमकिन नहीं होता. ऐसे में अगर वही स्ट्रीट स्टाइल स्वाद घर पर ही मिल जाए, तो बात ही अलग है. अच्छी बात ये है कि पाव भाजी बनाना उतना मुश्किल नहीं है जितना लोग सोचते हैं. सही तरीका और एक छोटी सी ट्रिक अपनाकर आप इसे मिनटों में तैयार कर सकते हैं. इसमें इस्तेमाल होने वाली सब्जियां न सिर्फ इसे स्वादिष्ट बनाती हैं बल्कि हेल्दी भी रखती हैं. बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर कोई इसे बड़े चाव से खाता है.

वीकेंड हो, पार्टी हो या अचानक मेहमान आ जाएं, ये रेसिपी हर मौके पर काम आती है. बस कुछ बेसिक चीजें और थोड़ा सा टाइम, और आपके सामने होगी एकदम होटल जैसी पाव भाजी.

आवश्यक सामग्री
-उबले आलू – 2
-फूलगोभी – 1 कप
-हरी मटर – 1/2 कप
-शिमला मिर्च – 1/2 कप
-टमाटर – 2
-प्याज – 1
-अदरक-लहसुन पेस्ट – 1 चम्मच
-हरी मिर्च – 1
-पाव भाजी मसाला – 2 चम्मच
-लाल मिर्च पाउडर – 1/2 चम्मच
-हल्दी – 1/4 चम्मच
-नमक – स्वादानुसार
-मक्खन – 2-3 चम्मच
-नींबू – 1
-हरा धनिया – थोड़ा सा
-पाव – 8

झटपट पाव भाजी बनाने की आसान विधि
-सबसे पहले आलू, फूलगोभी और मटर को कुकर में हल्का नमक डालकर 2-3 सीटी तक उबाल लें. इसके बाद एक कढ़ाही लें और उसमें मक्खन गर्म करें. जब मक्खन पिघल जाए तो उसमें बारीक कटा प्याज डालकर हल्का गुलाबी होने तक भूनें.

-अब इसमें अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालकर 1-2 मिनट तक पकाएं. इसके बाद कटे हुए टमाटर डालें और उन्हें अच्छी तरह नरम होने दें.

-जब टमाटर गल जाएं, तब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, पाव भाजी मसाला और नमक डालें. अब उबली हुई सब्जियों को मैश करके इसमें डाल दें और अच्छी तरह मिक्स करें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

-अब थोड़ा पानी डालकर इसे 5-7 मिनट तक पकने दें. बीच-बीच में मैश करते रहें ताकि भाजी स्मूद बन जाए. जब ऊपर हल्का मक्खन दिखने लगे, तो गैस बंद कर दें और ऊपर से नींबू का रस और हरा धनिया डाल दें.

-पाव को तवे पर मक्खन लगाकर दोनों तरफ से हल्का क्रिस्प होने तक सेंक लें. अब गरमा-गरम भाजी को पाव, प्याज और नींबू के साथ सर्व करें.

स्पेशल ट्रिक जिससे आएगा स्ट्रीट स्टाइल स्वाद
अगर आप चाहते हैं कि आपकी पाव भाजी बिल्कुल बाहर जैसी लगे, तो आखिर में थोड़ा ज्यादा बटर और एक चुटकी पाव भाजी मसाला डालकर 2 मिनट और पकाएं. यही छोटा सा स्टेप फ्लेवर को कई गुना बढ़ा देता है.

क्यों है ये रेसिपी सबकी फेवरेट
पाव भाजी की खास बात ये है कि इसमें आप अपनी पसंद की कोई भी सब्जी डाल सकते हैं. ये जल्दी बनती है, पेट भरती है और हर उम्र के लोगों को पसंद आती है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *