आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को लेकर एक बड़ा बयान सामने आया है. पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने CSK की अपनी पसंदीदा प्लेइंग कॉम्बिनेशन चुनी है. इसमें हैरानी की बात यह रही कि उन्होंने 12 खिलाड़ियों की टीम में भी महेंद्र सिंह धोनी को जगह नहीं दी. इस सुझाव ने फैंस के बीच नई बहस छेड़ दी है.
इरफान पठान का मानना है कि अब धोनी की भूमिका मैदान पर कम और टीम के भीतर मार्गदर्शक के तौर पर ज्यादा अहम हो सकती है. उनके अनुसार, पिछले कुछ सीजन में धोनी ज्यादातर आखिरी एक-दो ओवर में बल्लेबाजी के लिए आते रहे हैं. इससे फैंस को उनका रोमांचक अंदाज जरूर देखने को मिलता है, लेकिन टीम की रणनीति के लिहाज से यह हर मैच में बहुत बड़ा योगदान नहीं माना जा सकता है.
मेंटॉर की भूमिका में दिख सकते हैं धोनी
पठान का मानना है कि 44 साल के धोनी अब CSK की टीम को मजबूत करने पर फोकस करना चाहिए. उनका कहना है कि CSK के पास अब युवा और भविष्य के लीडर मौजूद हैं, जिन्हें तैयार करने की जरूरत है. इस कड़ी में उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ और हाल में टीम से जुड़े संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों का नाम भी अहम माना है.
इरफान के मुताबिक, अगर धोनी हर मैच में खेलते हैं तो कुछ दूसरे खिलाड़ियों के लिए जगह बनाना मुश्किल हो जाता है. उन्होंने खास तौर पर सरफराज खान का जिक्र किया और कहा कि वह नंबर-6 पर बड़ा असर छोड़ सकते हैं. ऐसे में टीम को भविष्य को ध्यान में रखते हुए फैसले लेने चाहिए.
इरफान पठान की चुनी हुई CSK की बेस्ट टीम
इरफान पठान ने CSK के लिए जो बेस्ट 12 खिलाड़ी चुने, उसमें संजू सैमसन और आयुष म्हात्रे को ओपनर के तौर पर रखा गया है. तीसरे नंबर पर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ हैं. इसके बाद शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस को मध्यक्रम में जगह दी गई है. नंबर-6 पर सरफराज खान को रखा गया है, जबकि कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर को ऑलराउंड विकल्प के रूप में शामिल किया गया. गेंदबाजी में अकील हुसैन, नूर अहमद और मैट हेनरी को जगह मिली है. वहीं खलील अहमद को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर चुना गया है.
इरफान पठान की टीम
संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे, ऋतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, सरफराज खान, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, अकील हुसैन, नूर अहमद, मैट हेनरी, खलील अहमद (इम्पैक्ट प्लेयर).
.